रूसी तेल पर अमेरिका की ओर से जारी छूट चार दिनों बाद 16 मई को खत्म होने वाली है. अगर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रतिबंधों पर छूट आगे नहीं बढ़ाते हैं तो 16 मई के बाद रूसी तेल को बेचना-खरीदना प्रतिबंधित हो जाएगा. अब जबकि रूसी तेल खरीदने की छूट खत्म होने वाली है, पाकिस्तान को रूस से तेल खरीदने की सूझ रही है.
दरअसल, मॉस्को (रूस) स्थित पाकिस्तान के राजदूत फैसल नियाज तिर्मिजी ने कहा है कि होर्मुज स्ट्रेट में जारी संकट के बीच पाकिस्तान की सरकार रूस से तेल आयात बढ़ाने की योजना बना रही है.
रूस की सरकारी समाचार एजेंसी TASS से बातचीत में तिर्मिजी ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट संकट के कारण रूसी ऊर्जा संसाधनों की मांग बढ़ गई है.
उन्होंने कहा, 'हम अपनी जरूरत की केवल करीब 10% ऊर्जा खुद पैदा करते हैं, जबकि बाकी का आयात मुख्य रूप से खाड़ी देशों से होता है. इसलिए गंभीर संकट पैदा हो गया है और इसी वजह से हमने विकल्प तलाशने शुरू किए.'
उन्होंने कहा कि भविष्य में तुर्कमेनिस्तान और यहां तक कि रूस से दक्षिण एशिया तक वैकल्पिक पाइपलाइन प्रोजेक्ट्स पर भी चर्चा होगी.
तेल-गैस की भारी किल्लत झेल रहा पाकिस्तान
होर्मुज स्ट्रेट बंद होने से तेल सप्लाई बाधित हुई है, जिसके बाद पाकिस्तान में तेल-गैस की भारी किल्लत देखी गई है. ईंधन की कीमतों में भी भारी बढ़ोतरी हुई है जिससे आर्थिक बदहाली झेल रहे पाकिस्तान पर दबाव और बढ़ गया है.
ईरान ने 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमलों के जवाब में होर्मुज स्ट्रेट बंद कर दिया था. बाद में 8 अप्रैल को दोनों देशों के बीच अस्थायी संघर्षविराम हुआ. हालांकि, तनाव लगातार बरकरार है और दोनों देशों की तरफ से भड़काऊ बयानबाजी जारी है. होर्मुज में नाकेबंदी भी जारी है जिससे खाड़ी देशों का तेल और गैस एशिया के बाकी देशों तक नहीं पहुंच पा रहा है.
दुनिया के करीब पांचवें हिस्से का तेल और लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) होर्मुज स्ट्रेट से गुजरता है. यह खाड़ी क्षेत्र का प्रवेश द्वार और सऊदी अरब, इराक व कतर जैसे देशों के लिए प्रमुख निर्यात मार्ग है.
इंटरव्यू के दौरान तिर्मिजी ने कहा कि होर्मुज की स्थिति चिंता का विषय है. उन्होंने कहा, 'रूस तेल और ऊर्जा संसाधनों का बड़ा सप्लायर है. इसलिए हम अब मध्य एशिया और रूस से पाइपलाइन बनाने पर भी विचार कर रहे हैं.'
होर्मुज संकट के बीच पाकिस्तान की सरकार ने अगले एक सप्ताह के लिए पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 15 रुपये प्रति लीटर की भारी बढ़ोतरी कर दी.
पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 399.86 रुपये से बढ़कर 414.78 रुपये प्रति लीटर हो गई, जबकि हाई-स्पीड डीजल (HSD) की कीमत 399.58 रुपये से बढ़कर 414.58 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है.
आजतक इंटरनेशनल डेस्क