'TMC के 50 विधायक, 20 सांसद पाला बदलने को तैयार', BJP सांसद सौमित्र खान का बड़ा दावा

पश्चिम बंगाल की बांकुड़ा सीट से बीजेपी के सांसद सौमित्र खान ने अभिषेक बनर्जी पर तीखा हमला बोला है. सौमित्र खान ने कहा है कि 2021 में उन्होंने बीजेपी कार्यकर्ताओं के घर तुड़वाए थे. अब उनके घर के सामने बुलडोजर खड़ा है.

Advertisement
बांकुड़ा से सांसद हैं सौमित्र खान (Photo: ITG) बांकुड़ा से सांसद हैं सौमित्र खान (Photo: ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 27 मई 2026,
  • अपडेटेड 8:38 AM IST

पश्चिम बंगाल चुनाव में हार के बाद ममता बनर्जी की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) अब अपने ही सांसदों-विधायकों के असंतोष का सामना कर रही है. एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की बैठक में बारासात से सांसद काकोली घोष दस्तीदार और टीएमसी के छह विधायक पहुंचे थे. अब भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के वरिष्ठ नेता और बांकुड़ा से सांसद सौमित्र खान ने बड़ा दावा कर दिया है.

Advertisement

बांकुड़ा सांसद सौमित्र खान ने दावा किया है कि टीएमसी के करीब 50 विधायक अपनी पार्टी से नाराज हैं और 20 सांसद बीजेपी में आने के लिए तैयार हैं. उन्होंने दावा किया कि ये विधायक-सांसद बीजेपी के संपर्क में हैं और नेतृत्व से मंजूरी मिलते ही पाला बदलने को तैयार हैं. सौमित्र खान ने तो यहां तक कह दिया है कि बीजेपी का केंद्रीय नेतृत्व अगर एक बार कह दे, तो टीएमसी नाम की कोई पार्टी नहीं बचेगी. हर कोई बीजेपी में आने को तैयार है.

सौमित्र खान ने टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी पर भी तीखा हमला बोला और पापी बताते हुए कहा कि पापियों को जेल जाना ही पड़ता है. उन्होंने कहा कि आज उनके घर के सामने बुल्डोजर खड़ा है. साल 2021 में उन्होंने (अभिषेक बनर्जी ने) बीजेपी कार्यकर्ताओं के घर तुड़वाए थे. सौमित्र खान ने कहा कि पापियों को तुरंत परिणाम भुगतना चाहिए. उनको नरक में जाना चाहिए.

Advertisement

सौमि्त्र खान ने यह दावा ऐसे समय किया है, जब पश्चिम बंगाल चुनाव में करारी हार के बाद से ही टीएमसी अपने ही नेताओं की नाराजगी से जूझ रही है. बारासात से सांसद काकोली घोष दस्तीदार को टीएमसी ने लोकसभा में चीफ व्हिप के पद से हटा दिया था. काकोली को इसके तुरंत बाद ही केंद्र सरकार ने वाई श्रेणी की सुरक्षा दे दी थी. काकोली घोष एक दिन पहले ही टीएमसी के आधा दर्जन विधायकों के साथ सीएम शुभेंदु की प्रशासनिक मीटिंग में भी शामिल हुई थीं.

यह भी पढ़ें: ममता बनर्जी को एक और झटका, करीबी सांसद काकोली घोष ने जिलाध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा

टीएमसी ने खारिज किया दावा

टीएमसी ने सौमित्र खान के दावे को खारिज कर दिया है. टीएमसी सांसद सौगत रॉय ने सौमित्र खान के दावे को खारिज करते हुए कहा कि यह पूरी तरह से गलत है. सौमित्र खान और बीजेपी गलत बात फैला रहे हैं. ऐसा कुछ भी नहीं होने वाला. हालांकि, पिछले कुछ दिनों में टीएमसी के कई सांसद विधायक और नेता खुलकर नाराजगी जाहिर कर चुके हैं.

यह भी पढ़ें: TMC में खेला! करीब 100 पार्षदों ने दिया इस्तीफा, CM शुभेंदु की मीटिंग में 6 विधायकों संग पहुंचीं सांसद काकोली

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में लोकसभा की 42 सीटें हैं. 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को 12 और टीएमसी को 29 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल हुई थी. कांग्रेस को भी एक सीट पर जीत मिली थी. अब सौमित्र खान ने 20 सांसदों के पाला बदलने को तैयार होने का दावा कर टीएमसी की टेंशन बढ़ा दी है. अयोग्यता से बचने के लिए जरूरी है कि पाला बदलने वाले सांसदों की संख्या कम से कम 20 हो.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »