उन्नाव में भीषण सड़क हादसा: लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बस ने कार को मारी टक्कर, दो बच्चियों समेत 5 की मौत, 12 घायल

लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर ड्राइवर को नींद आने से बेकाबू बस डिवाइडर पार कर अर्टिगा कार से टकरा गई. हादसे में दो बच्चियों सहित कार सवार पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हुए. डॉक्टर के अनुसार, घायलों का इलाज और गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है.

Advertisement
उन्नाव हादसे में अर्टिगा कार सवार 5 लोगों की जान गई (Photo- ITG) उन्नाव हादसे में अर्टिगा कार सवार 5 लोगों की जान गई (Photo- ITG)

सूरज सिंह

  • उन्नाव ,
  • 01 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 9:07 AM IST

उन्नाव के लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया. इस हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौत हो गई जिसमें दो बच्चियां भी शामिल थी. वहीं, 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मृतक कार सवार सभी गोरखपुर से मथुरा की ओर जा रहे थे.

Advertisement

जानकारी के मुताबिक, बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 230.800 के पास आज सुबह करीब चार बजे ये एक्सीडेंट हुआ. बिहार नंबर की स्लीपर बस हरियाणा से बिहार जा रही थी. तभी अचानक बस एक्सप्रेस वे पर चढ़कर डिवाइडर के दूसरी ओर आ गई. इसी दौरान गोरखपुर से मधुरा की ओर जा रही अर्टिगा कार से टकराकर बस 12 फीट नीचे खाई मे जा गिरी. बस पलटने से सवारियों मे चीख-पुकार मच गई. इस हादसे में कार सवार 9 लोगों मे 5 की मौत हो गई.

मृतकों में दिव्या (13 वर्ष), अंजू (40 वर्ष), अमृता (5 वर्ष), धुनमुन (60 वर्ष) और चालक विनोद (45 वर्ष) शामिल हैं. कार सवार संतकबीर नगर के बताये जा रहे हैं. हादसे की जानकारी मिलते ही थाना बांगरमऊ पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकलवाया और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांगरमऊ भेजा गया. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है. हादसे में कार सवार चार लोग और बस में सवार चार यात्री घायल हुए हैं.

Advertisement

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी घनश्याम मीना, पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने राहत कार्यों की जानकारी ली और घायलों के बेहतर उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए.

बस में सवार पूनम देवी ने बताया कि जब वह सो रही थी तभी अचानक बस तेज हिलने-डुलने लगी. उन्होंने अपने परिजनों को बताया. फिर थोड़ी देर बाद बस पलट गई. हादसा बस चालक को नींद आने की वजह से होना बताया जा रहा है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. 

CHC बांगरमऊ अस्पताल के डॉक्टर सुनील राठौर ने बताया कि लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर कार और बस से टक्कर हो गई. जिसमें 17 लोग यहां लाये गए थे. इसमें पांच लोग मृत  थे. बाकी पांच लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है और 7 लोगों को प्राथमिक उपचार दिया गया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »