राजा भैया के गढ़ में कुंडा में धीरेंद्र शास्त्री की कथा पर सियासी घमासान, अखिलेश यादव ने प्रशासन से कर दी ये मांग!

कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के विवादित बयान पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कड़ा रुख अपनाया है. उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार और प्रशासन से अपील की है कि कुंडा, लखनऊ, आगरा और अंबेडकरनगर समेत विभिन्न जिलों में नवंबर-दिसंबर में प्रस्तावित उनके सार्वजनिक आयोजनों को अनुमति न दी जाए.

Advertisement
कुंडा में कथा से पहले अखिलेश का रिएक्शन (Photo- Screengrab) कुंडा में कथा से पहले अखिलेश का रिएक्शन (Photo- Screengrab)

aajtak.in

  • लखनऊ ,
  • 05 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 8:00 PM IST

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का विरोध करते हुए प्रदेश सरकार और प्रशासन से उनके सार्वजनिक आयोजनों पर रोक लगाने की अपील की. भगवान राम और कृष्ण की तुलना करने वाले विवादित वीडियो के बाद अखिलेश ने एक्स पर पोस्ट कर अंबेडकरनगर, कुंडा, गोंडा, झांसी, लखनऊ और आगरा में प्रस्तावित कार्यक्रमों को अनुमति न देने को कहा. कुंडा में 17 से 19 नवंबर तक जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) द्वारा आयोजित श्रीराम कथा में धीरेंद्र शास्त्री का कार्यक्रम होना है. अखिलेश ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए सीमा पर नाकाबंदी बोर्ड लगाने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की मांग की है.

Advertisement

'न ब्रज में प्रवेश मिलेगा, न अवध में': अखिलेश का हमला

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बेहद तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने लिखा कि कथावाचक ने यदुवंशियों और रघुवंशियों दोनों की भावनाएं आहत की हैं, इसलिए अब उन्हें न ब्रज में प्रवेश मिलेगा और न अवध में. अखिलेश ने कहा कि कोई सच्चा रघुवंशी या यदुवंशी उनका स्वागत नहीं करेगा. उन्होंने उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश सीमा के साथ-साथ नेपाल बॉर्डर पर भी 'ईशनिंदा करने वालों का प्रवेश वर्जित है' जैसे नाकाबंदी बोर्ड लगाने तक की टिप्पणी कर डाली.

प्रशासन से आयोजनों की अनुमति न देने की अपील

बुधवार शाम को अखिलेश यादव ने अपने विरोध का दायरा और बढ़ा दिया. उन्होंने अंबेडकरनगर, कुंडा, गोंडा, झांसी, लखनऊ और आगरा में नवंबर व दिसंबर की तिथियों पर प्रस्तावित सार्वजनिक कार्यक्रमों का जिक्र किया. अखिलेश ने शासन-प्रशासन से अपील की कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले किसी भी विवादित व्यक्ति को किसी भी प्रकार से आयोजन की अनुमति न दी जाए. कुंडा में विधायक रघुराज प्रताप सिंह की पार्टी जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) द्वारा तीन दिवसीय श्रीराम कथा आयोजित की जा रही है.

Advertisement

सियासी टकराव और आगे की स्थिति

सपा प्रमुख ने सवाल उठाया कि आपसी राजनीतिक टकराव में सियासी लोग भगवान को बीच में क्यों ला रहे हैं. उन्होंने आशंका जताई कि यूपी में किसी बाहरी के इशारे पर राजनीतिक-धार्मिक सत्ता को चुनौती देने का काम हो रहा है. सपा प्रमुख के इन बयानों और प्रशासनिक अपील के बाद अब कुंडा समेत अन्य प्रस्तावित स्थानों पर प्रशासन के रुख और राजनीतिक दलों की प्रतिक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.

सोशल मीडिया पोस्ट पर अखिलेश ने कथावाचकों के अनर्गल बयांबाजी पर चेतावनी दी है कि ऐसे लोग बयान देकर निकल जाएंगे, लेकिन जनता इसका गुस्सा आयोजकों और प्रायोजकों पर निकालेगी. आस्थावान यही मानेंगे कि भगवान के बारे में अपशब्द कहने वाले इन वक्ताओं की बातों में आयोजकों की भी मौन सहमति है, इसलिए ऐसे नकारात्मक लोगों को सार्वजनिक आयोजनों में आमंत्रित करने से बचना चाहिए. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »