'सुजाता से कराओ शादी वरना...' बागपत में रूठी प्रेमिका को मनाने मोबाइल टावर पर चढ़ा सिरफिरा प्रेमी!

बागपत में फिल्म ‘शोले’ का मशहूर सीन उस वक्त हकीकत में नजर आया, जब रूठी प्रेमिका को मनाने के लिए एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया. फर्क सिर्फ इतना था कि यहां वीरू की जगह विशाल था, पानी की टंकी की जगह मोबाइल टावर और बसंती की जगह सुजाता. फिल्मी अंदाज में युवक की मांग भी वही थी- प्रेमिका से शादी. घंटों चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने किसी तरह युवक को नीचे उतारा और दोनों के बीच बातचीत कराई.

Advertisement
बागपत पुलिस ने प्रेमी को टावर से नीचे उतारा (Photo- ITG) बागपत पुलिस ने प्रेमी को टावर से नीचे उतारा (Photo- ITG)

मनुदेव उपाध्याय

  • बागपत ,
  • 09 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 11:04 AM IST

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में विशाल नाम का युवक अपनी रूठी प्रेमिका सुजाता से शादी करने की जिद को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया. गुजरात की कंपनी में साथ काम करने के दौरान दोनों लिव-इन में रहते थे, लेकिन शादी की समय-सीमा को लेकर हुए विवाद के बाद प्रेमिका बागपत स्थित अपनी बहन के घर चली आई थी. प्रेमिका द्वारा शादी से इनकार करने पर विशाल बामनौली पहुंचा और गांव का ध्यान खींचने के लिए टावर पर चढ़ गया. सूचना पाकर मौके पर पहुंची डायल-112 पुलिस ने मशक्कत के बाद उसे नीचे उतारा. 

Advertisement

गुजरात में काम के दौरान हुआ था प्यार

बता दें कि बलिया जिले के तिवारीके मिल्की गांव का रहने वाला विशाल और बिजनौर की सुजाता गुजरात की एक कंपनी में साथ काम करते थे. वहीं दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे. कुछ समय बाद सुजाता वापस लौटकर बागपत के आदमपुर गांव में अपनी बहन के पास रहने लगी. विशाल चाहता था कि सुजाता उसके साथ वापस चले, लेकिन शादी की तारीख को लेकर दोनों के बीच विवाद खड़ा हो गया.

बहन की शादी की बात पर हुआ था विवाद

सुजाता जल्द से जल्द शादी करना चाहती थी, जबकि विशाल की शर्त थी कि वह पहले अपनी बहन की शादी करेगा और उसके बाद सुजाता से विवाह करेगा. इसी बात से नाराज होकर सुजाता ने शादी से इनकार कर दिया और उसे लौटने को कह दिया. प्रेमिका को मनाने बागपत पहुंचे विशाल की जब बातचीत से बात नहीं बनी, तो उसने सीधे मोबाइल टावर पर चढ़कर हंगामा शुरू कर दिया.

Advertisement

पुलिस के दखल के बाद बनी बात

टावर पर युवक के चढ़ने से मौके पर तमाशबीनों की भीड़ जुट गई. पुलिस ने काफी देर तक विशाल को समझाया और सुरक्षित नीचे उतारा. इसके बाद पुलिस ने सुजाता से उसकी बातचीत कराई, जहां सहमति बनी कि विशाल पहले अपनी बहन की शादी कराएगा और फिर दोनों शादी करेंगे. इसके बाद पुलिस ने उसे समझा-बुझाकर बलिया भेज दिया.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »