कच्चे तेल में उबाल से तेल कंपनियों के हाथ-पांव फूल रहे हैं. हर दिन भारी नुकसान हो रहा है. एक अनुमान के मुताबिक तेल कंपनियों को रोजाना करीब 2000 करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है. क्योंकि कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बनी हुई है.
दरअसल, भारत करीब 85% तेल आयात करता है, और पिछले 15 दिनों में कच्चे तेल की कीमत 30 फीसदी से ज्यादा बढ़ चुकी है. ब्रोकरेज फर्म Systematix के मुताबिक मौजूदा समय में पेट्रोल पर कंपनियों को करीब 20 रुपये लीटर और डीजल पर 45 रुपये प्रति लीटर का घाटा हो रहा है.
कैसे पंप मालिक के लिए भी संकट?
अब सवाल उठता है कि जब तेल कंपनियों को नुकसान हो रहा है, तो क्या पेट्रोल पंप के मालिकों की कमाई पर भी असर होने वाला है? एक्सपर्ट के मुताबिक कच्चे तेल की कीमतों में उछाल का पेट्रोल पंप मालिकों की कमाई पर सीधा असर नहीं पड़ता है. भारत में पेट्रोल पंप डीलरों को प्रति लीटर एक तय कमीशन मिलता है, इसलिए कच्चे तेल के दाम बढ़ने या घटने से उनका प्रति लीटर मुनाफा लगभग समान रहता है.
हालांकि, जब कच्चा तेल महंगा होता है, तो फिर पेट्रोल और डीजल भी महंगे हो जाते हैं. इससे आम लोग और ट्रांसपोर्ट कंपनियां खर्च बचाने के लिए फ्यूल की खपत कम कर देते हैं. जिससे पेट्रोल-डीजल की बिक्री घट सकती है, फिलहाल देश में कच्चा तेल महंगा होने के बावजूद पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं बढ़े हैं. आम आदमी के लिए ये बड़ी राहत की बात है.
इसके अलावा महंगे तेल के कारण पंप मालिकों को स्टॉक खरीदने में ज्यादा पैसा लगाना पड़ता है, जिससे उनकी वर्किंग कैपिटल की जरूरत बढ़ जाती है. अगर कीमतों में अचानक गिरावट आ जाए, तो उन्हें स्टॉक लॉस भी उठाना पड़ सकता है. अब सवाल उठता है कि पेट्रोल पंप मालिक एक लीटर पेट्रोल-डीजल बेचने पर कितनी कमाई होती है.
दरअसल, देशों में वाहनों की संख्या हर दिन बढ़ती जा रही है, अभी भी 90 फीसदी से ज्यादा देश में पेट्रोल और डीजल की गाड़ियां बिकती हैं. फिर पेट्रोल पंप मालिकों की कमाई में उसी हिसाब से बढ़ रही है. आइए आपको बताते हैं कि पेट्रोल-डीजल पर पंप ऑनर को कैसे कमाई होती है. सरकार ने हर लीटर पेट्रोल-डीजल पर पंप ऑनर के लिए कमीशन तय किया हुआ है. पेट्रोल पंप उतना ही वसूलता है, पेट्रोल पंप ऑनर अपने मन से एक पैसा भी ज्यादा नहीं वसूल सकता.
दिल्ली में पंप मालिक को कितनी कमाई
आइए जानते हैं कि दिल्ली में एक लीटर पेट्रोल पर पंप ऑनर को कितना कमीशन मिलता है.
फिलहाल दिल्ली में एक लीटर पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपये है, पेट्रोल पंप ऑनर को इसमें से 4.39 रुपये मिलता है, यानी दिल्ली में 1 लीटर पेट्रोल पर पंप ऑनर को 4.39 रुपये की कमाई होती है. बता दें, दिल्ली में पेट्रोल का बेस प्राइस एवरेज 52.84 रुपये प्रति लीटर है, जिसपर एक्साइज ड्यूटी 21.90 रुपये है, जो कि केंद्र सरकार वसूलती है. एक लीटर पेट्रोल पर 15.40 रुपये का VAT वसूला जाता है, जो राज्य सरकार लेती है. इसके अलावा कुछ और छोटे-मोटे एवरेज चार्ज 0.26 रुपये लगाकर 1 लीटर पेट्रोल के दाम तय किए जाते हैं.
यानी दिल्ली में एक लीटर पेट्रोल पर पंप मालिक को 4.39 रुपये मिलता है. हालांकि इसमें पेट्रोल पंप मालिक को सारा खर्च निकालना होता है. एक पेट्रोल पंप पर दर्जनभर से ज्यादा कर्मचारी काम करते हैं, उनकी सैलरी से लेकर पेट्रोल पंप के रख-रखाव पर मोटा खर्च होता है. फिर भी ये फायदे का सौदा है.
मान लीजिए, एक पेट्रोल पंप पर दिनभर में 5000 लीटर पेट्रोल बिकता है, नियम के मुताबिक उसे कमीशन के तौर पर 21,950 रुपये मिलेंगे. इसमें 50 फीसदी रकम खर्च निकाल देने पर भी कम से कम 10 हजार रुपये हर दिन कमाई संभव है.
दिल्ली में एक लीटर डीजल पर पंप ऑनर को कितनी कमाई
अगर डीजल की बात करें तो दिल्ली में 1 लीटर पर 12.83 रुपये प्रति लीटर वैट (VAT) वसूला जाता है. जबकि केंद्र सरकार एक्साइज ड्यूटी (Excise Duty) 17.80 रुपये प्रति लीटर चार्ज कर रही है. एवरेज डीलर कमीशन 3.02 रुपये प्रति लीटर है, यानी हर एक लीटर डीजल बेचने पर पंप ऑनर के खाते में 3.02 रुपये जाता है, जो कम नहीं है. दिल्ली में डीजल का बेस प्राइस 53.76 रुपये प्रति लीटर है. इसके अलावा कुछ अन्य छोटे-मोटे चार्ज 0.26 रुपये वसूले जाते हैं. इसके बाद 1 लीटर डीजल के दाम तय होते हैं. 18 जुलाई 2025 को दिल्ली में 1 लीटर डीजल की कीमत (Diesel Price in Delhi) 87.67 रुपये प्रति लीटर थी. *
बता दें, बड़े वाहनों में खासकर कमर्शियल वाहनों में डीजल की खपत ज्यादा है, और हर लीटर पर पंप ऑनर को 3.02 रुपये मिलता है. एक अनुमान के मुताबिक अगर पंप 24 घंटे में 5000 लीटर डीजल बेचता है तो कमीशन के तौर पर उसे करीब 15,100 रुपये मिलेंगे, इसमें से आधा खर्च काट दें तो 7500 रुपये बचत संभव है, यानी पेट्रोल और डीजल दोनों के बिक्री के आंकड़ों को मिला दें तो एक घनी आबादी वाले इलाके में पेट्रोल पंप ऑनर आसानी से 15000 रुपये प्रति दिन कमाई कर सकता है.