यूपी के झांसी स्थित करगुवां गांव में भोज कार्यक्रम के सिलसिले में पहुंचे बबीना से भाजपा विधायक राजीव सिंह पारीछा को स्थानीय युवाओं के कड़े आक्रोश का सामना करना पड़ा. विकास कार्यों में पारदर्शिता की कमी और गांव की समस्याओं से नाराज युवाओं ने विधायक के सामने ही खरी-खोटी सुना दी.
लगभग 2 मिनट 23 सेकंड का यह वायरल वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है. ग्रामीणों ने विधायक से साफ कहा कि वे युवा हैं और उन्हें सिर्फ विकास से मतलब है, पार्टी से नहीं. यदि समाजवादी पार्टी अच्छा काम करेगी तो वे उसे वोट देंगे और भाजपा काम करेगी तो उसे.
विकास कार्यों की लागत और बोर्ड पर उठाए सवाल
कमरे में बैठे विधायक के सामने एक युवा ने सवाल उठाया कि गांव में रोड निर्माण का बोर्ड तो लगा है, लेकिन उस पर कुल लागत नहीं लिखी गई है. यदि 30 लाख रुपये की लागत में से सिर्फ 10 लाख लगे हैं, तो बाकी 20 लाख रुपये कहां गए. युवाओं ने आरोप लगाया कि यदि वे विरोध न करते तो सच सामने नहीं आता. उन्होंने यह भी कहा कि 9 साल में विधायक बहुत कम बार गांव आए हैं और अब चुनाव पास आते ही दौरा कर रहे हैं.
विधायक की सफाई: वीडियो को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया
बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा ने इस मामले पर सफाई देते हुए कहा कि वीडियो को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है. युवाओं की नाराजगी विधायक से नहीं, बल्कि स्थानीय समस्याओं जैसे साफ-सफाई को लेकर थी. विधायक ने बताया कि वे इस गांव में 50 से अधिक बार जा चुके हैं और हाल ही में चौपाल लगाकर समस्याएं सुनी थीं. उन्होंने गांव में 70-80 लाख रुपये के विकास कार्य कराए हैं और युवाओं की समस्याओं का समाधान अधिकारियों से बात करके कराया जाएगा.
प्रमोद कुमार गौतम