Uttar Pradesh News: बागपत के कोतवाली बड़ौत क्षेत्र में दिल्ली हाइवे पर 26 अप्रैल की रात कार सवार चार युवकों ने अस्पताल से लौट रही एक युवती, उसकी बहन और भाभी के साथ बदतमीजी की. आरोपियों ने महिलाओं को देखते ही 'चाची आई लव यू' कहकर फब्तियां कसीं और अश्लील इशारे किए.
इस हरकत से परेशान युवती ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस बुला ली. मौके पर पहुंची पुलिस ने कार से शराब की बोतल बरामद की और शुभम, विक्रांत और विनीत नामक युवकों को दबोच लिया. युवती के भाई की तहरीर पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
हाइवे पर हुड़दंग और अश्लील कमेंट्स
दिल्ली हाइवे पर एक बैंकेट हॉल के पास कार सवार युवकों का हंगामा उस समय बढ़ गया जब उन्होंने मर्यादा की सारी हदें पार कर दीं. पीड़ित युवती के मुताबिक, आरोपी नशे की हालत में थे और लगातार पीछा करते हुए गंदे इशारे कर रहे थे. 'चाची आई लव यू' के कमेंट के साथ शुरू हुई यह छेड़खानी हाईवे पर बड़े हंगामे में बदल गई. हालांकि, युवती ने डरने के बजाय साहस दिखाया और बीच सड़क पर ही पुलिस को सूचना देकर मनचलों का सारा 'रोमांस' थाने पहुंचा दिया.
शराब की बोतल बरामद, तीन गिरफ्तार
पुलिस ने सूचना मिलते ही घेराबंदी कर मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक अज्ञात युवक भागने में सफल रहा. जांच के दौरान आरोपियों की कार से शराब की बोतल भी मिली है, जिससे पुष्टि हुई कि वे नशे में धुत थे. पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार साथी की तलाश की जा रही है.
मनुदेव उपाध्याय