नेपाल में 'Gen Z' सरकार, बालेन शाह को बंपर लीड, ओली समेत दिग्गज नेताओं की हालत पस्त

Nepal Election Result 2026 Live Updates: नेपाल के आम चुनाव में शुरुआती रुझानों ने सियासी तस्वीर बदलने के संकेत दिए हैं. बालेन शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी शुरुआती बढ़त के साथ पारंपरिक दलों को चुनौती देती दिख रही है. करीब 60% मतदान के बीच केपी शर्मा ओली और गगन थापा जैसे दिग्गज भी मैदान में हैं. भ्रष्टाचार और सिस्टम बदलाव चुनाव के बड़े मुद्दे थे.

Advertisement
बालेन शाह RSP से उम्मीदवार हैं (फाइल फोटो- AFP) बालेन शाह RSP से उम्मीदवार हैं (फाइल फोटो- AFP)

पंकज दास

  • काठमांडू,
  • 06 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 1:17 AM IST

नेपाल चुनाव के शुरुआती रुझान आने लगे हैं. इसमें बालेन शाह के पक्ष में जबरदस्त लहर नजर आ रही है. शुरुआती रुझानों में उनकी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) आगे है, वहीं पुरानी पार्टियों की हालत खस्ता होती दिख रही है.

नेपाल में गुरुवार को लाखों लोगों ने मतदान किया. जेन-Z के हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बाद ये देश के पहले आम चुनाव हैं. उस विरोध प्रदर्शन की वजह से केपी शर्मा ओली के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार गिर गई थी. इस चुनाव में भ्रष्टाचार बड़ा मुद्दा है.

Advertisement

भारत इस चुनाव पर बारीकी से नजर रख रहा है जो राजनीतिक रूप से अस्थिर हिमालयी देश में एक स्थिर सरकार की उम्मीद कर रहा है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, 'हम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की, सरकार और नेपाल की जनता के साथ-साथ विभिन्न हितधारकों को पिछले साल असाधारण परिस्थितियों के बावजूद सफलतापूर्वक आयोजित हुए इन चुनावों के लिए बधाई देते हैं.'

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, नेपाल में 60 फीसदी के करीब मतदान हुआ है. नेपाल के कार्यवाहक मुख्य चुनाव आयुक्त राम प्रसाद भंडारी ने कहा कि प्रतिनिधि सभा के चुनाव शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण तरीके से संपन्न हुए हैं.

यहां देखें लाइव अपडेट्स...

नेपाल चुनाव का रात 9 बजे तक का अपडेट सामने आ गया है. 165 में से 157 सीटों के रुझान और नतीजे घोषित हो चुके हैं. अब तक की गिनती में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी 114 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. इसके अलावा नेपाली कांग्रेस 15 सीटों पर, यूएमएल 11, नेकपा 7, श्रम संस्कृति 6 और एक स्वतंत्र उम्मीदवार 1 सीट पर काबिज है. वहीं आरपीपी, प्रलोपा और जसपा के खाते में फिलहाल 1-1 सीट जाती दिख रही है.

Advertisement

- नेपाल में संसद की कुल 165 सीटों पर चुनाव हुए थे, जिनमें से दोपहर 3 बजे तक 113 सीटों के नतीजे और रुझान सामने आ चुके हैं. इन आंकड़ों में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी 86 सीटों के साथ सबसे आगे चल रही है. नेपाली कांग्रेस 10 सीटों, नेकपा 8 और यूएमएल महज 7 सीटों पर ही सिमटती दिख रही है. इसके अलावा आरपीपी और अन्य के खाते में फिलहाल 1-1 सीट ही जाती नजर आ रही है.

- बालेन शाह का प्रधानमंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है, अगर शुरुआती रुझान नतीजों में तब्दील होते हैं तो नेपाल में 36 सालों बाद किसी एक अकेली पार्टी को बहुमत मिलेगा.

अबतक की जानकारी के मुताबिक, 61 सीटों पर गिनती जारी है. इसमें से 52 सीटों पर बालेन की पार्टी को जबरदस्त बढ़त है. वहीं, नेपाली कांग्रेस 5 और यूएमएल 4 सीटों पर आगे चल रही है.

वहीं, शुरुआती रुझानों में ओली भी पिछड़ गए हैं. इसके अलावा कई पूर्व प्रधानमंत्री, कई पूर्व उप प्रधानमंत्री, कई मंत्री मतगणना में बहुत पीछे हैं.

रैपर बालेन शाह की लहर

पूर्व रैपर बालेन शाह, जो काठमांडू के मेयर भी रह चुके हैं, के नेतृत्व में नई राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) दो सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टियों - नेपाली कांग्रेस पार्टी और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (यूनिफाइड मार्क्सवादी-लेनिनवादी) के लिए कड़ी चुनौती पेश कर रही है.

Advertisement

2022 में गठित आरएसपी को चुनाव प्रचार के दौरान काफी समर्थन मिला है और शाह को प्रधानमंत्री पद का प्रबल दावेदार माना जा रहा है. दूसरी ओर, नेपाली कांग्रेस और सीपीएन (यूएमएल) उन सरकारों का हिस्सा थीं जिन्हें पिछले साल जेन-Z ने गिरा दिया था.

गगन थापा और ओली भी मैदान में

नेपाली कांग्रेस के अध्यक्ष गगन थापा अपनी पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार हैं, जबकि सीपीएन (यूएमएल) ने ओली को अपना प्रधानमंत्री पद का चेहरा बनाया है. थापा धनुषा-4 निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं.

नेपाल में कुल 1 करोड़ 89 लाख मतदाता हैं. कुल 275 सीटों के लिए मतदान होना है. वोटर्स First Past The Post (FPTP) या प्रत्यक्ष मतदान से 165 प्रतिनिधि सभा सदस्यों का चुनाव करेंगे, और Proportional Representation (PR) सिस्टम से 110 सदस्यों का चुनाव करेंगे.

प्रत्यक्ष मतदान के तहत 165 सीटों के लिए लगभग 3,400 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, और PR के माध्यम से 110 सीटों के लिए 3,135 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं.

बालेन शाह ने काठमांडू के गैरेगांव से अपना वोट डाला. वह झापा-5 सीट से चुनाव लड़ रहे हैं. पद से हटाए गए प्रधानमंत्री ओली ने भक्तपुर जिले के बलकोट से अपना वोट डाला.

चुनाव में कुलमान घिसिंग के नेतृत्व वाली उज्यालो नेपाल पार्टी और धरान के पूर्व मेयर हरका संपंग के नेतृत्व वाली श्रम शक्ति पार्टी भी ताकत आजमा रही हैं. लेकिन इन्हें केवल सीमित क्षेत्रों में ही समर्थन मिला है.

Advertisement

ओली को सत्ता से हटाए जाने के बाद, राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने 12 सितंबर को प्रतिनिधि सभा को भंग कर दिया और सुशीला कार्की को कार्यवाहक प्रधानमंत्री नियुक्त किया.

जेन-Z द्वारा उठाए गए प्रमुख मुद्दे भ्रष्टाचार विरोधी अभियान, सुशासन, भाई-भतीजावाद का अंत, राजनीतिक नेतृत्व में पीढ़ीगत परिवर्तन आदि हैं.

नेपाल में बुधवार से शुरू होने वाले चुनावों के लिए तीन दिन की छुट्टी घोषित की गई है.

चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, कुल 10,967 मतदान बूथ और 23,112 मतदान केंद्र थे. चुनाव में 65 राजनीतिक दलों ने भाग लिया.

नेपाल में पिछले 18 वर्षों में 14 सरकारें बदल चुकी हैं, जो हिमालयी राष्ट्र की राजनीतिक व्यवस्था की नाजुक प्रकृति को दर्शाती है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement