मालदा के मालतीपुर इलाके में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब ममता बनर्जी के हेलिकॉप्टर के पास एक संदिग्ध ड्रोन मंडराता हुआ दिखाई दिया. इस घटना ने मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस ने मामले में अब तक तीन स्थानीय लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि पूरे घटनाक्रम की जांच के आदेश दे दिए गए हैं.
जानकारी के मुताबिक, यह घटना उस समय हुई जब ममता बनर्जी मालतीपुर में एक जनसभा को संबोधित करने के बाद हेलिकॉप्टर की ओर बढ़ रही थीं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही वह हेलिपैड के पास पहुंचीं, हेलिकॉप्टर के सामने एक ड्रोन उड़ता नजर आया. स्थिति को भांपते हुए मुख्यमंत्री कुछ पल के लिए रुकीं और माइक संभालते हुए पुलिस को सतर्क रहने के निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि ड्रोन के पीछे शामिल लोगों की पहचान की जानी चाहिए.
एनआईए भी सक्रिय, कई जगहों पर जांच
इसी बीच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की टीम ने मोथाबाड़ी बीडीओ कार्यालय समेत कई स्थानों का दौरा कर घटनास्थल का जायजा लिया. टीम ने जिले के एसपी और डीएम से भी मुलाकात कर सुरक्षा हालात की समीक्षा की.
राजनीतिक बयानबाजी भी तेज
घटना के बाद आयोजित जनसभा में ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि 2026 में दिल्ली में भाजपा की सरकार नहीं रहेगी और बंगाल को निशाना बनाने वालों को करारा जवाब दिया जाएगा. एक अन्य रैली में उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव आयोग के खिलाफ संयुक्त विरोध के लिए कई बार बुलाने के बावजूद कांग्रेस साथ नहीं आई. साथ ही उन्होंने महिलाओं को सतर्क करते हुए कहा कि किसी भी बहाने से बैंक खाते की जानकारी साझा न करें.
पहले भी सामने आई हैं हवाई यात्रा में बाधाएं
गौरतलब है कि हाल के दिनों में मुख्यमंत्री की हवाई यात्राओं के दौरान कई व्यवधान सामने आए हैं. 26 मार्च को खराब मौसम के चलते उनका विमान समय पर कोलकाता हवाई अड्डे पर नहीं उतर सका और करीब 70 मिनट तक हवा में चक्कर लगाता रहा. इसके अलावा 1 अप्रैल को मुर्शिदाबाद जिले में भी खराब मौसम के कारण हेलिकॉप्टर निर्धारित स्थान पर नहीं उतर पाया था, जिसके बाद उन्हें सड़क मार्ग से कार्यक्रम पूरा करना पड़ा.
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
मालदा में ड्रोन की ताजा घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं. ड्रोन की उत्पत्ति, उसके ऑपरेटर और संभावित साजिश की हर एंगल से जांच की जा रही है. अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान और भी अहम जानकारी सामने आ सकती है.
तपस सेनगुप्ता