दोस्ती के नाम पर साथ बैठे कुछ लोगों के बीच शराब की पार्टी चल रही थी. शुरुआत में सबकुछ सामान्य था, लेकिन शराब के बीच किसी बात को लेकर गाली-गलौज शुरू हो गई. इसी दौरान दोस्तों की नजर अनीस की जेब पर गई. उन्हें लगा कि अनीस के पास पैसे हैं. आरोप है कि पैसों के लालच में दोस्तों ने ही अपने दोस्त को निशाना बना लिया. बात इतनी बढ़ गई कि अनीस की जान चली गई. अब इस मामले में पकड़े गए तीसरे आरोपी से पूछताछ के बाद घटना की जो कहानी सामने आई है, उसने पुलिस को भी चौंका दिया. जिस पैसे के लिए हत्या किए जाने का आरोप है, अनीस की जेब से कथित तौर पर सिर्फ 80 रुपये ही निकले.
मामला स्योहारा थाना क्षेत्र का है. पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर की रात अनीस अपने दोस्तों के साथ बैठा था. सभी शराब पी रहे थे. इसी दौरान दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते गाली-गलौज होने लगी. पुलिस के अनुसार, इसी दौरान अनीस के पास पैसे होने की बात सामने आई. इसके बाद विवाद ने गंभीर रूप ले लिया. आरोप है कि हिमांशु और राजा ने अनीस के हाथ-पैर पकड़ लिए.
इसके बाद जसविन्दर उर्फ हर्ष उर्फ अंगा ने बेल्ट से अनीस का गला दबाया. आरोप है कि इसके बाद उसकी गर्दन पर एक नुकीली सलाई से वार किया गया. अनीस की मौत के बाद तीनों ने शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की. पुलिस के मुताबिक, अनीस की मौत के बाद आरोपियों ने उसका शव कुम्हारपुरा गांव के पास राजवाह के किनारे स्थित गन्ने के खेत में छिपा दिया. घटना के दौरान पहने गए कपड़ों को भी अलग-अलग जगहों पर फेंकने की बात सामने आई है.
हत्या में इस्तेमाल हुई नुकीली सलाई
आरोपियों ने खुद को बचाने के लिए शव को छिपाया, लेकिन पुलिस की जांच आगे बढ़ने के बाद मामले की परतें खुलने लगीं. इस मामले की सबसे चौंकाने वाली बात कथित तौर पर बरामद रकम है. पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि अनीस की जेब से उन्हें सिर्फ 80 रुपये मिले थे. यानी जिस पैसे के लालच में दोस्ती को खूनी अंजाम तक पहुंचाने का आरोप है, वह रकम महज 80 रुपये थी. पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.
मामले में एक और चीज ने ध्यान खींचा है और वह है नुकीली सलाई. पुलिस के मुताबिक, आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई नुकीली सलाई बरामद की गई है. बताया गया है कि इस तरह की सलाई का इस्तेमाल सिख पगड़ी को सेट करने में किया जाता है. पगड़ी से बाहर निकलने वाले छोटे-छोटे बालों या पगड़ी की लड़ को ठीक करने के लिए इस्तेमाल होने वाली इस तरह की नुकीली सलाई को कई जगहों पर बाज भी कहा जाता है. आरोप है कि इसी छोटी नुकीली सलाई से अनीस की गर्दन पर वार किए गए. इसके अलावा घटना में बेल्ट के इस्तेमाल की बात भी सामने आई है.
27 सितंबर को भाई ने दी थी गुमशुदगी की सूचना
अनीस के लापता होने के बाद उसके भाई जमील ने 27 सितंबर को स्योहारा थाने में सूचना दी थी. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. जांच के दौरान हिमांशु, राजा और हरप्रीत उर्फ हर्ष उर्फ अंगा पर शक हुआ. पूछताछ आगे बढ़ी तो मामले से जुड़े घटनाक्रम सामने आने लगे. पुलिस पहले ही हिमांशु और राजा को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. अब तीसरे आरोपी जसविन्दर उर्फ हर्ष उर्फ अंगा को भी गिरफ्तार कर लिया गया है.
पुलिस के अनुसार, तीसरे आरोपी की निशानदेही पर एक बेल्ट, नुकीली सलाई और अनीस की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई है. मोटरसाइकिल का नंबर UP-20 CM-2591 बताया गया है. फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई चल रही है. पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम हरप्रीत उर्फ हर्ष उर्फ अंगा नहीं, बल्कि जसविन्दर उर्फ हर्ष उर्फ अंगा बताया है. पुलिस अब मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
ऋतिक राजपूत