लखनऊ के करोड़पति कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड में गिरफ्तार मॉडल श्रद्धा दुबे को लेकर पूछताछ में कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं. पुलिस के मुताबिक, श्रद्धा अपनी बहन रश्मि दुबे और करीबी साथियों के साथ मिलकर अमीर परिवारों के लड़कों को निशाना बनाती थी. इसके लिए उसने बाकायदा एक तरीका अपना रखा था. वह हर रात अपनी टोली के साथ विभूतिखंड स्थित किसान बाजार के एक कैफे में जाती थी. वहां हुक्का पीने के दौरान अमीर परिवारों के युवकों से दोस्ती करने और उन्हें अपने जाल में फंसाने की योजना बनाई जाती थी.
कैफे में हुई थी शिवा और श्रद्धा की पहली मुलाकात
पुलिस पूछताछ के मुताबिक, शिवा शर्मा और श्रद्धा दुबे की पहली मुलाकात भी इसी कैफे में हुई थी. धीरे-धीरे दोनों की नजदीकियां बढ़ीं और शिवा श्रद्धा के प्रभाव में आ गया. पुलिस का दावा है कि श्रद्धा शिवा का इस्तेमाल कर रही थी और उसे पूरी तरह अपने नियंत्रण में रखती थी. वह उससे अपने पैर तक दबवाती थी. आरोप है कि श्रद्धा ने शिवा के कई आपत्तिजनक वीडियो भी बना रखे थे, जिनके जरिए उसे ब्लैकमेल किया जाता था.
कपड़े उतरवाकर लिपस्टिक पोती, जबरन कराया डांस
पुलिस पूछताछ में सामने आए आरोपों के मुताबिक, वारदात वाले दिन शिवा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया था. उसे अपमानित करने के लिए उसके कपड़े उतरवाए गए और शरीर पर लिपस्टिक पोती गई. इसके बाद श्रद्धा ने अपनी बहन रश्मि, करीबी आमिर और ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश के सामने शिवा को जबरन डांस करने के लिए मजबूर किया. आरोप है कि कई घंटों तक उसे अपमानित और प्रताड़ित किया गया.
रसूखदार लोगों की तस्वीरें दिखाकर जमाती थी धौंस
जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक श्रद्धा प्रभावशाली लोगों के साथ पार्टियों की तस्वीरें दिखाकर अपना रसूख जाहिर करती थी. ये तस्वीरें पेन ड्राइव में सुरक्षित रखी गई थीं. आरोप है कि वह बड़े अधिकारियों और प्रभावशाली लोगों के नाम का इस्तेमाल कर दूसरों पर धौंस जमाती थी. इसी कथित प्रभाव का इस्तेमाल कर उसने हजरतगंज थाने में एक FIR भी दर्ज कराई थी.
श्रद्धा और उसके साथियों की गिरफ्तारी के बाद किसान बाजार स्थित कैफे का संचालक दुकान बंद कर फरार हो गया है. पुलिस उसकी तलाश कर रही है. वहीं, शिवा को प्रताड़ित करने और वारदात के बाद नेपाल भगाने में मदद करने का आरोपी आमिर भी अभी फरार है.
13 नवंबर तक बढ़ी तीनों आरोपियों की न्यायिक हिरासत
इस मामले में गिरफ्तार श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश की CJM कोर्ट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेशी हुई. अदालत ने तीनों की न्यायिक हिरासत 13 नवंबर तक बढ़ा दी है. श्रद्धा ने जेल में अपने वकील से मुलाकात के लिए सप्ताह में अधिक समय देने की मांग की. उसने अदालत में सशरीर पेश किए जाने की भी मांग की, लेकिन कारण पूछने पर वह चुप रही. अदालत ने कहा कि जरूरत पड़ने पर ही उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा.
आशीष श्रीवास्तव