पवित्र गंगा नदी करोड़ों सनातनियों की आस्था का केंद्र मानी जाती है. वाराणसी में हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं. लेकिन कई बार ऐसी घटनाएं सामने आ जाती हैं जो धार्मिक भावनाओं को आहत करती हैं. अब वाराणसी से एक और ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें गंगा स्नान के दौरान एक युवक बीयर पीता दिखाई दिया. युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस हरकत में आ गई है.
वायरल वीडियो में एक युवक गंगा नदी में स्नान करते समय बीयर पीता नजर आ रहा है. वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने इसे धार्मिक आस्था के खिलाफ बताया और सोशल मीडिया पर कार्रवाई की मांग शुरू हो गई. पुलिस ने भी वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी. जानकारी के अनुसार पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान कर ली है. युवक बिहार के रोहतास जिले का रहने वाला बताया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर वाराणसी लाया जाएगा.
धार्मिक आस्था से जुड़ा मामला मानकर पुलिस ने दर्ज की FIR
इस पूरे मामले पर एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने जानकारी दी. उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है और वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान भी कर ली गई है. उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है. साथ ही घटनास्थल और वायरल वीडियो की गहराई से जांच की जा रही है.
एसीपी ने बताया कि आरोपी युवक बिहार के रोहतास का रहने वाला है. उसकी गिरफ्तारी के लिए बिहार पुलिस भेजी जाएगी. पुलिस की टीम पूरे मामले में जरूरी कानूनी कार्रवाई कर रही है. उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस की तरफ से लगातार गंगा घाटों और आसपास के इलाकों में पेट्रोलिंग की जाती है ताकि धार्मिक स्थलों की गरिमा बनी रहे. साथ ही श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की गई है कि वे ऐसा कोई कार्य न करें जिससे किसी की धार्मिक भावना को ठेस पहुंचे.
युवक को पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार किया
वाराणसी में इससे पहले भी गंगा नदी और नावों से जुड़े कई विवाद सामने आ चुके हैं. बीते दिनों रमजान के दौरान गंगा के बीच नाव पर रोजा इफ्तार और बिरयानी खाने के बाद हड्डियां नदी में फेंकने का मामला चर्चा में रहा था. वहीं नावों पर बीयर पार्टी करने के वीडियो भी वायरल हो चुके हैं. अब गंगा स्नान के दौरान बीयर पीने का यह नया मामला सामने आने के बाद एक बार फिर धार्मिक आस्था और सार्वजनिक व्यवहार को लेकर बहस तेज हो गई है. फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की जांच कर रही है और आरोपी युवक की गिरफ्तारी की तैयारी में जुटी हुई है.
रोशन जायसवाल