सिद्धार्थनगर: मूर्ति विसर्जन में तेज DJ के वाइब्रेशन से 3 दिन के मासूम की मौत! परिजनों के दावे पर पुलिस ने कही ये बात

यूपी के सिद्धार्थनगर जिले में विजयदशमी की रात मूर्ति विसर्जन के दौरान बजाए जा रहे तेज डीजे के वाइब्रेशन की वजह से 3 दिन के नवजात बच्चे की मौत का मामला सामने आया है. पीड़ित परिवार ने पुलिस-प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

Advertisement
मां-बाप ने लगाया डीजे वाले पर आरोप (Photo-Screengrab) मां-बाप ने लगाया डीजे वाले पर आरोप (Photo-Screengrab)

अनिल तिवारी

  • सिद्धार्थनगर ,
  • 23 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 11:26 AM IST

उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में विजयदशमी की रात मूर्ति विसर्जन के दौरान तेज आवाज में डीजे बज रहा था. आरोप है कि इस दौरान डीजे से निकले भीषण कंपन्न के कारण एक घर में सो रहे 3 दिन के नवजात बच्चे की अचानक रोने के बाद मौत हो गई. अस्पताल में जन्म के बाद घर लाए गए बिल्कुल स्वस्थ बच्चे ने तेज आवाज और घर में हुए वाइब्रेशन के डर से दम तोड़ दिया. घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. रिपोर्ट में डीजे की आवाज से मौत की पुष्टि नहीं हुई है.  

Advertisement

घर का छज्जा और ड्रम हिलने लगा

बच्चे के पिता जावेद मनिहार ने बताया कि उनकी पत्नी की डिलीवरी सोमवार शाम को हुई थी. बच्चे में कोई बीमारी नहीं थी और वह बिल्कुल ठीक था. रात 11 से 11:30 बजे के करीब दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे का वॉल्यूम बहुत तेज था और कंपटीशन चल रहा था. आवाज और कंपन्न इतना ज्यादा था कि घर के बाहर का छज्जा का प्लास्टर उखड़ गया और घर के अंदर रखा ड्रम हिलने लगा. इसी दौरान बच्चा डर कर रोने लगा और कुछ ही सेकेंड में उसकी मौत हो गई.

मां का रो-रोकर बुरा हाल

नवजात की मां सबरून निशा का रो-रोकर बुरा हाल है. उन्होंने बताया कि बच्चा रात में पूरी तरह स्वस्थ था, लेकिन डीजे की तेज आवाज के बाद अचानक रोया और खत्म हो गया. परिजनों को जब तक कुछ समझ आता, तब तक मासूम की सांसें थम चुकी थीं. बच्चे को अस्पताल ले जाने का मौका भी नहीं मिला. मां का कहना है कि उनका बच्चा तो वापस नहीं आ सकता, लेकिन तेज आवाज में डीजे बजाकर ऐसा करने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए.

Advertisement

पहले भी दी गई थी चेतावनी

स्थानीय समाजसेवी उपेंद्र पाण्डेय ने बताया कि कस्बे के जागरूक लोगों ने पहले ही डीएम, एसपी और एसडीएम को ज्ञापन देकर डीजे के वाइब्रेशन को कंट्रोल करने की मांग की थी. दशहरे से पहले आयोजित पीस कमेटी की बैठक में क्षेत्राधिकारी, एसडीएम और थाना प्रभारी की मौजूदगी में डीजे की आवाज पर लगाम लगाने का विरोध दर्ज कराया गया था. अधिकारियों ने तेज आवाज पर कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बावजूद दिशा-निर्देशों का पालन नहीं कराया गया और रात 2 बजे तक लोग परेशान रहे.

पुलिस का बयान

सिद्धार्थनगर पुलिस ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम करवाया. रिपोर्ट में दोनों कान के पर्दे सुरक्षित मिले और कोई ब्लड क्लॉटिंग नहीं पाई गई, जिससे डीजे के शोर से मौत होने की पुष्टि नहीं हुई. अब मौत के सटीक कारण का पता लगाने के लिए विसरा प्रिजर्व कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »