बिहार की राजधानी पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र में एक युवक का शव उसकी कथित प्रेमिका के घर से मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. युवक को गोली लगी थी और जब तक उसे अस्पताल पहुंचाया जाता, उसकी मौत हो चुकी थी. घटना को लेकर पुलिस और मृतक के परिजनों के अलग-अलग दावे सामने आने से मामला और उलझ गया है.
कुर्सी पर खून से लथपथ पड़ा था प्रेमी
जानकारी के अनुसार, कदमकुआं थाना क्षेत्र के खटाल गली इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक घर से गोली चलने की आवाज सुनाई दी. आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि एक युवक कुर्सी पर खून से लथपथ पड़ा हुआ है. घर में मौजूद महिलाओं ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान राहुल के रूप में हुई है. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि जिस घर से शव मिला, वह उसकी प्रेमिका का घर था.
प्रेमिका के घर पर हुई बहसबाजी
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है. पुलिस के अनुसार, प्रेमिका के घर में किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद युवक ने खुद को गोली मार ली. हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
वहीं दूसरी तरफ मृतक राहुल के परिवार ने इस पूरे मामले को हत्या बताया है. परिजनों का आरोप है कि राहुल की प्रेमिका और उसके परिवार ने मिलकर उसकी हत्या करवाई है. परिवार के मुताबिक राहुल एक शोरूम में काम करता था और घटना वाले दिन सुबह वह घर से खाना लेकर निकला था. परिजनों का कहना है कि प्रेमिका ने उसे जबरन अपने घर बुलाया था.
हाल में हुई थी प्रेमी की इंगेजमेंट
मृतक के परिजनों ने यह भी दावा किया कि राहुल का 6 मई को छेका हुआ था, जिससे उसकी प्रेमिका नाराज थी. इसी वजह से साजिश के तहत उसकी हत्या करवाई गई. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजन दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.
फिलहाल पुलिस ने प्रेमिका और उसके परिवार के कुछ सदस्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी.