बरुईपुर रेप-मर्डर केस: मुख्य आरोपी का एनकाउंटर, पत्नी बोली- वो मेरा भी शोषण करता था

बंगाल के बरुईपुर में नाबालिग की हत्या के बाद गुस्सा, विरोध प्रदर्शन और हिंसा लगातार बढ़ती गई. एक ओर पुलिस जांच तेजी से आगे बढ़ी, तो दूसरी ओर भीड़ का गुस्सा भी सड़कों पर दिखाई दिया. अब मुख्य आरोपी की एनकाउंटर में मौत और उसकी पत्नी के बयान ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया.

Advertisement
क्राइम सीन रीक्रिएट करते वक्त पुलिस पर फायरिंग, जवाबी गोलीबारी में मारा गया मुख्य आरोपी. (File Photo: ITG) क्राइम सीन रीक्रिएट करते वक्त पुलिस पर फायरिंग, जवाबी गोलीबारी में मारा गया मुख्य आरोपी. (File Photo: ITG)

aajtak.in

  • कोलकाता,
  • 08 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 5:17 PM IST

पश्चिम बंगाल के बरुईपुर रेप-मर्डर केस में पुलिस एनकाउंटर में मारे गए मुख्य आरोपी प्रभास मंडल की पत्नी ने बड़ा बयान दिया है. चंपा मंडल ने कहा कि वो यह नहीं कह सकती कि उसका पति बेगुनाह था या नहीं. उसने दावा किया कि शादी के बाद से ही उसका पति शोषण करता था. उसका कहना है कि जब इस केस में प्रभास का नाम आया, तब उसे लगा कि वह ऐसा कर सकता है.

Advertisement

बुधवार को अपने पति की मौत के बाद चंपा ने बताया कि प्रभास का कोई रेगुलर काम नहीं था. वह ज्यादातर समय घर पर ही रहता था. उसने कहा, "मैं यह नहीं कह सकती कि उसने यह जुर्म किया है या नहीं. हमारी शादी के बाद मैंने उसका बर्ताव देखा. उसके साथ रहते हुए मैंने बहुत शोषण सहा है. जब उसका नाम केस में सामने आया, तो मुझे लगा कि वह ऐसा कुछ कर सकता है."

प्रभास मंडल इस मामले में गिरफ्तार होने वाला पहला आरोपी था. पुलिस जांच के दौरान सामने आए CCTV फुटेज में वो नाबालिग लड़की के लापता होने से कुछ समय पहले उसके साथ दिखाई दिया था. इसी आधार पर उसे इस केस का मुख्य संदिग्ध माना गया. जांच के तहत क्राइम सीन को फिर से रीक्रिएट करने के लिए प्रभास मंडल को मंगलवार देर रात घटनास्थल पर ले जाया गया.

Advertisement

पुलिस का दावा है कि दक्षिण 24 परगना जिले के बरुईपुर के सुरज्यापुर इलाके में मौके पर पहुंचने के बाद प्रभास ने अचानक एक पुलिसकर्मी की सर्विस रिवॉल्वर छीन ली. इसके बाद उसने सुरक्षा कर्मियों पर एक राउंड फायर किया. वहां से भागने की कोशिश करने लगा. हालात को देखते हुए पुलिस ने सेल्फ-डिफेंस में जवाबी फायरिंग शुरू कर दी. इस दौरान प्रभास मंडल को गोली लगी. 

उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. ये मामला 4 जुलाई को सामने आया था, जब नाबालिग लड़की लापता हो गई थी. अगले दिन 5 जुलाई को उसकी बॉडी सुरज्यापुर हाट इलाके में एक बोरे में भरी हुई मिली. इस घटना सामने आते ही इलाके में भारी आक्रोश फैल गया. लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. शक के आधार एक व्यक्ति को पकड़ लिया.

इसके बाद पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया. अब मुख्य आरोपी प्रभास मंडल की एनकाउंटर में मौत और उसकी पत्नी चंपा मंडल के बयान ने इस हाई-प्रोफाइल मामले को नया मोड़ दे दिया है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है, जबकि मामले को लेकर इलाके में अभी भी संवेदनशील स्थिति बनी हुई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »