जर्मनी के उत्तरी शहर स्टाडे में सोमवार को हुई गोलीबारी की घटना में पांच लोगों की मौत हो गई. पुलिस ने इस मामले में संदिग्ध हमलावर समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है. जांच एजेंसियां अब इस हमले के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी हैं. यह गोलीबारी हैम्बर्ग के पश्चिम में स्थित करीब 50 हजार आबादी वाले स्टाडे शहर में हुई. अधिकारियों ने बताया कि घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच अभी जारी है.
पुलिस ने पुष्टि की कि संदिग्ध हमलावर को हिरासत में ले लिया गया है. इसके अलावा एक अन्य व्यक्ति को भी पकड़ा गया है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि दूसरे हिरासत में लिए गए व्यक्ति की भूमिका अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस ने यह भी कहा कि इस मामले में कोई अन्य संदिग्ध फरार नहीं है. पुलिस के मुताबिक, गोलीबारी में मारे गए सभी पांच लोग वयस्क थे. घटना के तुरंत बाद ल्यूनेबर्ग पुलिस मुख्यालय ने इलाके के लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की थी, ताकि आपातकालीन सेवाएं और सुरक्षाबल इलाके को सुरक्षित कर सकें.
यह भी पढ़ें: फ्रांस में शराब पीने पर रोक, इटली-स्पेन-जर्मनी समेत यूरोप में हीटवेव का हाई-अलर्ट: PHOTOS
स्थानीय मीडिया में शुरुआती खबरों में दावा किया गया था कि गोलीबारी स्टाडे शहर के केंद्र में स्थित एक यूथ सेंटर के पास हुई. हालांकि, पुलिस प्रवक्ता ने इन खबरों का खंडन किया और घटना की सटीक लोकेशन बताने से इनकार कर दिया. अधिकारियों ने अभी तक मृतकों की पहचान या गोलीबारी की वजह से जुड़ी कोई अतिरिक्त जानकारी साझा नहीं की है. मामले की जांच जारी है.
इससे पहले 30 अप्रैल को स्वीडन के उप्साला में वक्साला स्क्वायर के पास एक हेयर सैलून में गोलीबारी की घटना हुई थी, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई. शूटर स्कूटर पर सवार होकर भाग गया था. स्वीडन में हाल के वर्षों में गोलीबारी और हमलों की संख्या बढ़ी है. सरकार ने कहा कि वह देश के गन लॉ को सख्त करना चाहती है. इस साल फरवरी में भी, स्वीडन के ओरेब्रो शहर में एक एजुकेशन सेंटर में गोलीबारी की घटना में 10 लोग मारे गए थे.
aajtak.in