अगर आप भी नवाबों के शहर लखनऊ में अपने सपनों का आशियाना बनाने या प्रॉपर्टी में निवेश करने की सोच कर रहे हैं, तो आपके लिए एक अच्छी खबर है. लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) आपके लिए उत्तर प्रदेश की अब तक की सबसे भव्य और बड़ी आवासीय परियोजना लेकर आ रहा है, जिसका नाम है 'वरुण विहार योजना'.
इस प्रोजेक्ट की सबसे खास बात यह है कि इसका काम बेहद तेजी से चल रहा है और उम्मीद जताई जा रही है कि जून से इस योजना की औपचारिक शुरुआत कर दी जाएगी. आगरा एक्सप्रेस-वे के पास स्थित यह योजना न केवल शहर के विस्तार को नई दिशा देगी, बल्कि लखनऊ के रियल एस्टेट मार्केट के लिए एक गेम-चेंजर साबित होगी.
वरुण विहार योजना उत्तर प्रदेश की अब तक की सबसे बड़ी आवासीय योजना है, जिसे आगरा एक्सप्रेस-वे के पास लगभग 6,580 एकड़ के विशाल क्षेत्र में विकसित करने का प्रस्ताव है. वरुण विहार को एक 'मिक्स्ड-यूज़' टाउनशिप के रूप में डिजाइन किया जा रहा है. इसमें विभिन्न जरूरतों के लिए अलग-अलग ज़ोन होंगे.
भूमि अधिग्रहण का काम जारी
'वरुण विहार योजना' को साकार करने की दिशा में भूमि अधिग्रहण और मुआवजे की कार्रवाई तेजी से चल रही है. योजना के लिए अब तक करीब 450 बीघा जमीन की रजिस्ट्री का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है, जिसमें से प्राधिकरण ने 105 बीघा भूमि पर अपना कब्जा भी प्राप्त कर लिया है. जमीन देने वाले किसानों के हितों का ध्यान रखते हुए, अब तक कुल ₹300 करोड़ की भारी-भरकम मुआवजा राशि का वितरण किया जा चुका है.
यह भी पढ़ें: स्पेन में मिल रहा है मुफ्त में घर, नौकरी का भी ऑफर, बस पूरी करनी होगी एक शर्त
प्रोजेक्ट के विस्तार को सुनिश्चित करने के लिए कुल 22,403 किसानों से चरणबद्ध तरीके से भूमि पंजीकरण की प्रक्रिया अभी भी जारी है, जिससे भविष्य की इस मेगा टाउनशिप के लिए आवश्यक भूमि का अधिग्रहण समय सीमा के भीतर पूरा किया जा सके.
इस मेगा टाउनशिप को 'ग्रीन सिटी' की अवधारणा पर विकसित किया जा रहा है, जिसमें पर्यावरण और खेल-कूद के लिए विशाल क्षेत्र आरक्षित किए गए हैं. योजना का लगभग 980 एकड़ से अधिक का हिस्सा ग्रीन बेल्ट, पार्कों और जल निकायों के रूप में विकसित किया जाएगा.
खेल प्रेमियों के लिए यहां एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का गोल्फ कोर्स और अत्याधुनिक खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी. इसके साथ ही पूरी टाउनशिप के लिए एक विशाल 'सेंट्रल पार्क' और प्रत्येक सेक्टर के लिए अलग से 'सेक्टर पार्कों' का निर्माण होगा. व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लगभग 300 एकड़ के क्षेत्र में एक समर्पित लॉजिस्टिक्स पार्क विकसित करने का प्रस्ताव है.
वरुण विहार योजना को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर स्मार्ट सिटी की तर्ज पर डिजाइन किया गया है. पूरी योजना को 25 सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जहां 15,000 से अधिक विभिन्न श्रेणियों के भूखंड उपलब्ध होंगे.
यह भी पढ़ें: अमेरिका-ईरान सीजफायर से दुबई रियल एस्टेट में लौटी रौनक, पूरे होंगे अटके सौदे