Advertisement

US-Israel Attacks Iran LIVE: 'ईरान ने चेतावनी नहीं मानी, अब जरूरत पड़ी तो सेना भी उतारूंगा', बोले डोनाल्ड ट्रंप

aajtak.in | नई दिल्ली | 02 मार्च 2026, 10:30 PM IST

US-Israel Iran War Live Updates: अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमले के बाद पूरा मिडिल ईस्ट जंग जैसे हालात के असर में हैं. तीनों देशों की सेनाएं लामबंद हैं और हमले जारी हैं. ईरान ने यूएस और इजरायल के हमलों का जवाब देते हुए मिडिल ईस्ट के अलग-अलग देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों और इजरायल के कई शहरों पर हमले किए हैं.

ट्रंप का दावा- ईरान के पास अमेरिका तक पहुंचने वाली मिसाइलें( फाइल फोटो)

अमेरिका और इजरायल ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए ईरान पर भीषण हमले किए जो तीसरे दिन भी जारी हैं. इसके जवाब में ईरान ने भी कई देशों में बने अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं, जिससे पूरे मिडिल ईस्ट में टकराव बढ़ता जा रहा है. दूसरी तरफ खामेनेई की मौत के बाद ईरान ने भी अपने तेवर से बता दिया है कि वो रुकने वाला नहीं है. ईरान की जामकरान मस्जिद पर इंतकाम का लाल झंडा फहराया गया है.

ईरान ने जवाबी हमले में 'करारा' जवाब देने का दावा करते हुए इजरायल और मिडिल ईस्ट में स्थित कई अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है. मिडिल ईस्ट के देशों ने अपने एयरस्पेस बंद कर दिए हैं, जबकि कई देशों ने अपने नागरिकों को एडवाइजरी जारी की है, जिसमें गैर-ज़रूरी मूवमेंट से बचने के लिए कहा गया है.

ईरान-इजरायल संघर्ष से जुड़े हर लाइव अपडेट के लिए LIVE ब्लॉग के साथ बने रहें...

10:25 PM (एक महीने पहले)

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा- जरूरत पड़ी तो सेना भी उतारूंगा

Posted by :- Vishnu Rawal

डोनाल्ड ट्रंप ने देर रात मीडिया से बात की. उन्होंने कहा कि ईरान पर हमले और तेज करेंगे. साथ ही उन्होंने कहा कि ईरान ने चेतावनी नहीं मानी, अब जरूरत पड़ी तो सेना भी उतारूंगा. ट्रंप ने आगे दावा किया कि उनके (ईरान) पास अमेरिका तक पहुंचने में सक्षम मिसाइलें हैं.

8:25 PM (एक महीने पहले)

स्पेन का बड़ा फैसला

Posted by :- Vishnu Rawal
7:05 PM (एक महीने पहले)

खामेनेई की घायल पत्नी की भी मौत

Posted by :- Ritu Tomar

अमेरिका और इजरायल के ज्वॉइंट ऑपरेशन में ईरान के 600 से ज्यादा ठिकानों पर हमले किए गए हैं. ईरान के सैन्य प्रतिष्ठानों को चुन-चुनकर निशाना बनाया जा रहा है. ईरानी मीडिया के हवाले से खबर है कि खामेनेई की घायल पत्नी की भी मौत हो गई है.

6:16 PM (एक महीने पहले)

पीएम मोदी ने बहरीन और सऊदी अरब को लगाया फोन

Posted by :- Vishnu Rawal

PM नरेंद्र मोदी ने आज 2 जरूरी बातचीत कीं. उन्होंने बहरीन के किंग हमाद बिन ईसा अल खलीफा से बात की. उन्होंने सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और PM मोहम्मद बिन सलमान अल सऊद से भी बात की. PM ने इन दोनों देशों पर हुए हमलों की निंदा की और दोनों देशों में मौजूद भारतीय समुदाय की सुरक्षा की बात की.

Advertisement
6:04 PM (एक महीने पहले)

QatarEnergy ने काम बंद किया

Posted by :- Vishnu Rawal

दुनिया की टॉप नैचुरल गैस प्रोड्यूसर में से एक, कतरएनर्जी का कहना है कि मिडल ईस्ट में युद्ध के चलते वह अपना LNG प्रोडक्शन रोक देगी. इसकी वजह से यूरोप में गैस की कीमतों में उछाल भी आ गया है.

5:32 PM (एक महीने पहले)

ईरान का यूएन को पत्र, कहा- जवाब नहीं देने से अपराधियों का हौसला बढ़ेगा

Posted by :- Vishnu Rawal

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने UN सेक्रेटरी-जनरल एंटोनियो गुटेरेस को एक पत्र लिखा है. उन्होंने ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमले को 'डरावना और क्राइम' बताया.

अराघची ने कहा कि इसका मजबूती से जवाब न देने से न सिर्फ अपराधियों का हौसला बढ़ेगा, बल्कि इंटरनेशनल कानूनी व्यवस्था की नींव को भी ऐसा नुकसान होगा जिसकी भरपाई न हो सके.

हमलों में सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत का जिक्र करते हुए, उन्होंने कहा कि ऐसे काम के गहरे और दूरगामी नतीजे होंगे, और इसकी पूरी ज़िम्मेदारी उन लोगों की है जिन्होंने इसे अंजाम दिया.

5:10 PM (एक महीने पहले)

बहरीन में वीजा और पासपोर्ट सेवा सस्पेंड

Posted by :- Vishnu Rawal

बहरीन के भारतीय दूतावास ने पोस्ट किया, 'इलाके के मौजूदा हालात के कारण, ICAC, बहरीन मॉल द्वारा दी जाने वाली भारतीय वीजा और पासपोर्ट सेवाएं अगली सूचना तक सस्पेंड रहेंगी.'

2:29 PM (एक महीने पहले)

Iran-Israel conflict: कांग्रेस ने खामेनेई की हत्या की निंदा की

Posted by :- Anurag

कांग्रेस ने ईरान के सर्वोच्च नेता अली ख़ामेनेई की हत्या की कड़े शब्दों में निंदा की है और इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन बताया है. पार्टी ने इस घटना को क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए एक बड़ा खतरा करार दिया है.
 

2:24 PM (एक महीने पहले)

Iran-Israel conflict: यूरोप में गैस कीमतें 22 फीसदी उछलीं

Posted by :- Anurag

मध्य पूर्व में बढ़ते भू-राजनीतिक तनावों के चलते यूरोप में प्राकृतिक गैस की कीमतों में भारी उछाल दर्ज किया गया है. AFP की रिपोर्ट के अनुसार, प्राकृतिक गैस के दाम लगभग 22 फीसदी तक बढ़ गए हैं, जो 2022 के गैस बाजार संकट के बाद से सबसे बड़ी वृद्धि में से एक है.

Advertisement
2:16 PM (एक महीने पहले)

Iran-Israel conflict: परमाणु हालात पर अनिश्चितता, IAEA का ईरान से संपर्क अब तक बेनतीजा

Posted by :- Anurag

अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) के प्रमुख रफाएल ग्रोसी ने बताया है कि ईरान के परमाणु नियामक अधिकारियों से संपर्क स्थापित करने के प्रयास जारी हैं, लेकिन अब तक उन्हें कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली है.

इनपुट: शिवानी शर्मा/ एएफपी

2:13 PM (एक महीने पहले)

US Iran Latest News: ईरानी ड्रोन हमले के बाद सऊदी में रास तनुरा रिफाइनरी बंद, ब्रेंट क्रूड में उछाल

Posted by :- Anurag

ईरान के ड्रोन हमले के बाद सऊदी की अरामको ने रास तनुरा रिफाइनरी एहतियातन बंद कर दी है. सऊदी अरामको के द्वारा रिफाइनरी बंद करने की खबरों के बाद ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतें बढ़ गई हैं. पूरी खबर को आप यहां क्लिक कर सकते हैं - यह भी पढ़ें: सऊदी में दुनिया की सबसे बड़ी रिफाइनरी Aramco पर ईरान ने किया ड्रोन अटैक

 

2:06 PM (एक महीने पहले)

Israel-Iran War LIVE: US-इजरायल हमलों में ईरान में 555 लोगों की मौत

Posted by :- Anurag

ईरान में अमेरिकी-इजरायली हमलों की शुरुआत के बाद से अब तक 555 लोग मारे गए हैं, यह जानकारी राज्य मीडिया ने रेड क्रिसेंट के हवाले से दी है. इन हमलों ने क्षेत्र में तनाव को और अधिक बढ़ा दिया है और मानविक संकट को जन्म दिया है.

इनपुट: रॉयटर्स
 

1:59 PM (एक महीने पहले)

Israel-Iran War LIVE: श्रीनगर के शाल्टेंग में आंसू गैस की बौछार, खामेनेई की हत्या पर निकला मार्च रोका तो भड़की झड़प

Posted by :- Anurag

श्रीनगर के शालटैंग क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में आंसू गैस के गोले दागे जब शिया समुदाय के शोक मना रहे लोगों ने अपने खामेनेई की हत्या के खिलाफ विरोध मार्च निकालने की कोशिश की. प्रशासन द्वारा लगाए गए पाबंदियों के कारण पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, जिससे दोनों पक्षों के बीच टकराव हो गया.
 

इनपुट: मीर फरीद

1:48 PM (एक महीने पहले)

China on Israel-Iran War: चीन का आरोप- ईरान पर स्ट्राइक से पहले हमें सूचना नहीं मिली

Posted by :- Anurag

चीन की विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि चीन को अमेरिका की सैन्य कार्रवाई की पूर्व सूचना नहीं दी गई. यह बयान इसी संदर्भ में दिया गया जब उनसे पूछा गया कि क्या अमेरिका ने ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल के सैन्य हमलों से पहले या दौरान चीन से संपर्क किया था.

इनपुट: ग्लोबल टाइम्स

Advertisement
1:43 PM (एक महीने पहले)

Kuwait Army Statement: अमेरिकी सैन्य विमान हुए दुर्घटनाग्रस्त

Posted by :- Aman

कुवैत सेना ने बयान जारी कर बताया कि आज सुबह कई अमेरिकी सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गए. उन्होंने जानकारी दी कि सभी विमान कर्मी पूरी तरह सुरक्षित हैं. रक्षा मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि संबंधित अधिकारियों ने तुरंत सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. सभी कर्मियों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी स्वास्थ्य जांच की गई और आवश्यक मेडिकल हेल्प दी गई.
 



(Input: Pranay)

1:17 PM (एक महीने पहले)

Israel-Iran War LIVE: चीन ने कहा- हम UNSC के साथ हैं, वेस्ट एशिया जंग में सुरक्षा परिषद की भूमिका जरूरी

Posted by :- Anurag

इजरायल और ईरान के बीच बढ़ती जंग की स्थिति के बीच, चीन के विदेश मंत्रालय ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की अहमियत पर जोर देते हुए उसकी सक्रिय भूमिका को जारी रखने का समर्थन किया है. चीन ने साफ किया है कि वैश्विक शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सुरक्षा परिषद का समर्पित और संतुलित रोल आवश्यक है.

इनपुट: रॉयटर्स

1:14 PM (एक महीने पहले)

Israel-Iran War LIVE: ‘ट्रंप की महत्वाकांक्षा ने बढ़ाया संकट’, बोले ईरान सुरक्षा परिषद के प्रमुख

Posted by :- Anurag

अली लारीजानी, ईरान की सुप्रीम नेशनल सेक्योरिटी काउंसिल के सेक्रेटरी, ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि ट्रंप ने अपनी "भ्रमित महत्वाकांक्षाओं" के कारण क्षेत्र को अराजकता में धकेल दिया. उन्होंने कहा कि ट्रंप अब अमेरिकी सैनिकों की बढ़ती हताहत संख्या को लेकर चिंतित हैं, जबकि इससे पहले उन्होंने अमेरिकी सैनिकों को इज़रायल के सत्ता समीकरण के लिए बलिदान किया.

यह भी पढ़ें: US-इजरायल से जंग के बीच ईरान में फंसे अमेठी के स्टूडेंट्स, परिजनों ने लगाई PM मोदी से गुहार

1:10 PM (एक महीने पहले)

Israel-Iran Conflict: ‘हमने हमेशा शांति की अपील की’, वेस्ट एशिया संकट पर बोले पीएम मोदी

Posted by :- Anurag

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम एशिया में बढ़ते संकट को लेकर गहरी चिंता जताई है. उन्होंने कहा है कि भारत हमेशा से शांति और स्थिरता के लिए अपील करता रहा है और आगे भी इसी दिशा में कार्य करता रहेगा. वर्तमान समय में पश्चिम एशिया का संकट न केवल इस क्षेत्र के लिए, बल्कि वैश्विक शांति के लिए भी एक गंभीर चुनौती है.

यह भी पढ़ें: LIVE: भारत को यूरेनियम देगा कनाडा, पीएम मोदी-कार्नी की मुलाकात में कई समझौतों पर हुए साइन

1:05 PM (एक महीने पहले)

Israel-Iran War LIVE: ब्रिटेन-फ्रांस-जर्मनी को ईरान की दो टूक, ‘आत्मरक्षा नहीं रोकेंगे’

Posted by :- Anurag

ऑस्ट्रिया में ईरान का दूतावास, दोनों देशों के बीच कूटनीतिक संबंधों का एक महत्वपूर्ण केंद्र है. दूतावास ने एक्स पर पोस्ट करते हुए ब्रिटेन-फ्रांस-जर्मनी को दो टूक जवाब दिया है. ईरान का कहना है कि वह संप्रभुता की रक्षा में कोई कसर नहीं छोड़ेगा.

 

Advertisement
12:56 PM (एक महीने पहले)

Iran-Israel conflict impact on India: ऑपरेशन संकल्प के तहत समुद्री सुरक्षा कड़ी, खाड़ी क्षेत्र में युद्धपोत तैनात

Posted by :- Anurag

ईरान पर US-इजरायल हमलों के बाद वेस्ट एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारतीय नौसेना हाई अलर्ट पर है. जरूरत पड़ने पर संघर्ष क्षेत्र से भारतीयों की सुरक्षित निकासी के लिए ऑपरेशन चलाने की तैयारी में है. खाड़ी क्षेत्र में युद्धपोत तैनात हैं और स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है.

12:46 PM (एक महीने पहले)

Iran-Israel conflict impact on India: ईरान संकट के बीच हाई अलर्ट पर भारतीय नौसेना

Posted by :- Anurag

भारत की नौसेना हाई अलर्ट पर है. अगर जरूरत पड़ी तो भारतीय नौसेना को मिडिल ईस्ट में फंसे भारतीयों को सुरक्षित निकालने का ऑपरेशन शुरू करने की पूरी क्षमता प्राप्त है.

1 मार्च को दिल्ली में देर रात आयोजित कॉर्प्स कमांडर्स समिति (CCS) की बैठक में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान भी मौजूद थे. इंडिया टुडे को रक्षा अधिकारियों से प्राप्त सूचनाओं के अनुसार, दक्षिण ब्लॉक मुख्यालय में नौसेना और वायुसेना लगातार ईरान की स्थिति पर नजर रखे हुए हैं.

इनपुट: मंजीत नेगी

12:41 PM (एक महीने पहले)

Iran-Israel conflict impact on India: तेलंगाना सरकार अलर्ट मोड में, दिल्ली से MEA और दूतावासों से समन्वय तेज

Posted by :- Anurag

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के निर्देशन में, तेलंगाना सरकार मध्य पूर्व (पश्चिम एशिया) के कुछ देशों में व्याप्त वर्तमान स्थिति पर गहन निगरानी रख रही है. इस गंभीर स्थिति के बीच, तेलंगाना भवन, नई दिल्ली के वरिष्ठ अधिकारी भारत सरकार के विदेश मंत्रालय और संबंधित भारतीय दूतावासों के साथ लगातार सम्पर्क में हैं ताकि स्थिति का मूल्यांकन किया जा सके.

इस क्षेत्र में रह रहे तेलंगाना के नागरिकों तथा उनके परिवारों की सहायता के लिए, जिनमें फंसे हुए लोग भी शामिल हैं, सरकार ने नई दिल्ली के तेलंगाना भवन में 24×7 कंट्रोल रूम स्थापित किया है.

कंट्रोल रूम सम्पर्क नंबर निम्नलिखित हैं:

- श्रीमती वंदना बरुआ (पीएस टू रेजिडेंट कमिश्नर और लाइजन हेड): +91 9871999044
- श्री सी.एच. चक्रवर्ती (पब्लिक रिलेशन ऑफिसर): +91 9958322143
- श्री जावेद हुसैन (लाइजन ऑफिसर): 9910014749
- श्री रक्षित नाइक (लाइजन ऑफिसर): +91 9643723157

इनपुट: अब्दुल बशीर

12:31 PM (एक महीने पहले)

Israel-Iran War LIVE: कुवैत में ईरानी हमले के बाद US दूतावास परिसर में आग और धुआं उठता देखा गया

Posted by :- Anurag

कुवैत स्थित अमेरिकी दूतावास परिसर में आग और धुएं की खबरें सामने आई हैं. इस हमले के पीछे ईरान का हाथ माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है. 

इनपुट: AP
 

12:29 PM (एक महीने पहले)

Iran-Israel conflict: बढ़ते प्रदर्शन के बीच गिलगित और स्कर्दू में कर्फ्यू, पाक सेना उतरेगी सड़कों पर

Posted by :- Anurag

गिलगित-बाल्टिस्तान सरकार ने सुरक्षा स्थिति बिगड़ने के मद्देनजर कुछ इलाकों में कर्फ्यू लगाने का आदेश दिया है और पाकिस्तान आर्मी के सैनिकों की तैनाती की मांग की है. यह कदम क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की गंभीर स्थिति के कारण उठाया गया है.1 मार्च को जारी एक पत्र में, गिलगित-बाल्टिस्तान गृह और जेल विभाग ने एफसीएनए कमांडर को जिलों गिलगित और स्कर्दू में सेना तैनात करने का निर्देश दिया है. इस आदेश में बताया गया है कि ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामेनेई की हत्या की खबर के बाद बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हुए हैं, जो क्षेत्र की शांति और सुरक्षा के लिए खतरा बन गए हैं.

इनपुट: शिवानी शर्मा

Advertisement
12:26 PM (एक महीने पहले)

US Iran Latest News: दुबई में कैसे हैं हालात?

Posted by :- Anurag

ईरान ने दुबई में मिसाइल से हमला किया था. ग्राउंड जीरो पर क्या हालात हैं, यह जानने के लिए आजतक ने जर्नलिस्ट नूरी कायनात से बात की है.

 

12:08 PM (एक महीने पहले)

Iran-Israel conflict: श्रीनगर में खामेनेई की मौत के खिलाफ प्रदर्शन जारी, पूरे कश्मीर में कड़ी पाबंदियां

Posted by :- Anurag

श्रीनगर में ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामेनेई की हत्या के विरोध में प्रदर्शन जारी हैं, जबकि कश्मीर के सभी जिलों में सुरक्षा कारणों से कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं. 

यह भी पढ़ें: B2 बॉम्बर से रीपर ड्रोन तक... ये 23 हथियार लेकर ईरान पर टूट पर पड़ा है अमेरिका

इनपुट: मीर फरीद

12:02 PM (एक महीने पहले)

Israel-Iran War impact on India: दिल्ली एयरपोर्ट पर फंसे 10 स्पेनिश यात्री

Posted by :- Anurag

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर स्पेन के मैड्रिड से आए दस यात्री फंसे हुए हैं. ये यात्री आज यानी 2 मार्च को सुबह 4 बजे उड़ान EY 219 (एतिहाद एयरलाइन) से दिल्ली से मैड्रिड के लिए उड़ान भरने वाले थे, लेकिन हवाई सीमा प्रतिबंधों के कारण उनकी फ्लाइट रद्द कर दी गई है. इस रद्दीकरण का असर आज और कल, दोनों दिनों के लिए लागू है.

इनपुट: अमित भारद्वाज

11:57 AM (एक महीने पहले)

US and Iran News LIVE: कुवैत में मिसाइल-ड्रोन खतरा, US दूतावास ने नागरिकों से कहा- घरों में ही शरण लें

Posted by :- Anurag

अमेरिका के विदेश विभाग के कंसुलर मामलों की ओर से जारी चेतावनी में कहा गया है कि कुवैत में मिसाइल और UAV (ड्रोन) हमलों का खतरा जारी है. अमेरिकी दूतावास ने कुवैती क्षेत्र में रहने वाले अमेरिकी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे दूतावास में न आएं और अपने आवास में सबसे निचली मंजिल पर, खिड़कियों से दूर, रहकर आश्रय लें. सुरक्षा कारणों से बाहर न निकलें.
 

11:48 AM (एक महीने पहले)

जंग का असर कोलकाता एयरपोर्ट पर, Emirates से Flydubai तक कई उड़ानें रद्द

Posted by :- Anurag

वर्तमान युद्ध स्थिति के चलते कोलकाता हवाई अड्डे पर आज कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को रद्द किया गया है, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है. यह कदम सुरक्षा कारणों और उड़ान संचालन में व्यवधान के मद्देनजर उठाया गया है. नीचे दी गई सूची में आज रद्द की गई प्रमुख एयरलाइंस की आगमन और प्रस्थान फ्लाइटों का विवरण दिया गया है.

  • एमिरेट्स एयरलाइंस: आज कुल 4 आगमन और 4 प्रस्थान फ्लाइटें रद्द की गई हैं. एमिरेट्स की ये उड़ानें कोलकाता और दुबई के बीच संचालित होती हैं, जो यात्रियों के लिए मुख्य मार्ग हैं.
  • कतर एयरवेज: कतर एयरवेज की 2 आगमन और 2 प्रस्थान उड़ानें भी युद्ध की परिस्थितियों के कारण रोक दी गई हैं. ये उड़ानें कोलकाता और दोहा के बीच थीं.
  • एतिहाद एयरवेज: एतिहाद की 2 आगमन और 2 प्रस्थान फ्लाइटें भी आज रद्द की गई हैं, जो अबू धाबी और कोलकाता के बीच उड़ान भरती थीं.
  • एयर अरेबिया: एयर अरेबिया की एक आगमन और एक प्रस्थान फ्लाइट भी युद्ध की अनिश्चितताओं के कारण प्रभावित हुई है.
  • फ्लाई दुबई: फ्लाई दुबई की एक आगमन और एक प्रस्थान उड़ान भी रद्द की गई है, जिससे कई प्रवासी और यात्री प्रभावित हुए हैं.

इनपुट: अनुपम और इंद्रजीत कुंडू

Advertisement
11:31 AM (एक महीने पहले)

कुवैत सिटी में US दूतावास, बहरीन में 5th फ्लीट HQ और जॉर्डन पर ईरानी मिसाइल हमला जारी

Posted by :- Anurag

ईरान ने कुवैत सिटी में अमेरिकी दूतावास, बहरीन के मनामा में अमेरिकी नौसेना की 5वीं फ्लीट के मुख्यालय, और जॉर्डन में अमेरिकी ठिकानों को लक्षित करते हुए मिसाइल हमला किया है. ये हमले मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का परिणाम हैं और क्षेत्रीय सुरक्षा पर गंभीर प्रभाव डाल सकते हैं.

इनपुट: शिवानी शर्मा

11:16 AM (एक महीने पहले)

US fighter crash in Kuwait: कुवैत में अमेरिकी जेट हुआ क्रैश

Posted by :- Anurag

कुवैत एयरस्पेस में एक अमेरिकी फाइटर जेट के क्रैश होने की खबर है. पैट्रियट मिसाइल सिस्टम द्वारा गलत पहचान या IFF खराबी की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है. एक पायलट ने खुद को सुरक्षित इजेक्ट कर लिया. पूरी खबर को यहां क्लिक कर पढ़ें - कुवैत में अमेरिकी फाइटर जेट क्रैश, पायलट ने खुद को किया इजेक्ट - VIDEO

 

 

इनपुट: शिवानी शर्मा

11:09 AM (एक महीने पहले)

Israel Iran War LIVE: पाकिस्तान में हिंसक प्रदर्शन में 35 की मौत

Posted by :- Anurag

पाकिस्तान में अमेरिकी-इज़रायली हवाई हमलों के खिलाफ और ईरानी कमांड और कंट्रोल के वरिष्ठ अधिकारियों समेत अली खमेनेई की हत्याकांड के बाद प्रदर्शन भड़क उठे. इन विरोध प्रदर्शनों में देश के कई हिस्सों से हिंसक संघर्षों की खबरें सामने आईं, जिनमें कुल 35 नागरिकों के मारे जाने की पुष्टि हुई है.

सबसे अधिक 16 लोग कराची में मारे गए, जहां प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच टकराव हुआ. गिलगिट में सात, स्कर्दू में छह और इस्लामाबाद में छह लोगों की मौत हुई.

यह भी पढ़ें: AI ने पहले ही बता दी थी ईरान पर हमले की तारीख, Elon Musk ने भी कही ये बात

इनपुट: शिवानी शर्मा

11:04 AM (एक महीने पहले)

Israel Iran War LIVE: ब्रिटिश एयर बेस पर शाहेद ड्रोन की टक्कर, साइप्रस के राष्ट्रपति ने बताया

Posted by :- Anurag

साइप्रस के राष्ट्रपति ने कहा है कि ब्रिटिश वायु सेना का अक्ट्रिटिरी एयर बेस एक शाहिद ड्रोन द्वारा हमला किया गया. यह घटना मध्य पूर्व और यूरोप के सुरक्षा पर गंभीर चिंताएं उत्पन्न करती है. अक्ट्रिटिरी एयर बेस, जो कि साइप्रस में स्थित है, ब्रिटेन की सबसे महत्वपूर्ण सैन्य संपत्तियों में से एक है और इसे क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए अहम माना जाता है.

10:58 AM (एक महीने पहले)

Israel Iran War LIVE: तेहरान के वैलियसर स्क्वायर में खामेनेई के सम्मान में विशाल बैनर

Posted by :- Anurag

तेहरान के वलियासर चौक में एक विशाल बैनर का अनावरण किया गया है, जो आयातुल्लाह खामेनेई को श्रद्धांजलि समर्पित है. इस बैनर पर लिखा है, "हे लोगों! खामेनेई का भगवान जीवित है!".
 

Advertisement
10:52 AM (एक महीने पहले)

Israel Iran war: हिज्जबुल्ला नेता मोहम्मद राद इजरायल हमले में मारा गया

Posted by :- Anurag

फ्रांस के रक्षा मंत्री ने बताया कि अबू धाबी के बंदरगाह पर स्थित एक फ्रांसीसी नौसैनिक आधार में ईरानी ड्रोन हमले के कारण एक हैंगर को नुकसान पहुंचा है. ब्रिटिश रक्षा मंत्री जॉन हीली ने बताया है कि ईरान से चलाए गए मिसाइल और ड्रोन हमले बहरीन में तैनात लगभग 300 ब्रिटिश सैन्य कर्मियों के बेहद करीब हुए. यह हमले कुछ सौ गज की दूरी पर थे, जिससे ब्रिटिश बलों की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं.
 

10:35 AM (एक महीने पहले)

Israel Iran war: हिजबुल्लाह नेता मोहम्मद राद इजरायल हमले में मारा गया

Posted by :- Anurag

इजरायल की ओर से किए गए हमले में हिजबुल्लाह को बड़ा नुक़सान पहुंचा है. हिजबुल्लाह नेता मोहम्मद राद इजरायली स्ट्राइक में मारा गया है.

इनपुट: जेरूसलम पोस्ट

10:33 AM (एक महीने पहले)

Iran-Israel conflict: कुवैत के आसमान में हलचल, एयर डिफेंस ने ड्रोन खतरा टाला

Posted by :- Anurag

कुवैत सिविल डिफेंस ने रुमैथिया और सॉलवा इलाकों के पास उड़ रहे संदिग्ध ड्रोन को ट्रैक कर एयर डिफेंस सिस्टम की मदद से सफलतापूर्वक इंटरसेप्ट किया है.

यह भी पढ़ें: ईरान को 'पर्ल हार्बर' वाला दर्द फील करा रहा अमेरिका, 9 नेवल शिप डुबोए... देखिए सैटेलाइट तस्वीरें
 

10:22 AM (एक महीने पहले)

Iran-Israel conflict: पाकिस्तान में US दूतावास अलर्ट पर

Posted by :- Anurag

अमेरिकी दूतावास इस्लामाबाद ने पाकिस्तान में वर्तमान स्थिति को लेकर चेतावनी जारी की है. दूतावास ने बताया कि लाहौर स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास पर चल रहे प्रदर्शन और कराची के अमेरिकी वाणिज्य दूतावास पर हिंसक विरोध प्रदर्शन की सूचना मिल रही है. इसके अलावा, इस्लामाबाद में अमेरिकी दूतावास और पेशावर के अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के सामने भी अतिरिक्त प्रदर्शन के आह्वान हो रहे हैं. अमेरिकी सरकार के कर्मचारियों को निर्देश दिया गया है कि वे तब तक अपनी आवाजाही सीमित रखें जब तक अन्य सूचना न दी जाए.

यह भी पढ़ें: खामेनेई की मौत के बाद भारत में हाई अलर्ट... दूतावासों की बढ़ी सुरक्षा, गृह मंत्रालय के सख्त निर्देश
 

10:02 AM (एक महीने पहले)

इजरायल के हमलों में कम से कम 10 लोगों की मौत

Posted by :- Aman

ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है. इजरायल के हमलों के चलते बेरूत के दक्षिणी इलाकों में कम से कम 10 लोगों के मारे जाने की खबर सामने आई है.

Advertisement
9:41 AM (एक महीने पहले)

साइप्रस में ब्रिटिश बेस पर ड्रोन हमला, नुकसान की पुष्टि

Posted by :- Anurag

साइप्रस ने पुष्टि की है कि उसके द्वीप पर स्थित एक ब्रिटिश सैन्य ठिकाने को ड्रोन हमले का निशाना बनाया गया था. इस हमले से ठिकाने को गंभीर नुकसान पहुंचा है, हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं आई है. यह घटना क्षेत्रीय सुरक्षा और राजनीतिक स्थिरता के संदर्भ में चिंता का विषय बनी हुई है.

इनपुट: AP

9:37 AM (एक महीने पहले)

Israel-Iran War LIVE: ईरानी सुप्रीम लीडर की हत्या के विरोध में डोडा-किश्तवाड़ में बंद का आह्वान

Posted by :- Anurag

डोडा और किश्तवार जिलों में शिया और अन्य मुस्लिम धार्मिक संगठनों ने आज बंद का आह्वान किया है. यह बंद ईरान के सुप्रीम नेता की हत्या के विरोध में आयोजित किया गया है. जम्मू डिवीजन के ये दोनों जिले धार्मिक और सामाजिक रूप से संवेदनशील क्षेत्र हैं, जहां इस तरह के घटनाक्रम का गहरा असर पड़ता है.

यह भी पढ़ें: युद्ध से यूपी के 6 हजार परिवारों की बढ़ी धड़कनें, अलर्ट मोड में योगी सरकार

9:32 AM (एक महीने पहले)

War impact on Share Market: सेंसेक्स 2743 अंक टूटा, निफ्टी 519 अंक गिरा

Posted by :- Anurag

ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के कारण भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई है. सेंसेक्स में 2743 अंक यानी 3.38% की भारी गिरावट देखी गई और यह 78,543 अंक पर खुला. वहीं, निफ्टी इंडेक्स में भी 519 अंक या 2.06% का नुकसान हुआ, जो इसे 24,659 अंक पर ले आया.

9:27 AM (एक महीने पहले)

War impact on Share Market: मिडिल ईस्ट जंग से एशियाई बाजार सहमे, निक्केई 2 फीसदी से ज्यादा टूटा

Posted by :- Anurag

एशियाई शेयर सोमवार को खुलते ही नीचे गिर गए, यह गिरावट अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमलों के बाद देखी गई. इस घटना के कारण निवेशकों में तनाव और अनिश्चितता बढ़ गई है, जिसके परिणामस्वरूप बाजार में भारी दबाव देखा गया.

जापान का निक्की 225 इंडेक्स शुरुआत में 2 फीसदी से अधिक गिर गया, लेकिन सुबह के मध्य तक यह 1.3 फीसदी की गिरावट के साथ 58,073.01 के स्तर पर ट्रेड कर रहा था. इस गिरावट के पीछे प्रमुख कारण मध्य पूर्व से तेल की आपूर्ति में संभावित रुकावट की आशंका है. 

यह भी पढ़ें: पुणे के 90 MBA स्टूडेंट्स, ठाणे के 23 लोग दुबई में फंसे... मिडिल ईस्ट की जंग से विमान यात्रा पर मुसीबत 

इनपुट: एपी

9:17 AM (एक महीने पहले)

जंग की आग बाजार तक पहुंची, सोमवार को प्री-ओपन मार्केट में सेंसेक्स में 1000 अंकों की गिरावट

Posted by :- Anurag

मिडिल ईस्ट में छिड़ी जंग का असर भारतीय शेयर बाजार पर भी देखने को मिला है. सोमवार को प्री-ओपन मार्केट में सेंसेक्स 1000 अंक तक टूट गया. पूरी खबर को यहां क्लिक कर पढ़ें - ईरान पर हमले से बाजारों में भगदड़... प्री-ओपेन मार्केट में 1000 अंक टूटा सेंसेक्‍स, 10% उछला कच्‍चा तेल
 

Advertisement
9:05 AM (एक महीने पहले)

US Iran Latest News: इराकी शिया मिलिशिया का दावा - बगदाद एयरपोर्ट पर US फोर्सेज को निशाना बनाकर ड्रोन हमला

Posted by :- Anurag

इराक की राजधानी बगदाद के एक हवाई अड्डे पर अमेरिकी सैनिकों को निशाना बनाते हुए एक ड्रोन हमले की खबर ने क्षेत्र में तनाव को फिर से बढ़ा दिया है. एपी समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, स्थानीय शियाई मिलिशिया समूह ने इस हमले की जिम्मेदारी स्वीकार की है और इसे अमेरिकी सेना के खिलाफ एक सशक्त संदेश बताया है.

यह भी पढ़ें: ईरान के हमले में तीन अमेरिकी सैनिक कहां मारे गए? कैसे हुआ ये हमला, पूरी डिटेल
 

8:54 AM (एक महीने पहले)

'हम डरे हुए थे...', IGI एयरपोर्ट पर उमराह यात्रियों के परिजनों की चिंता

Posted by :- Anurag

दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर एक यात्री डॉ. रफिया खान ने बताया, "मेरे माता-पिता उमराह के लिए सऊदी अरब गए हैं. हम उन्हें छोड़ने के लिए यहां आए हैं. हमने बस उन्हें विदा किया है. हमें बताया गया है कि सऊदी अरब के सभी फ्लाइट शेड्यूल के अनुसार समय पर चल रहे हैं."

डॉ. खान ने आगे बताया, "आज खाड़ी क्षेत्र में तनाव की खबरों के कारण हमें चिंता थी, क्योंकि हमारा परिवार एक ऐसे क्षेत्र जा रहा है जो युद्ध जैसी स्थिति में है. हमें कई बार एयरलाइंस से संपर्क करने में काफी परेशानी हुई क्योंकि बहुत सारे यात्री भी इसी तरह की जानकारी मांग रहे थे और एयरपोर्ट पर लोग काफी व्यस्त थे.

 

8:38 AM (एक महीने पहले)

Israel Iran LIVE: ‘हमेशा बातचीत को तैयार’, इज़रायल-US हमलों के बाद ईरान के विदेश मंत्री का बड़ा बयान

Posted by :- Anurag

विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिकी और इजरायली हमलों के बाद भी इस विषय पर अपनी राय व्यक्त की. उन्होंने कहा कि ईरान का कूटनीतिक इतिहास बहुत उज्जवल है, जबकि अमेरिका का रिकॉर्ड इसके विपरीत बहुत नकारात्मक और खराब है. ईरान हमेशा कूटनीति के लिए तैयार रहता है.

यह भी पढ़ें: PM मोदी ने UAE के राष्ट्रपति से की बात, कहा- इस मुश्किल वक्त में भारत खड़ा है साथ
 

इनपुट: रॉयटर्स

8:35 AM (एक महीने पहले)

Middle East tension impact on India: मिडिल ईस्ट हालात के बीच यात्रियों को राहत, मंत्रालय का कंट्रोल रूम 24x7 सक्रिय

Posted by :- Anurag

मध्य पूर्व में जारी घटनाक्रमों को देखते हुए, नागरिक उड्डयन मंत्रालय के यात्री सहायता नियंत्रण कक्ष (PACR) ने हवाई यात्रियों की शिकायतों और सवालों को सक्रिय रूप से संबोधित करना शुरू कर दिया है. सभी यात्रियों की परेशानियों को बिना देरी के सुलझाने के लिए PACR ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, एयरसेवा पोर्टल और समर्पित हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से प्राप्त शिकायतों और सवालों को ध्यानपूर्वक मॉनिटर किया जा रहा है.

यह भी पढ़ें: कहां रहते हैं, किससे मिलते हैं...खामेनेई की हर हरकत पर महीनों से थी US की नजर, CIA ने ऐसे किया ट्रैक
 

8:30 AM (एक महीने पहले)

Israel Iran LIVE: खाड़ी देशों में संकट का असर, अकासा एयर ने कई रूट किए स्थगित

Posted by :- Anurag

भारत की प्रमुख एयरलाइन आकाश एयर ने घोषणा की है कि अबूधाबी, दोहा, जेद्दाह, कुवैत और रियाद के लिए अपनी सभी उड़ानें आज के लिए निलंबित रहेंगी. इस फैसले के तहत इन गंतव्यों के लिए कोई भी उड़ान 2 मार्च तक संचालित नहीं होगी. कंपनी ने यह कदम विमानन क्षेत्र में चल रही विभिन्न चुनौतियों और परिचालन समस्याओं को ध्यान में रखते हुए लिया है.

इनपुट: अमित भारद्वाज

Advertisement
8:22 AM (एक महीने पहले)

Israel-Iran War LIVE: ईरान हमलों पर UAE सख्त, तेहरान के राजदूत को तलब कर सौंपा विरोध पत्र

Posted by :- Anurag

संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने ईरान के राजदूत को तलब करते हुए फारस की खाड़ी में में हुए मिसाइल और ड्रोन हमलों पर कड़ी आपत्ति जताई है. यूएई ने इन हमलों को आतंकवादी हमला और क्षेत्रीय संप्रभुता का गंभीर उल्लंघन बताया है.

यह भी पढ़ें: Hormuz Tension: होर्मुज को लेकर टेंशन में दुनिया... भारत पर संकट नहीं, प्लान-B करेगा काम!
 

8:18 AM (एक महीने पहले)

CCS Meeting on Iran: मिडिल ईस्ट संकट पर PM मोदी की अध्यक्षता में CCS बैठक

Posted by :- Anurag

रविवार शाम प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की बैठक हुई, जिसमें पश्चिम एशिया की बदलती स्थिति की समीक्षा की गई. बैठक में 28 फरवरी को ईरान में हुए हवाई हमलों और उसके बाद खाड़ी देशों में हुई नाटकीय बढ़ोतरी के बारे में ब्रीफिंग दी गई. इस बढ़ते तनाव को देखते हुए, समिति ने क्षेत्र में बड़ी संख्या में भारतीय प्रवासियों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की.

इनपुट: हिमांशु मिश्रा और मंजीत नेगी

8:15 AM (एक महीने पहले)

Srinagar Lal Chowk sealed: श्रीनगर में सख्त पाबंदियां, लाल चौक घेराबंदी में; घाटी के स्कूल 2 दिन बंद

Posted by :- Anurag

श्रीनगर शहर में प्रशासन ने सुरक्षा मजबूती के लिए कई प्रतिबंध लगाए हैं. खासकर लाल चौक क्षेत्र को सील कर दिया गया है ताकि क्लॉक टावर के पास होने वाले प्रदर्शनों को रोका जा सके. यह कदम ईरान के सर्वोच्च नेता की हत्या के विरोध में होने वाले प्रदर्शन को नियंत्रित करने के उद्देश्य से उठाया गया है. कश्मीर घाटी में विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए सभी स्कूल और शैक्षिक संस्थान आज और कल दो दिनों के लिए बंद रहेंगे. 

इनपुट: सुनील जी भट्ट

8:01 AM (एक महीने पहले)

Israel warning to Lebanon: लेबनान में हालात गंभीर, इज़रायली सेना ने कई कस्बों को खाली करने को कहा

Posted by :- Anurag

इजरायली सेना ने सुरक्षा कारणों को आधार बनाते हुए लेबनान के 50 शहरों के लिए व्यापक निकासी आदेश जारी किया है. इस आदेश का उद्देश्य संभावित सैन्य संघर्षों और तनावपूर्ण हालात से बचाव करना बताया गया है.
 

7:51 AM (एक महीने पहले)

Iran strikes Kuwait: ईरान ने कुवैत में कई ड्रोन दागे

Posted by :- Anurag

ईरान की ओर से जवाबी कार्रवाई जारी है. ईरान ने कुवैत में कई ड्रोन दागे हैं. अमेजन की क्लाउड यूनिट AWS ने बताया कि UAE में उसके एक डेटा सेंटर की Availability Zone पर वस्तुएं गिरने से चिंगारी और आग लगी, जिसके बाद पावर सप्लाई अस्थायी रूप से बंद करनी पड़ी. कनेक्टिविटी बहाल करने में कई घंटे लग सकते हैं. अन्य ज़ोन सामान्य रूप से काम कर रहे हैं.

यह भी पढ़ें: UAE में ईरानी हमले की जद में अमेजन का क्लाउड सेंटर, आग लगने के बाद किया गया बंद
 

Advertisement
7:38 AM (एक महीने पहले)

Indians in Middle East: एअर इंडिया ने बढ़ाई फ्लाइट सस्पेंशन की अवधि

Posted by :- Yogesh

एअर इंडिया ने UAE, सऊदी अरब, इजरायल और कतर के लिए सभी उड़ानों की निलंबन अवधि बढ़ा दी है. यह निलंबन अब 2 मार्च 2026 भारतीय समयानुसार रात 11:59 बजे तक जारी रहेगा. इस फैसले का उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और वर्तमान परिस्थितियों के मद्देनजर उचित प्रबंधन करना बताया गया है.

7:28 AM (एक महीने पहले)

‘नागरिकों को बनाया निशाना’ - ईरान के हमलों पर 7 देशों ने जताई एकजुटता

Posted by :- Anurag

अमेरिका, बहरैन, जोर्डन, कुबैर, क़तर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात ने इस्लामिक गणराज्य ईरान के क्षेत्रीय संप्रभु क्षेत्रों पर किए गए गैर-जिम्मेदार मिसाइल और ड्रोन हमलों की निंदा की है. इन हमलों का लक्ष्य बहरैन, इराक (जिसमें इराकी कुर्दिस्तान क्षेत्र भी शामिल है), जोर्डन, कुवैत, ओमान, क़तर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के क्षेत्रीय क्षेत्रों को बनाया गया. पूरी खबर को यहां क्लिक कर पढ़ें'अब बर्दाश्त नहीं...', सऊदी-UAE समेत 7 देशों ने की ईरानी हमले की निंदा, दी चेतावनी
 

7:13 AM (एक महीने पहले)

कुवैत एयर डिफेंस अलर्ट, सेंट्रल एरिया में घुसे हवाई लक्ष्यों को मार गिराया

Posted by :- Anurag

कुवैत रक्षा मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि कुवैत की वायु रक्षा सेना ने आज सुबह दुश्मन के कई हवाई लक्ष्यों का दक्षता और क्षमता के साथ मुकाबला किया. इन लक्ष्यों को देश के केंद्रीय क्षेत्र में चलाए जा रहे अभियानों के तहत निगरानी और रोकथाम किया गया.

 

7:11 AM (एक महीने पहले)

Middle East Tension LIVE: बेरूत के दक्षिणी इलाकों पर इज़रायली हमले, आसमान में उठता धुएं का गुबार

Posted by :- Anurag

लेबनान की राजधानी बीरुत के दक्षिणी उपनगरों में इजरायली हवाई हमलों के बाद भारी धुआं उठता हुआ देखा गया. स्थानीय अधिकारी और सुरक्षा बलों ने इस घटना की पुष्टि की है तथा कहा है कि वे स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं.

लेबनान के बेरूत में इज़रायल की एयरस्ट्राइक (Photo: Reuters)
7:07 AM (एक महीने पहले)

लेफ्टिनेंट जनरल एयाल ज़मीर का सख्त संदेश - इज़रायल की सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं सहेंगे

Posted by :- Anurag

लेफ्टिनेंट जनरल अयाल ज़मीर, जो वर्तमान में इज़राइल रक्षा बलों (IDF) के जनरल स्टाफ के प्रमुख हैं, ने लेबनान स्थित आतंकवादी संगठन हिज़्बुल्लाह द्वारा इज़रायल के खिलाफ रातों-रात शुरू की गई कार्रवाई के संदर्भ में कड़ा बयान दिया है. उन्होंने साफ किया कि हिज़्बुल्लाह पूरी तरह से किसी भी एस्केलेशन के लिए जिम्मेदार होगा और इज़राइल अपनी सुरक्षा को प्रभावित करने वाले किसी भी खतरे का जवाब कड़ा देगा.

 

Advertisement
6:51 AM (एक महीने पहले)

हमलों के जवाब में ईरान का बड़ा दावा

Posted by :- Aman

ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने अमेरिका और इजरायल के हमलों के जवाब में की गई कार्रवाई को लेकर बड़े दावे किए हैं. IRGC के अनुसार, कुवैत स्थित अमेरिकी नौसैनिक ठिकाना अली अल-सलेम एयर बेस को पूरी तरह से बंद (डिकमीशन) कर दिया गया है. ईरानी सेना का कहना है कि इस बेस पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया गया, जिससे बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है.

5:56 AM (एक महीने पहले)

ईरान में कई जगहों तेज धमाके, आसपास के इलाकों में मची अफरातफरी

Posted by :- Nitin

ईरान और इजरायल के बीच जारी संघर्ष लगातार भीषण होता जा रहा है. अब ईरान के तेहरान और तसनीम के कई इलाकों से धमाकों की खबर सामने आ रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि कई इलाकों में तेज धमाके की आवाज सुनाई दी हैं.  

5:45 AM (एक महीने पहले)

खामेनेई की हत्या से खोला खतरनाक पंडोरा बॉक्स, ईरान ने UN को चेतावनी

Posted by :- Nitin

Middle East War: ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने संयुक्त राष्ट्र को पत्र लिखकर देश के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह खामेनेई की हत्या को लेकर कड़ा रुख अख्तियार किया है. उन्होंने पत्र में कहा कि खामेनेई की हत्या से खतरनाक पंडोरा बॉक्स खुल गया है.

समाचार एजेंसी AP की रिपोर्ट के मुताबिक, अराघची ने रविवार को संयुक्त राष्ट्र को लिखे पत्र में कहा कि ये  हत्या ईरान के बीच संबंधों को नियंत्रित करने वाले सबसे बुनियादी मानदंडों का गंभीर और अभूतपूर्व उल्लंघन है.

उन्होंने एक बार फिर वैश्विक निकाय और सुरक्षा परिषद से इस हत्या में अमेरिका और इजरायल की भूमिका के लिए जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाने की अपील की है. 

5:03 AM (एक महीने पहले)

US के सैन्य ठिकानों पर हमले को लेकर ईरान का बड़ा दावा, कहा- अब तक मारे गए 560 अमेरिकी सैनिक

Posted by :- Nitin

ईरान के इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने अमेरिका और इजरायल के हमलों के जवाब में शुरू की गई जवाबी कार्रवाई को लेकर बड़े दावे किए हैं. IRGC ने कहा है कि ईरानी सेना के नए सिरे से मिसाइल और ड्रोन हमलों में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को भारी नुकसान हुआ है. उन्होंने दावा किया है कि अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर USS अब्राहम लिंकन पर चार बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया गया है और अब तक 560 अमेरिकी सैनिक मारे गए हैं.
 

4:17 AM (एक महीने पहले)

बहरीन में US के नौसैनिक अड्डे पर हमला, आसमान में छाया काला धुआं

Posted by :- Nitin

बहरीन में यूएस के नौसैनिक अड्डे पर ईरान ने बड़ा हमला किया है. हमले के बाद पूरे इलाके में घना धुआं छा गया है. 

Advertisement
4:07 AM (एक महीने पहले)

इजरायल का ईरान के सरकारी टीवी मुख्यालय पर हमला

Posted by :- Nitin

इजरायल ने ईरान हमले का जवाब देते हुए अब ईरान के सरकारी टीवी मुख्यालय पर हमला किया है. बताया जा रहा है कि हमले के बाद टीवी प्रसारण बंद हो गया है. 

3:38 AM (एक महीने पहले)

ईरान ने यरुशलम में दागी मिलाइल, हमले में छह लोग घायल

Posted by :- Nitin

इजरायल और ईरान के बीच भीषण संघर्ष जारी है. अब ईरान ने यरूशलम में मिसाइल दागी है. इस हमले में छह लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आ रही है. मैगन डेविड अदोम आपातकालीन चिकित्सा सेवा के अनुसार, रविवार रात (1 मार्च) को ईरान से दागी गई एक मिसाइल सड़क पर आ गिरी, जिससे यरुशलम में छह लोग घायल हो गए.

बता दें कि इजरायल ने रविवार को तेहरान पर नए सिरे से हमले किए थे. इसके जवाब में ईरान ने इजरायल के कई शहरों को निशाना बनाते हुए मिसाइलें दागीं. ये घटना सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की हत्या के एक दिन बाद हुई, जिसने मध्य पूर्व और वैश्विक अर्थव्यवस्था को और भी गहरे अनिश्चितता के घेरे में डाल दिया है.

2:34 AM (एक महीने पहले)

चार हफ्ते तक चल सकता है संघर्ष, बोले डोनाल्ड ट्रंप

Posted by :- Nitin

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने डेली मेल को दिए एक इंटरव्यू में ईरान के साथ चल रहे संघर्ष पर महत्वपूर्ण बयान दिया है. ट्रंप ने संकेत दिया कि ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य अभियान अगले चार सप्ताह तक चल सकता है. उन्होंने कहा, 'ये हमेशा से चार सप्ताह की प्रक्रिया रही है. हमने अनुमान लगाया है कि यह चार सप्ताह या उससे कम समय में चलेगा. ये एक बड़ा देश है, इसलिए इसमें चार सप्ताह या उससे कम समय लग सकता है.'
 

2:01 AM (एक महीने पहले)

'अभी-भी खुले हैं कूटनीति के दरवाजे', मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव पर बोले ओमान के विदेश मंत्री

Posted by :- Nitin

मिडिल ईस्ट में बढ़ते टकराव के बीच ओमान के विदेश मंत्री ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि कूटनीति के दरवाजे अभी-भी खुले हुए हैं. उन्होंने कहा कि उन्हें अब भी संघर्षों के समाधान के लिए कूटनीति की शक्ति पर विश्वास है, और जितनी जल्दी बातचीत फिर से शुरू हो, उतना ही बेहतर है.

1:57 AM (एक महीने पहले)

अमेरिका ने अब तक ईरान के 1000 से ज्यादा ठिकानों पर बरसाए बम

Posted by :- Nitin

यूएस सेंट्रल कमांड ने को बताया कि ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के मारे जाने वाले ऑपरेशन की शुरुआत से लेकर अब तक अमेरिकी सेना ने ईरान के 1,000 से अधिक ठिकानों पर हमले किए हैं.

Advertisement
1:46 AM (एक महीने पहले)

तेहरान में इजरायली सेना का बड़ा अटैक, एक अस्पताल तबाह

Posted by :- Nitin

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, रविवार और सोमवार की दरमियानी रात को इजरायली सेना ने एक बार फिर तेहरान पर बड़ा हमला किया. इस हमले में तेहरान में एक अस्पताल क्षतिग्रस्त हो गया है. चश्मदीदों ने बताया कि अस्पताल की इमारत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है, कई मरीजों के मलबे में दबे होने की आशंका है. साथ ही स्थानीय लोगों की मदद से मरीजों को बाहर निकाला जा रहा है.

1:05 AM (एक महीने पहले)

ट्रंप ने इजरायल, बहरीन और यूएई के नेताओं से की बात

Posted by :- Nitin

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल, बहरीन और यूएई के नेताओं से बात की है. इस बारे में व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने एक्स पर जानकारी दी है. उन्होंने अपनी एक्स पोस्ट में लिखा, 'आज राष्ट्रपति ट्रंप ने इजरायल, बहरीन और यूएई के नेताओं से बात की है. राष्ट्रपति को ऑस्टिन, टेक्सास में हुई गोलीबारी के बारे में भी जानकारी दी गई है.'
 

1:01 AM (एक महीने पहले)

अमेरिकी युद्धपोत 'अब्राहम लिंकन' पर हमले के ईरान के दावे को US ने किया खारिज

Posted by :- Nitin

मिडिल ईस्ट में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी सैन्य टकराव से हालात और ज्यादा गंभीर होते दिख रहे हैं. अब ईरानी मीडिया ने अमेरिकी सेना एक बड़े युद्धपोत अब्राहम लिंकन को निशाना बनाए जाने का दावा किया है. यह वही युद्धपोत है जिसका इस्तेमाल अमेरिका ने ईरान पर हमले के लिए किया था. यहां पूढ़ें पूरी खबर...

12:58 AM (एक महीने पहले)

अमेरिकी सेना ने तबाह किया ईरानी नौसेना का मुख्यालय, 9 नौसैनिक जहाज भी डुबोए: ट्रप

Posted by :- Nitin

Middle East Conflict:अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी संघर्ष दिन-व-दिन भीषण होता जा रहा है. अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिकी सेना ने ईरान के नौ नौसैनिक जहाजों के डुबो दिया है और ईरान के नौसैनिक मुख्यालय को लगभग पूरी तरह से तबाह कर दिया है. इस बारे में ट्रंप ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी है. 

ट्रूथ सोशल पर ट्रंप ने लिखा, 'मुझे अभी-अभी सूचना मिली है कि हमने ईरान के 9 नौसैनिक जहाजों को नष्ट कर दिया है और डुबो दिया है, जिनमें से कुछ अपेक्षाकृत बड़े और महत्वपूर्ण थे. हम बाकी जहाजों की ओर बढ़ रहे हैं- वो भी जल्द ही समुद्र में तैरते हुए दिखाई देंगे! एक अन्य हमले में, हमने उनके नौसैनिक मुख्यालय को लगभग पूरी तरह से नष्ट कर दिया है. इसके अलावा उनकी नौसेना बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रही है.'

12:51 AM (एक महीने पहले)

US-Israel Joint Attack: ईरान में स्कूल पर हमले के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 165 हो गई

Posted by :- Nitin

ईरानी सरकारी मीडिया ने बताया कि स्कूल पर हुए हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 165 हो गई है, हमले के बाद हताहतों की संख्या लगातार बढ़ रही है.

Advertisement
12:49 AM (एक महीने पहले)

US Israel Attack on Iran: आतंकी शासन को जड़ से कुचलने का वादा था और हम करेंगे- नेतन्याहू

Posted by :- Nitin

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने X पर पोस्ट किया, 'मैंने अभी-अभी रक्षा मंत्री, चीफ ऑफ जनरल स्टाफ और मोसाद चीफ के साथ बैठक समाप्त की है. मैंने अभियान को जारी रखने के निर्देश दिए हैं. कल हमने तानाशाह खामेनेई को खत्म कर दिया. इसके साथ-साथ इस्लामी शासन के दर्जनों शीर्ष दमनकारी चेहरों को भी समाप्त किया गया. हमारी सेनाएं अब तेहरान के दिल पर और अधिक तीव्रता के साथ प्रहार कर रही हैं, और आने वाले दिनों में यह और भी मजबूत होगा. ये दर्दनाक दिन हैं. कल यहां तेल अवीव में और अब बेत शेमेश में हमने अपने प्रिय लोगों को खोया है. मेरा दिल शोकाकुल परिवारों के साथ है, और आप सभी इजरायल के नागरिकों की ओर से मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं. हम एक ऐसे अभियान में हैं जिसमें अपने अस्तित्व और भविष्य को सुरक्षित करने के लिए हम आईडीएफ की पूरी ताकत झोंक रहे हैं. साथ ही, इस अभियान में हमें अमेरिका का समर्थन भी प्राप्त है. अमेरिका के राष्ट्रपति और मेरे मित्र डोनाल्ड ट्रंप, और अमेरिकी सेना का. यह संयुक्त शक्ति हमें वह करने में सक्षम बनाती है जिसकी मैंने 40 वर्षों से कामना की थी. आतंकी शासन को जड़ से कुचलना. यही मैंने वादा किया था और यही हम करेंगे.'

12:49 AM (एक महीने पहले)

अमेरिका और इजरायल के हमले से पहले डील हो चुकी थी फाइनल: ईरान के मंत्री

Posted by :- Nitin

Middle East Conflict: ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा कि ईरान पर अमेरिकी हमलों से पहले परमाणु समझौता लगभग हो चुका था. उन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर बातचीत के दौरान हमले करके कूटनीति को बाधित करने का आरोप लगाया.

अराघची ने कहा, 'समझौता लगभग हो ही चुका था. हम जिनेवा से इस समझ के साथ लौटे थे कि अगली मुलाकात में हम समझौता कर लेंगे. कूटनीति को बिगाड़ने वालों को अपने मिशन में सफलता मिली, लेकिन एक बार फिर ट्रंप ने ही अंततः बातचीत की मेज पर बमबारी का आदेश दिया.'