'एयरपोर्ट और बंदरगाह से दूर रहें', जॉर्डन में अपने नागरिकों के अमेरिका की एडवाइजरी 

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब जॉर्डन पर भी दिखने लगा है. अमेरिकी दूतावास ने जॉर्डन के अकाबा शहर को लेकर सुरक्षा अलर्ट जारी करते हुए अपने नागरिकों को एयरपोर्ट और बंदरगाह से दूर रहने की सलाह दी है. हालांकि, जॉर्डन सरकार ने किसी भी खतरे या निकासी के दावे से इनकार किया है.

Advertisement
 जॉर्डन में अमेरिकी दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए सुरक्षा अलर्ट जारी किया है. (Photo: X) जॉर्डन में अमेरिकी दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए सुरक्षा अलर्ट जारी किया है. (Photo: X)

aajtak.in

  • अम्मान,
  • 19 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 10:27 PM IST

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने जॉर्डन में मौजूद अपने नागरिकों के लिए नया सुरक्षा अलर्ट जारी किया है. जॉर्डन स्थित अमेरिकी दूतावास ने रविवार को कहा कि दक्षिणी बंदरगाह शहर अकाबा (Aqaba) को लेकर एक विशिष्ट और विश्वसनीय खतरे की जानकारी मिली है. दूतावास ने अमेरिकी नागरिकों को अकाबा के इंटरनेशनल एयरपोर्ट और बंदरगाह की यात्रा से बचने की सलाह दी. अमेरिकी दूतावास ने यह भी दावा किया कि जॉर्डन के अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर दोनों परिसरों को खाली करा लिया है. हालांकि, जॉर्डन सरकार ने अमेरिकी दावे को खारिज कर दिया. 

Advertisement

जॉर्डन सरकार के प्रवक्ता मोहम्मद अल-मोमानी ने कहा कि अकाबा एयरपोर्ट या बंदरगाह को खाली कराने का कोई आदेश जारी नहीं किया गया है. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ घंटों में जॉर्डन की सुरक्षा एजेंसियों को किसी भी संभावित खतरे का पता नहीं चला है और एयरपोर्ट व बंदरगाह सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं. इस बीच, जॉर्डन की सशस्त्र सेनाओं ने दावा किया कि उन्होंने देश की ओर आ रही ईरान की तीन मिसाइलों को मार गिराया. एक ईरानी मिसाइल जॉर्डन के भीतर गिरी, लेकिन इस घटना में न तो कोई हताहत हुआ और न ही किसी तरह का संपत्ति का नुकसान हुआ.

यह भी पढ़ें: ईरान के कुवैत पर भीषण हमले जारी, जॉर्डन कोे भी बनाया निशाना

अमेरिकी नागरिकों के लिए एडवाइजरी

अमेरिकी दूतावास ने अपनी एडवाइजरी में जॉर्डन में अपने नागरिकों से सैन्य ठिकानों के आसपास नहीं जाने, भीड़भाड़ वाले इलाकों और प्रदर्शनों से दूर रहने तथा स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा है. साथ ही स्थानीय मीडिया पर नजर रखने और अमेरिका से जुड़े प्रतिष्ठानों के आसपास अतिरिक्त सतर्कता बरतने की भी सलाह दी गई है. दूतावास ने याद दिलाया कि 2 मार्च 2026 को अमेरिकी विदेश विभाग ने सुरक्षा कारणों से जॉर्डन से गैर-जरूरी सरकारी कर्मचारियों और उनके परिवारों को वापस बुलाने का आदेश दिया था. इसके अलावा यात्रियों से कहा गया है कि यदि उनकी उड़ान प्रभावित होती है तो वे संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें और स्मार्ट ट्रैवलर एनरोलमेंट प्रोग्राम (STEP) में पंजीकरण कर सुरक्षा संबंधी अपडेट प्राप्त करें.

Advertisement

अमेरिका-ईरान तनाव के बीच बढ़ी चिंता

यह सुरक्षा अलर्ट ऐसे समय जारी किया गया है जब अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य तनाव लगातार बढ़ रहा है. अमेरिकी सेना ने शनिवार को बताया था कि जॉर्डन में ईरानी हमले में दो अमेरिकी सैनिकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य सैनिक लापता है. जॉर्डन भी इस संघर्ष की चपेट में आता दिखाई दे रहा है. पिछले एक सप्ताह के दौरान जॉर्डन कई बार दावा कर चुका है कि उसकी वायुसेना ने उसके हवाई क्षेत्र से गुजर रही ईरानी मिसाइलों को मार गिराया है. अमेरिका और ईरान के बीच जारी हमलों के बीच पूरे क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति बेहद संवेदनशील बनी हुई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »