देश की राजधानी दिल्ली न केवल अपनी सत्ता और इतिहास के लिए जानी जाती है, बल्कि यहां का रियल एस्टेट मार्केट भी अक्सर चर्चाओं में रहता है. दिल्ली के कुछ इलाके ऐसे हैं, जहां घर लेना तो दूर, किराए पर रहना भी हर किसी के बस की बात नहीं है.
आमतौर पर मिडिल क्लास के लिए 2 BHK का मतलब ₹20,000 से ₹40,000 का किराया होता है, लेकिन दिल्ली के 'पॉश' इलाकों में यह आंकड़ा ₹1 लाख से ₹5 लाख महीने तक जा पहुंचता है.
यह भी पढ़ें: नोएडा प्राधिकरण का ₹10,290 करोड़ का बजट, पूरे होंगे अटके प्रोजेक्ट्स, नई स्कीमों को मंजूरी
चाणक्यपुरी
चाणक्यपुरी दिल्ली का सबसे सुरक्षित और वीवीआईपी इलाका है. यहां अधिकांश विदेशी दूतावास और उच्चायोग स्थित हैं. यहां 2 BHK फ्लैट्स की उपलब्धता बहुत कम है, लेकिन जो 'सर्विस अपार्टमेंट' या 'इंडिपेंडेंट फ्लोर' उपलब्ध हैं, उनका किराया ₹1.5 लाख से ₹2.5 लाख के बीच रहता है. यहां की हरियाली और कड़ी सुरक्षा इसे सबसे महंगा बनाती है.
जोर बाग और गोल्फ लिंक्स
लुटियंस दिल्ली के करीब स्थित जोर बाग और गोल्फ लिंक्स अपनी शांति और प्राइवेसी के लिए जाने जाते हैं. इन इलाकों में पुराने बंगलों के ऊपरी फ्लोर का किराया ₹1.75 लाख से ₹3 लाख तक जाता है. यहां रहने वालों में ज्यादातर बड़े बिजनेसमैन, वकील और विदेशी प्रतिनिधि शामिल होते हैं.
वसंत विहार
दक्षिण दिल्ली का यह इलाका हमेशा से अमीरों की पहली पसंद रहा है. यहां के 'सी-ब्लॉक' और 'ई-ब्लॉक' में बने नए लग्जरी इंडिपेंडेंट फ्लोर्स की काफी डिमांड है. वसंत विहार में एक अच्छी तरह से सुसज्जित (Fully Furnished) 2 BHK फ्लोर का मासिक किराया ₹1.2 लाख से ₹2 लाख तक होता है. यहां के क्लब और इंटरनेशनल स्कूलों की नजदीकी इसे और महंगा बनाती है.
शांति निकेतन और आनंद निकेतन
चाणक्यपुरी के पास स्थित ये दोनों कॉलोनियां बेहद 'एक्सक्लूसिव' मानी जाती हैं. 'MagicBricks' के हालिया डेटा के मुताबिक, आनंद निकेतन में कुछ प्रीमियम 2 BHK बिल्डर फ्लोर्स का किराया ₹1.5 लाख से ₹2.25 लाख तक दर्ज किया गया है. यहां की बनावट और 'लो-डेंसिटी' ही इसकी सबसे बड़ी खासियत है.
सुंदर नगर
पुराने किले और चिड़ियाघर के पास स्थित सुंदर नगर अपनी आर्ट गैलरीज और ऐतिहासिक महत्व के लिए प्रसिद्ध है. यहां के घर काफी बड़े और आलीशान होते हैं. यहां अगर कोई छोटा 2 BHK यूनिट भी उपलब्ध होता है, तो उसका किराया ₹1.25 लाख से ₹1.8 लाख के आसपास रहता है. यहां की सेंट्रल लोकेशन और हाई-प्रोफाइल पड़ोस इसे प्रीमियम श्रेणी में रखता है.
क्यों है इतना ज्यादा किराया?
रियल एस्टेट विशेषज्ञों के अनुसार, इन इलाकों में किराए के लाखों में होने के पीछे मुख्य रूप से तीन कारण हैं, इन इलाकों में नई इमारतों के निर्माण पर सख्त नियम हैं, जिससे घरों की संख्या सीमित है. यहां रहने वाले लोग केवल घर नहीं, बल्कि एक खास तरह का 'नेटवर्क' और 'स्टेटस' खरीदते हैं.
इन घरों में इटैलियन मार्बल, स्मार्ट होम ऑटोमेशन, प्राइवेट लिफ्ट और 100% पावर बैकअप जैसी सुविधाएं मानक होती हैं. अगर आप दिल्ली में लग्जरी लाइफस्टाइल की तलाश में हैं और आपका बजट अनुमति देता है, तो ये इलाके आपको दुनिया के सबसे बेहतरीन रिहायशी अनुभव प्रदान करते हैं. हालांकि, आम आदमी के लिए ये कीमतें किसी सपने जैसी लग सकती हैं.
यह भी पढ़ें: 2.5 लाख की सैलरी भी 2bhk फ्लैट के लिए कम, बेंगलुरु में प्रॉपर्टी रेट पर बहस