Uttar Pradesh News: संभल जिले में गंगा एक्सप्रेसवे के इंटरचेंज पॉइंट पर तैनात हेड कांस्टेबल जय भगवान मंगलवार दोपहर अपनी ड्यूटी से गायब मिले. ट्रैफिक पुलिस प्रभारी दुष्यंत बालियान जब औचक निरीक्षण करने पहुंचे, तो लहरावन गांव के पास तैनात सिपाही वहां मौजूद नहीं था. इसके तुरंत बाद प्रभारी ने सिपाही की गैरहाजिरी की रपट लिख दी. सिपाही का दावा है कि वह पेट खराब होने के कारण पास के पेट्रोल पंप पर शौच के लिए गया था. जब उसने यह दलील दी, तो प्रभारी ने कथित तौर पर विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्होंने उसकी 'पॉटी का ठेका' नहीं ले रखा है. यह विवाद अब सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद बड़ा मुद्दा बन गया है.
सिपाही ने लगाए अवैध वसूली के गंभीर आरोप
इस विवाद के बाद हेड कांस्टेबल जय भगवान ने ट्रैफिक पुलिस प्रभारी दुष्यंत बालियान पर पलटवार करते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं. वायरल वीडियो में सिपाही का दावा है कि प्रभारी अवैध रूप से ट्रकों का संचालन करवाते हैं.
सिपाही के मुताबिक, कांवड़ यात्रा के दौरान उसने मिट्टी से लदा एक डंपर रोका था और प्रभारी के ट्रकों का चालान करने की वजह से वे उससे रंजिश रखते हैं. सिपाही ने कहा कि इसी चिढ़ की वजह से मामूली मानवीय जरूरत के लिए जाने पर उसकी रपट लिखी गई और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया.
एसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों को किया लाइन हाजिर
मामला बढ़ता देख और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद संभल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कृष्ण कुमार बिश्नोई ने कड़ी कार्रवाई की है. एसपी ने हेड कांस्टेबल जय भगवान और ट्रैफिक पुलिस प्रभारी दुष्यंत बालियान, दोनों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है. एसपी ने बताया कि सिपाही के गैरहाजिर मिलने और उसके द्वारा लगाए गए आरोपों का संज्ञान लिया गया है. इस पूरे प्रकरण की गहराई से जांच के लिए विभागीय आदेश भी जारी कर दिए गए हैं ताकि सच सामने आ सके.
अभिनव माथुर