ईरान: प्रदर्शन में शामिल हुई जुड़वां बहनों में से एक को फांसी, दूसरी को 27 साल जेल

ईरान में जनवरी के प्रदर्शनों में शामिल हुईं जुड़वां बहनें तारानेह और रोमिना रहीमी को गिरफ्तार कर टॉर्चर किया गया. तारानेह को मौत की सजा और रोमिना को 27 साल जेल की सजा सुनाई गई है. परिवार का दावा है कि दोनों को बुरी तरह पीटा गया और यौन उत्पीड़न भी किया गया. मां मरजिया चार महीने तक बेटियों को ढूंढती रहीं और जब मुलाकात हुई तो पहचान तक नहीं पाईं.

Advertisement
गिरफ्तारी के बाद दोनों बहनों को अलग-अलग सेल में रखा गया था (Photo: https://wncri.org) गिरफ्तारी के बाद दोनों बहनों को अलग-अलग सेल में रखा गया था (Photo: https://wncri.org)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 25 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 2:48 PM IST

ईरान के इस्फ़हान शहर की रहने वाली दो जुड़वां बहनों तारानेह और रोमिना रहीमी की कहानी सामने आई है, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा है. जनवरी में जब ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शन हुए, तो 19 साल की ये दोनों स्कूली छात्राएं भी इसमें शामिल हुई थीं. इसके कुछ दिन बाद ही नकाबपोश लोग उन्हें उनके घर से उठा ले गए. बाद में पता चला कि ये लोग ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर के सदस्य थे.

चार महीने तक बहनों की मां मरजिया नूरमोहम्मदी अस्पतालों, सरकारी दफ्तरों और जेलों में अपनी बेटियों को ढूंढती रहीं. अब यह मामला और गंभीर हो गया है. तारानेह को मौत की सजा सुनाई गई है, जबकि रोमिना को 27 साल जेल की सजा दी गई है. परिवार ने अपील की है और अब संयुक्त राष्ट्र से मदद मांगी है.

Advertisement

मामले की शुरुआत जनवरी में हुई, जब इस्फ़हान के शोहदा चौक के आसपास बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हुए. इनमें तारानेह और रोमिना भी शामिल हो गईं, हालांकि इससे पहले वे कभी किसी प्रदर्शन में नहीं गई थीं. इस दौरान चौक पर दो लोगों की मौत हुई, जिनमें एक रिवोल्यूशनरी गार्ड का सदस्य और एक बेघर व्यक्ति था.

इसके बाद दोनों बहनों समेत 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया. उन पर मोलोटोव कॉकटेल बनाने और सुरक्षाबलों पर हमला करने का आरोप लगाया गया. साथ ही उन पर "खुदा के खिलाफ जंग" यानी मोहरेबेह का आरोप भी लगाया गया, जो ईरान में मौत की सजा वाला अपराध है. परिवार का कहना है कि दोनों बहनों के खिलाफ कोई सबूत नहीं था और उनके वकीलों को केस फाइल तक ठीक से देखने नहीं दी गई.

Advertisement

यह भी पढ़ें: फाइनली खुलने जा रहा होर्मुज स्ट्रेट? अपनी इस एक जिद पर समझौते को तैयार ईरान

गिरफ्तारी के बाद दोनों बहनों को अलग-अलग सेल में रखा गया, लेकिन वे एक-दूसरे की चीखें सुन सकती थीं. परिवार और वकीलों के मुताबिक, उन्हें बुरी तरह पीटा गया, मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और यौन उत्पीड़न भी किया गया. तारानेह को खासतौर पर बुरी तरह चोटें आईं, उसके घुटने, कोहनी और हाथ पर डंडों से वार किए गए. मई में जब मां को बेटियों से मिलने दिया गया, तो वह उन्हें पहचान भी नहीं पाईं, सिर्फ उनकी आवाज से ही पहचान हो सकी. दोनों के चेहरे सूजे हुए थे और सिर के बाल भी उखड़े हुए थे.

परिवार ने अब ब्रिटेन के मानवाधिकार वकीलों के जरिए संयुक्त राष्ट्र में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है, ताकि तारानेह की फांसी रुक सके. परिवार का कहना है कि तारानेह घुड़सवारी की शौकीन थी और अपना खुद का घुड़सवारी केंद्र खोलना चाहती थी, जबकि रोमिना फैशन में दिलचस्पी रखती थी. दोनों एक जूते की दुकान में पार्ट टाइम काम भी करती थीं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »