कोलकाता: प्रेम संबंध से नाराज परिजनों ने बाप-बेटे को किया निर्वस्त्र, सड़क पर घुमाया

कोलकाता के बेहाला में युवती से प्रेम संबंध को लेकर नाराज परिजनों ने युवक, उसके पिता और दोस्त से मारपीट कर उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित किया. इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद से इलाके में तनाव फैला हुआ है. पुलिस ने मामला दर्ज कर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.

Advertisement
पिता-पुत्र को निर्वस्त्र करके घुमाने का मामला सामने आया है (Representational) पिता-पुत्र को निर्वस्त्र करके घुमाने का मामला सामने आया है (Representational)

aajtak.in

  • कोलकाता,
  • 26 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 2:58 PM IST

कोलकाता के बेहाला इलाके से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक युवती से संबंध को लेकर नाराज परिजनों ने युवक और उसके पिता और दोस्त के साथ मारपीट की, और दोनों के कपड़े उतरवाकर उन्हें सड़कों पर घुमाया.  इस मामले में युवती के पिता और मामा समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. यह घटना रविवार को सरसुना पुलिस स्टेशन की सीमा में आने वाले बसुंधरा पार्क इलाके की बताई जा रही है.

Advertisement

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में तनाव फैल गया. नाराज लोगों ने युवती के घर में तोड़फोड़ की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को काबू में कर लिया.

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, युवती के परिवार ने युवक और युवती को एक साथ पकड़ लिया था. इसके बाद युवक को एक घर में बंद कर दिया गया. आरोप है कि युवती के पिता और मामा ने युवक के साथ मारपीट की. शुरुआती जांच में सामने आया कि इसके बाद युवक के पिता को भी मौके पर बुलाया गया.

बेटे को मारने की धमकी देकर उतरवाए कपड़े

अधिकारी ने बताया कि युवती के परिवार ने युवक के पिता को एक बंदूक थमा दी. इसके बाद उन्हें धमकी देते हुए दो विकल्प दिए गए. उनसे कहा गया कि वह या तो अपने बेटे की हत्या करें या फिर बिना कपड़ों के सड़कों पर घूमें. आरोप है कि इसके बाद युवक और उसके पिता के कपड़े उतरवाए गए और दोनों को सार्वजनिक रूप से सड़कों पर घुमाया गया.

Advertisement

यह भी पढ़ें: कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ जांच के लिए SIT बनी, 3 महीने में सौंपेगी रिपोर्ट

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि युवक के एक दोस्त के साथ भी मारपीट की गई. उसे भी इसी तरह अपमानित किया गया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद से मामले ने और तूल पकड़ लिया. 

पुलिस के मुताबिक, टीम के मौके पर पहुंचने से पहले युवती के परिवार के कुछ सदस्य फरार हो गए थे. युवती के मामा को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने अब तक कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और मामले की जांच जारी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »