'अमेरिका आज करेगा भीषण हमला', ईरान को डोनाल्ड ट्रंप की नई धमकी

ईरान को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक के बाद एक बड़े दावे किए हैं. ट्रंप ने चेतावनी दी है कि यदि परमाणु समझौता नहीं हुआ तो अमेरिका ईरान पर कड़ा सैन्य हमला करेगा. साथ ही उन्होंने दावा किया कि अमेरिका लंबे समय से हर रात लाखों बैरल ईरानी तेल निकाल रहा है, जिससे वैश्विक बाजार में तेल की कीमतें नियंत्रित हैं.

Advertisement
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर भीषण हमले की चेतावनी दी. (Photo: Reuters) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर भीषण हमले की चेतावनी दी. (Photo: Reuters)

aajtak.in

  • वॉशिंगटन,
  • 10 जून 2026,
  • अपडेटेड 10:46 PM IST

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ और सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा बयान दिया है. ट्रंप ने व्हाइट हाउस  में पत्रकारों से बातचीत में कहा, 'हम उन पर हमला करने जा रहे हैं, बहुत जोरदार हमला करने जा रहे हैं.' अमेरिकी न्यूज चैनल Fox News के मुताबिक, ट्रंप ने आगे कहा, 'हमने कल उन पर जोरदार हमला किया था और आज भी हम उन पर फिर से कड़ा प्रहार करने जा रहे हैं.'

Advertisement

ईरान के साथ शांति समझौते पर सहमति नहीं बनने पर पूछे गए सवाल पर ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ऐसा समझौता चाहता है जो प्रभावी और स्थायी हो. उन्होंने कहा, 'हम ऐसा समझौता चाहते हैं जो वास्तव में काम करे और क्षेत्र में स्थिरता ला सके.' अमेरिकी राष्ट्रपति के मुताबिक, ईरान पहले ही इस बात पर सहमत हो चुका है कि वह परमाणु हथियार नहीं बनाएगा, लेकिन दोनों पक्षों के बीच होने वाले समझौते पर अभी औपचारिक हस्ताक्षर होना बाकी है.

ट्रंप ने संकेत दिया कि यदि वार्ता सफल नहीं होती है तो अमेरिका सैन्य कार्रवाई का रास्ता अपना सकता है. उनके इस बयान से पश्चिम एशिया में पहले से जारी तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है. बता दें कि अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु कार्यक्रम को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है. हाल के महीनों में दोनों देशों के बीच बातचीत के कई दौर हुए हैं, लेकिन अब तक अंतिम समझौते पर सहमति नहीं बन पाई है. ट्रंप ने ईरान को लेकर एक और बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि अमेरिका लंबे समय से ईरान से तेल निकाल रहा है और यह जानकारी पहली बार सार्वजनिक की जा रही है.

Advertisement

हम हर धमकी का मजबूती से सामना करेंगे: ईरान 

ट्रंप की धमकी पर प्रतिक्रिया देते हुए ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, 'महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे किसी भी देश और उसके नागरिकों की जीवनरेखा होते हैं. परिवहन नेटवर्क, बिजली व्यवस्था और जल आपूर्ति जैसी सेवाओं को निशाना बनाने की धमकियां ताकत का प्रदर्शन नहीं, बल्कि किसी राष्ट्र की दृढ़ इच्छाशक्ति के सामने हताशा का संकेत हैं. ईरान अपने विशेषज्ञों के ज्ञान और क्षमता, राष्ट्रीय एकता और एकजुटता के बल पर किसी भी दबाव या धमकी का मजबूती से सामना करेगा और अपने सिद्धांतों पर अडिग रहेगा.'


यह भी पढ़ें: 'डील में बहुत देर कर दी, अब कीमत चुकानी पड़ेगी', ईरान पर हमले के बाद जमकर बरसे ट्रंप, दी ये चेतावनी

हम ईरान से लाखों बैरल तेल निकाल रहे: ट्रंप

व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा, 'मैं आज पहली बार इसकी घोषणा कर रहा हूं, लेकिन हम हर रात लाखों बैरल तेल निकाल रहे हैं. ईरान को अब जाकर इसका पता चला है.' ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका द्वारा की जा रही इस कार्रवाई का असर वैश्विक तेल बाजार पर पड़ा है. उन्होंने कहा, 'लाखों बैरल तेल बाजार में आया है और यही वजह है कि तेल की कीमतें 85 से 90 डॉलर प्रति बैरल के आसपास हैं. अन्यथा इसकी कीमत 250 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकती थी.'

Advertisement

हालांकि, ट्रंप ने इस कथित अभियान या तेल निकासी की प्रक्रिया को लेकर कोई अतिरिक्त जानकारी नहीं दी और न ही यह स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई किस प्रकार की जा रही है. इस बीच ट्रंप ने दोहराया कि अमेरिका अब भी ईरान के साथ समझौते का इच्छुक है. उन्होंने कहा, 'हम ऐसा समझौता चाहते हैं जो सार्थक हो और वास्तव में काम करे.' ट्रंप के ताजा बयान ऐसे समय में आए हैं जब अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु कार्यक्रम, क्षेत्रीय सुरक्षा और समुद्री मार्गों की सुरक्षा को लेकर तनाव बना हुआ है. दोनों देशों के बीच बातचीत जारी है, लेकिन अंतिम समझौते पर अभी सहमति नहीं बन सकी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »