फ्रांस में आयोजित G7 समिट के दौरान जहां दुनिया के बड़े नेता वैश्विक अर्थव्यवस्था, सुरक्षा और भू-राजनीतिक चुनौतियों पर चर्चा कर रहे थे, वहीं इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की 10 वर्षीय बेटी जिनेव्रा जियाम्ब्रूनो ने सोशल मीडिया पर अलग ही सुर्खियां बटोर लीं.
जिनेव्रा अपनी मां के साथ समिट में पहुंची थीं, लेकिन आधिकारिक कार्यक्रम के दौरान उनकी मासूम हरकतों ने लोगों का दिल जीत लिया. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही नेताओं के स्वागत के लिए कैमरों और फोटोग्राफरों की भीड़ जुटी, जिनेव्रा थोड़ी असहज नजर आने लगीं.
यह भी पढ़ें: दोस्ती के नाम पर धोखा? ट्रंप का 'G2' अलायंस क्या भारत के लिए खतरे की घंटी है
वीडियो में वह लगातार अपनी मां का हाथ पकड़े दिखाई देती हैं. कई मौकों पर उन्होंने कैमरों की ओर देखने से बचने की कोशिश की और मीडिया की भीड़ से दूरी बनाए रखी. जब अलग-अलग देशों के प्रतिनिधियों और अधिकारियों से मुलाकात का दौर चल रहा था, तब भी जिनेव्रा कई बार अपनी मां के पीछे खड़ी नजर आईं, मानो कैमरों की नजरों से खुद को बचाना चाहती हों.
उनकी यही सहज और स्वाभाविक प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर लोगों को बेहद पसंद आई. कई यूजर्स ने कहा कि इतनी कम उम्र में दर्जनों कैमरों और मीडिया कर्मियों के बीच खुद को सहज महसूस करना आसान नहीं होता. लोगों का मानना है कि अधिकांश बच्चे ऐसी स्थिति में बिल्कुल इसी तरह प्रतिक्रिया देते.
यह भी पढ़ें: अफगानिस्तान को पाषाण युग में ले जा रहा तालिबान? मोबाइल पर लगाया बैन
एक यूजर ने लिखा कि जिनेव्रा की मासूमियत और झिझक बिल्कुल सामान्य थी और यही बात उन्हें खास बनाती है. वहीं कई लोगों ने कहा कि दुनिया के सबसे ताकतवर नेताओं के बीच मौजूद होने के बावजूद वह एक सामान्य बच्चे की तरह व्यवहार करती दिखीं.
हालांकि सोशल मीडिया पर अचानक मिली लोकप्रियता के बावजूद जिनेव्रा पूरे कार्यक्रम के दौरान अपनी मां के साथ ही रहीं और किसी भी तरह का सार्वजनिक ध्यान आकर्षित करने की कोशिश नहीं की. उनकी प्राथमिकता सिर्फ अपनी मां के करीब रहना दिखाई दी.
G7 समिट 15 से 17 जून के बीच फ्रांस के एवियन-ले-बैंस में आयोजित किया गया. इस सम्मेलन में कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, ब्रिटेन और अमेरिका समेत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के नेता शामिल हुए. इसके अलावा यूरोपीय यूनियन के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया.
आजतक इंटरनेशनल डेस्क