'भारत के साथ हमारे मजबूत रिश्ते, अमेरिका पर भरोसा नहीं...' जंग के बीच ईरान का बयान

ईरान के प्रवक्ता एस्माइल बघाई ने कहा कि अमेरिका के साथ कोई वार्ता नहीं हो रही है और अमेरिका युद्ध को बढ़ा रहा है. ईरान ने इसे अवैध युद्ध बताते हुए कहा कि वह अपनी रक्षा करता रहेगा. भारत के साथ संबंधों को सकारात्मक बताया गया और अमेरिका व इजराइल को हालात के लिए जिम्मेदार ठहराया गया.

Advertisement
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची (Photo: Reuters/File) ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची (Photo: Reuters/File)

गीता मोहन

  • नई दिल्ली ,
  • 24 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 10:16 PM IST

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता एस्माइल बघाई ने अमेरिका को लेकर सख्त बयान दिया है. उन्होंने कहा कि पिछले 24 दिनों में ईरान और अमेरिका के बीच कोई बातचीत या वार्ता नहीं हुई है. उन्होंने अमेरिका की कूटनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि उस पर भरोसा नहीं किया जा सकता और उसने मध्यस्थता की प्रक्रिया को भी नुकसान पहुंचाया है.

Advertisement

प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिका इस युद्ध को पूरे क्षेत्र में फैलाने की कोशिश कर रहा है. उनके अनुसार यह एक अवैध युद्ध है और अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत ईरान के पास अपनी रक्षा करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है. उन्होंने कहा कि ईरान ने यह युद्ध शुरू नहीं किया, लेकिन उस पर लगातार हमले हो रहे हैं, जिनका जवाब देना जरूरी है.

अमेरिका पर युद्ध को पूरे क्षेत्र में फैलाने का आरोप

उन्होंने बताया कि ईरान को कुछ देशों की ओर से बातचीत के लिए संदेश मिले हैं और उन पर प्रतिक्रिया भी दी गई है. लेकिन ईरान का रुख साफ है कि वह अपनी रक्षा करता रहेगा. उन्होंने कहा कि जो भी देश अमेरिका से बात कर सकते हैं, उन्हें यह बताना चाहिए कि यह युद्ध अवैध है और अमेरिका को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए.

Advertisement

पाकिस्तान को लेकर उन्होंने कहा कि ईरान के उसके साथ अच्छे संबंध हैं और वह मानता है कि पाकिस्तान की मंशा सकारात्मक है. साथ ही उन्होंने कहा कि पड़ोसी देश हालात को लेकर चिंतित हैं और तनाव कम करने की कोशिश कर रहे हैं.

भारत को लेकर उन्होंने कहा कि भारत के साथ ईरान के ऐतिहासिक और सम्मानजनक संबंध हैं. भारत उन देशों में शामिल नहीं है जो हमलावरों की मदद कर रहे हैं. उन्होंने यह भी बताया कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य से आवाजाही को लेकर भारत के साथ बातचीत जारी है.

प्रवक्ता ने कहा कि ईरान और कुछ यूरोपीय देशों के बीच भी संपर्क बना हुआ है. ओमान के विदेश मंत्री पिछले एक साल से मध्यस्थता कर रहे थे, लेकिन अमेरिका ने इस प्रक्रिया को विफल कर दिया. उन्होंने इजराइल और अमेरिका दोनों को मौजूदा हालात के लिए जिम्मेदार ठहराया. उनका कहना है कि नागरिक ठिकानों पर हमले की धमकी देना युद्ध अपराध की मंशा को दर्शाता है.

मध्यस्थता प्रक्रिया पर भी अमेरिका को ठहराया जिम्मेदार

उन्होंने कहा कि ईरान की व्यवस्था मजबूत है और देश का नेतृत्व पूरी तरह सक्रिय है. सुप्रीम लीडर पूरी तरह ठीक हैं और देश का सिस्टम प्रभावी तरीके से काम कर रहा है. उन्होंने दोहराया कि यह युद्ध अमेरिका ने शुरू किया है और उसे ही इसे खत्म करना होगा. ईरान अपनी रक्षा तब तक करता रहेगा जब तक जरूरत होगी.

Advertisement


 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement