AI के आने से हजारों-लाखों नौकरियों पर खतरा आ गया है. सोशल मीडिया फर्म से लेकर आईटी फर्म तक ने कर्मचारियों को निकालने का ऐलान किया है. इस बीच, अमेरिका की दिग्गज कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने छंटनी की जगह एक अलग ही रास्ता निकाला है.
कर्मचारियों की अचानक छंटनी करने के बजाय, माइक्रोसॉफ्ट अमेरिका में अपने 7% कर्मचारियों को सेल्फ रिटायरमेंट का ऑप्शन दे रहा है. कंपनी को एआई के आने से कम कर्मचारियों में ज्यादा एक्सपोजर दिखाई दे रहा है. इसी कारण, माइक्रोसॉफ्ट ने ऐसा कदम पहली बार उठाया है.
अनुमान है कि सेल्फ रिटायरमेंट लेने का ऑफर करीब 9000 कर्मचारियों को दिया गया है. खबरों के मुताबिक, यह योजना अमेरिका में सीनियर डायरेक्टर लेवल और उससे नीचे के कर्मचारियों पर लागू होती है. एग्जिक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और ह्यूमन रिर्सोसेज ऑफिसर एमी कोलमैन ने बताया कि इसके लिए कर्मचारियों का चयन "70 के नियम" पर किया जाएगा. जिसके तहत किसी कर्मचारी की उम्र और माइक्रोसॉफ्ट में सेवा के सालों का योग 70 या उससे ज्यादा होना चाहिए.
माइक्रोसाफ्ट में इन नियमों में भी बदलाव
सेल्फ रिटायरमेंट के अलावा, माइक्रोसॉफ्ट ने परफॉर्मेंशन बेस्ड बोनस और स्टॉक के साथ एम्प्लाई रिवॉर्ड में भी बदलाव किया है. कंपनी सैलरी लेवल्स को नौ से घटकार पांच कर रही है. साथ ही परफॉर्मेंश सर्किल को भी हटा रही है, जिसके तहत पहले कर्मचारियों की रेटिंग के लिए आपस में तुलना की जाती थी.
इसके अलावा, माइक्रोसॉफ्ट स्टॉक रिवॉर्ड को कैश बोनस से अलग कर रहा है. इस तरह, मैनेजमेंट्स को अब स्टॉक रिवॉर्ड को कैश बोनस से सीधे जोड़ने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे कंपनी को सालाना मुआवजे के लिए ज्यादा लचीला और अल सिस्टम मिलेगा.
माइक्रोसॉफ्ट ने क्यों लिया ये फैसला?
दरअसल, हाल के महीनों में माइक्रोसॉफ्ट ने जनरेटिव एआई मॉडल चलाने में अपने क्लाउड कस्टमर्स की सहायता के लिए एआई इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने और डेटा सेंटर का विस्तार करने पर भारी खर्च किया है. इससे पहले, कंपनी ने ऑस्ट्रेलिया में एआई क्लाउड और इंफ्रास्ट्रक्चर पर 18 बिलियन डॉलर खर्च करने का ऐलान किया था. वहीं दूसरी ओर, कंपनी जापान में अपने एआई इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा देने के लिए चार वर्षों में 10 बिलियन डॉलर का निवेश करने जा रही है. इस तरह के कदम से कंपनी का निवेश लागत बढ़ा है और एआई इंफ्रा बढ़ाने से कर्मचारियों की ज्यादा जरूरत नहीं दिख रही है. इस कारण माइक्रोसॉफ्ट ने कर्मचारियों को सेल्फ रिटायरमेंट और कॉस्ट कम करने संबंधी फैसला लिया है.
अल्फाबेट और अमेजन समेत अन्य बड़ी तकनीकी दिग्गज कंपनियां भी अपनी क्लाउड और एआई क्षमताओं को बढ़ाने के लिए इसी तरह के कदम उठा रही हैं, क्योंकि नेक्स्ट जेनेरेशन के जनरेटिव एआई मॉडल को पॉवर देने के लिए प्रतिस्पर्धा तेज हो रही है.