पाकिस्तान के कराची के पास अरब सागर में लापता हुए कार्गो विमान की तलाश लगातार दूसरे दिन भी जारी है. संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के शारजाह से कराची आ रहा K2 एयरवेज का बोइंग 737 कार्गो एयरक्राफ्ट मंगलवार रात उड़ान के दौरान अचानक रडार से गायब हो गया. विमान में पांच क्रू मेंबर सवार थे. उनका अब तक कोई सुराग नहीं मिला है.
पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी (PAA) के मुताबिक, कराची की प्राइवेट एयरलाइन का कार्गो एयरक्राफ्ट उड़ान के दौरान तेजी से नीचे उतरता और अचानक दिशा बदलता हुआ दिखाई दिया. इसके कुछ ही देर बाद विमान रडार से गायब हो गया. एयरक्राफ्ट से संपर्क मंगलवार रात 09.21 बजे (लोकल टाइम) कराची से करीब 300 किलोमीटर पश्चिम में टूट गया.
जानकारी के मुताबिक, विमान करीब 34,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, जब वह लापता हो गया. इससे पहले PAA ने कहा था कि मंगलवार रात 09.18 बजे विमान ने अपने नेविगेशनल सिस्टम में तकनीकी दिक्कत आने की सूचना कराची एरिया कंट्रोल सेंटर (ACC) को दी थी. इसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने विमान को तुरंत जरूरी गाइडेंस उपलब्ध कराई.
हालांकि, रात 09.22 बजे एयरक्राफ्ट को रडार पर तेजी से नीचे आते और अचानक हेडिंग बदलते हुए देखा गया. इसके बाद कराची से करीब 155 नॉटिकल माइल (NM) पश्चिम में विमान से रडार संपर्क और कम्युनिकेशन पूरी तरह टूट गया. एयरपोर्ट्स अथॉरिटी का मानना है कि विमान बलूचिस्तान तट पर ओरमारा के दक्षिण में अरब सागर के ऊपर लापता हुआ है.
सरकारी रेडियो पाकिस्तान के अनुसार, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल एविएशन अथॉरिटी (CAA), पाकिस्तान नेवी और पाकिस्तान एयर फोर्स (PAF) को सर्च ऑपरेशन में उपलब्ध सभी संसाधनों का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए हैं. PAA ने बताया कि इस बड़े सर्च ऑपरेशन में कई एजेंसियां एक साथ काम कर रही हैं.
पाकिस्तान नेवी के युद्धपोत PNS ज़ुल्फिकार और PNS हुनैन को समुद्र में तैनात किया गया है. इसके अलावा एक ATR एयरक्राफ्ट और पाकिस्तान एयर फोर्स भी तलाश अभियान में शामिल है. नेशनल शिपिंग कॉर्पोरेशन के कमर्शियल जहाजों को भी समुद्र में स्कैनिंग के लिए लगाया गया है, ताकि संसाधनों को एक साथ इस्तेमाल कर लापता विमान का जल्द पता लग सके.
हालांकि खराब मौसम और समुद्र की ऊंची लहरें सर्च ऑपरेशन में बड़ी चुनौती बनी हुई हैं. PAA ने कहा है कि अब तक विमान का कोई मलबा, ऑयल स्पिल या दूसरा कोई सुराग नहीं मिला है. लापता विमान में कैप्टन मुहम्मद रिजवान इदरीस, फर्स्ट ऑफिसर फैसल महमूद, लोडमास्टर मुहम्मद तौफीक खान, इंजीनियर आरिफ सिद्दीकी और मुहम्मद हामिद सवार थे.
aajtak.in