अपनी बदहाली और कंगाली से जूझ रहे पाकिस्तान के नेताओं की भारत विरोधी मानसिकता एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुलकर सामने आ गई है. पाकिस्तान पीपल्स पार्टी (PPP) के मौजूदा सीनेटर राणा महमूद-उल-हसन ने अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में आयोजित एक कार्यक्रम में भारत के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक, भड़काऊ और जहरीला भाषण दिया है.
"मारका-ए-हक" (Maarka-e-Haq) नामक इस कार्यक्रम में सीनेटर ने करीब एक घंटे तक चले अपने भाषण में भारत को पूरी तरह मिटाने की धमकी दी, परमाणु युद्ध की बातें कीं और कश्मीर के नाम पर आखिरी दम तक जिहाद और जंग लड़ने का आह्वान किया.
खुली धमकी पर उतरे सीनेटर
न्यूयॉर्क में मौजूद पाकिस्तानी प्रवासियों और पीपीपी समर्थकों के सामने सीनेटर राणा महमूद ने सीधे तौर पर भारत को अस्तित्व मिटाने की धमकी दी. उन्होंने मंच से चिल्लाते हुए कहा, "न समझोगे तो मिट जाओगे हिंदुस्तान वालों… न समझोगे तो मिट जाओगे हिंदुस्तान वालों… तुम्हारी दास्तां तक न होगी दास्तानों में!"
इतना ही नहीं, उन्होंने अपनी बढ़ती आबादी पर शेखी बघारते हुए दावा किया कि पाकिस्तान पहले से ही दुनिया का 5वां सबसे अधिक आबादी वाला देश (25-26 करोड़ लोग) है और अपनी विस्फोटक जन्म दर के साथ "जल्द ही अमेरिकाको भी पीछे छोड़ देगा."
यह भी पढ़ें: 'कहीं UAE भी अखंड भारत न बन जाए', दुबई को बेचारा बताकर PAK नेता ने इंडिया के खिलाफ जहर उगला
भारत के खिलाफ अपनी 'काल्पनिक जीत' का मनाया जश्न
पाकिस्तानी सीनेटर ने जमीनी हकीकत से वाकिफ होने के बावजूद भारत के खिलाफ सैन्य और कूटनीतिक मोर्चे पर अपनी 'काल्पनिक जीत' का जमकर जश्न मनाया. उन्होंने दावा किया, "पाकिस्तान ने उनको शिकस्त दी है… उनका गुरूर खाक में मिला दिया… उनका तकब्बुर जमींदोज कर दिया… उनको मुंह छुपाने के लिए जगह नहीं मिली."
जब पूरी दुनिया आतंकवाद और युद्ध के खिलाफ एकजुट हो रही है, तब पाकिस्तानी सीनेटर ने आत्मघाती और चरमपंथी सोच को बढ़ावा देते हुए कहा, "जब कुछ न बन सका तो डुबो देंगे सफीना (नाव)… हम लड़ेंगे आखिरी दम तक लड़ेंगे अपने मुल्क के दिफा (रक्षा) के लिए."
कश्मीर का पुराना राग अलापते हुए हसन ने कहा, "कश्मीर का मसला जब तक हल नहीं होगा… हम हर महाज (मोर्चे) पर लड़ेंगे. हर महाज पर जाके." उन्होंने सैन्य, कूटनीतिक और हर स्तर पर भारत से सीधे टकराव की बात कही.
भारत को बताया दुश्मन
भाषण के दौरान राणा महमूद-उल-हसन ने भारत को "दुश्मन हमसाया" (दुश्मन पड़ोसी) करार दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि भारत पाकिस्तान के भीतर बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) और तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) का समर्थन कर रहा है, लेकिन पाकिस्तानी एजेंसियां भारत की हर "शतरंज की चाल" पर नजर रख रही हैं.
रोहित शर्मा