'वेस्ट बैंक में बड़े ऑपरेशन की तैयारी में इजरायल', नेतन्याहू ने किया ऐलान

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि उनका देश कब्जे वाले वेस्ट बैंक में बड़े स्तर पर कार्रवाई के लिए तैयार है. उनके इस बयान को इलाके में सैन्य अभियान तेज करने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है.

Advertisement
नेतन्याहू की वेस्ट बैंक को वॉर्निंग (Photo: Reuters) नेतन्याहू की वेस्ट बैंक को वॉर्निंग (Photo: Reuters)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 26 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 6:11 PM IST

इजरायल और फिलिस्तीन के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है. इसी बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि इजरायल कब्जे वाले वेस्ट बैंक में बड़े स्तर पर कार्रवाई के लिए तैयार है. उनके इस बयान को इलाके में सैन्य अभियान तेज करने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है.

अल जजीरा के मुताबिक, नेतन्याहू ने पत्रकारों से कहा कि सुरक्षा बलों को गांवों में जाने, तलाशी लेने, हथियार जब्त करने और लोगों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए हैं. क्षेत्र में जारी छापों और हिंसक झड़पों के बीच यह रुख काफी सख्त माना जा रहा है. बातचीत के दौरान यह बात जोर देकर कही गई कि 'आतंकी ठिकानों' के खिलाफ इजरायल व्यापक कदम उठाने के लिए पूरी तरह तैयार है. सेना का ध्यान इस समय पूरे इलाके में अपनी पकड़ मजबूत करने और सुरक्षा अभियानों को कड़ा करने पर केंद्रित है.

Advertisement

नेतन्याहू का यह बयान ऐसे समय आया है, जब वेस्ट बैंक में इजरायली सेना की छापेमारी जारी है. इसी दौरान कुछ इलाकों में इजरायली बस्तियों के लोगों की ओर से भी हमलों की खबरें सामने आई हैं. ऐसे में इस बयान को मौजूदा अभियान को और आगे बढ़ाने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है.

स्थानीय निवासियों का छलका दर्द

दूसरी तरफ, अल जजीरा से बात करते हुए 'यूथ अगेंस्ट सेटलमेंट्स' के संस्थापक ईसा अमरो ने जमीनी हकीकत बयां की. उनका कहना है कि कब्जे वाले क्षेत्रों में रहने वाले फिलिस्तीनी नागरिक हर दिन हिंसा का सामना करने को मजबूर हैं. हाल के महीनों में हमले काफी ज्यादा बढ़ गए हैं. जब भी कोई नागरिक अपने घर, परिवार या संपत्ति का बचाव करने की कोशिश करता है, उस पर हमला कर दिया जाता है या हिरासत में ले लिया जाता है.

Advertisement

ईसा अमरो ने दावा किया कि लगातार हमलों के डर से हाल के वर्षों में 20 से ज्यादा फिलिस्तीनी समुदाय अपने गांव छोड़ चुके हैं. उनके मुताबिक, सैकड़ों परिवार अपना घर, जमीन और बस्तियां छोड़ने को मजबूर हुए हैं. उन्होंने इसे 'जातीय सफाए' जैसा बताया.

फिलहाल वेस्ट बैंक में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं. एक तरफ इजरायली सेना का अभियान जारी है, दूसरी तरफ स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही कार्रवाई से आम नागरिकों की मुश्किलें बढ़ रही हैं. ऐसे में नेतन्याहू के ताजा बयान के बाद सबकी नजर इस बात पर है कि आने वाले दिनों में हालात किस दिशा में जाते हैं.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »