मिडिल ईस्ट में जंग जारी है, पाकिस्तान और अफगानिस्तान भी एक-दूसरे पर दनादन हमले कर रहे है. क्रूड के दाम आसमान पर हैं और दुनिया के शेयर बाजारों में जोरदार उतार-चढ़ाव बना हुआ है. इन सब ग्लोबल टेंशन के बीच मशहूर कितान 'रिच डैड पुअर डैड' के लेखक रॉबर्ट कियोसाकी ने बड़ी वॉर्निंग दी है. उन्होंने कहा है कि इतिहास का सबसे बड़ा बुलबुला अब फूटने के करीब है, लेकिन ये अमीर बनने का समय भी है. अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने सोना-चांदी और बिटकॉइन को इसका जरिया बताया है और नया टारगेट दिया है.
'एक पिन फोड़ देगी बुलबुला...'
Robert Kiyosaki ने सबसे बड़े फाइनेंशियल बुलबुले के फूटने की चेतावनी देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर (अब X) पर एक पोस्ट में लिखा, कि ये कभी भी फूट सकता है. एक पिन इस बुलबुले को फोड़ देगी और ये जल्द होगा, ये तय है. हालांकि, उन्होंने ये नहीं बताया कि कब तक. अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा कि जब ये बुलबुला फूटेगा, तो इसके एक साल बाद सोना-चांदी और बिटकॉइन-इथेरियम क्रिप्टोकरेंसी रॉकेट की रफ्तार से भागते हुए नए शिखर पर पहुंच जाएंगे.
BIGGEST BUBBLE BUST
— Robert Kiyosaki (@theRealKiyosaki) March 16, 2026
I do not know what pin, what event will pop the biggest bubbles in histor. What ever the event, the pin is near.
It’s not IF. It’s WHEN.
When the bubbles go bust I predict gold will hit $35,000 an ounce one year after the gold bubble goes pop..
I predict…
35000 डॉलर पर होगा सोना
रिच डैड पुअर डैड के लेखक ने अपनी पिछली एक्स पोस्ट में भी इतिहास का सबसे बड़ा क्रैश जल्द आने की चेतावनी दे चुके हैं और ये नई पोस्ट भी उसी से जुड़ी हुई है. उन्होंने आगे लिखा कि बुलबुला फूटने के बाद सोना और चांदी की कीमतें आसमान पर होंगी. अंतरराष्ट्रीय बाजार में Gold Rate 35000 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच जाएगा. बता दें कि कॉमेक्स पर सोना फिलहाल 5000 डॉलर के आस-पास है और कियोसाकी के अनुमान के मुताबिक इसका भाव सात गुना तक ज्यादा होगा.
न सिर्फ सोना, बल्कि रॉबर्ट कियोसाकी ने Silver के लिए भी अपने पुराने टारगेट प्राइस को सेट रखा है. उन्होंने अनुमान जाहिर किया है कि सोने की तरह फाइनेंशियल बुलबुला फूटने के बाद चांदी में बेतहाशा तेजी देखने को मिली और एक साल बाद Silver Price इंटरनेशनल मार्केट में 200 डॉलर प्रति औंस हो जाएगा.
ये क्रिप्टोकरेंसी करेंगी कमाल
कियोसाकी सोशल मीडिया पर खासे एक्टिव रहते हैं और आए दिन अपनी पोस्ट के जरिए निवेशकों को सलाह देते रहते हैं, इनमें सबसे ऊपर Gold-Silver और Bitcoin रहता है. इस बार भी सोना-चांदी के साथ उन्होंने बिटकॉइन क्रिप्टो के 7,50,000 डॉलर पर पहुंचने की भविष्यवाणी की है. इसके अलावा उन्होंने एक और क्रिप्टो इथेरियम पर अपना भरोसा बढ़ाया है और इसके लिए नया टारगेट 95,000 डॉलर सेट किया है.
क्या ये अमीर बनने का मौका होगा?
मशहूर लेखक हमेशा से ही सोना-चांदी और बिटकॉइन को अमीर बनने का जरिया बताते रहे हैं और खुद का उदाहरण देकर इन एसेट्स में निवेश की सलाह देते रहे हैं. अपनी इस नई पोस्ट में हालांकि, उन्होंने इन कीमती धातुओं और क्रिप्टो को बड़ा टारगेट दिया है, लेकिन उन्होंने यूजर्स से सवाल किया है कि क्या उन्हें लगता है कि ग्रेट फाइनेंशियल क्राइसिस के दौरान इनके दाम कहां होंगे, क्या ये अमीर बनने का मौका होगा? खबर लिखे जाने तक उनके Social Media पोस्ट को 4 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके थे.
(नोट- सोना-चांदी या अन्य निवेश से पहले अपने एक्सपर्ट्स की सलाह लेना जरूरी है.)