नोएडा में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 300 किलो नकली पनीर नष्ट, 5 सैंपल जांच के लिए भेजे गए

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. अभियान के दौरान करीब 300 किलो संदिग्ध पनीर नष्ट कराया गया और दूध व पनीर के 5 नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए हैं. अधिकारियों ने कहा कि रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement
डेयरियों में मचा हड़कंप.(Photo: Bhupender Chaudhary/ITG) डेयरियों में मचा हड़कंप.(Photo: Bhupender Chaudhary/ITG)

भूपेन्द्र चौधरी

  • नोएडा,
  • 19 जून 2026,
  • अपडेटेड 9:24 PM IST

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग लगातार अभियान चला रहा है. इसी अभियान के तहत विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 300 किलो संदिग्ध पनीर को नष्ट कराया है. साथ ही दूध और पनीर के कुल 5 नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए हैं.

Advertisement

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि यह अभियान आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश और जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाया जा रहा है. इसका उद्देश्य जिले में दूध और दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता की जांच करना और मिलावट पर रोक लगाना है.

यह भी पढ़ें: 'भैया नहीं, सर होता है... सैल्यूट करो', फर्जी IPS ने पुलिस के सामने दिखाई हेकड़ी, बोला- नोएडा में पोस्टेड हूं; 40 रुपये के विवाद में खुली पोल

विभाग की टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में डेयरियों और थोक विक्रेताओं का निरीक्षण किया और नमूने एकत्र किए. अधिकारियों का कहना है कि संदिग्ध पाए गए उत्पादों को तुरंत कार्रवाई के तहत नष्ट कराया जा रहा है.

ग्रेटर नोएडा की डेयरी में 100 किलो पनीर नष्ट

खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार, विजय बहादुर पटेल और रविंद्र नाथ वर्मा की टीम ने ग्रेटर नोएडा के हल्दौनी स्थित एक डेयरी का निरीक्षण किया. जांच के दौरान यहां से पनीर का नमूना लिया गया.

Advertisement

निरीक्षण में करीब 100 किलो पनीर प्रथम दृष्टया मिलावटी और मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाया गया. इसके बाद उसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया. इसी टीम ने जेवर तहसील के जहांगीरपुर गांव स्थित एक डेयरी से दूध का नमूना भी लिया.

अधिकारियों ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए लैब भेजा गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.

नोएडा सेक्टर-15 और सेक्टर-65 में भी कार्रवाई

एक अन्य टीम, जिसमें खाद्य सुरक्षा अधिकारी सैयद इबादुल्लाह और विशाल गुप्ता शामिल थे. उन्होंने नोएडा सेक्टर-15 स्थित एक डेयरी का निरीक्षण किया. यहां से पनीर का नमूना लेने के साथ करीब 200 किलो पनीर को नष्ट कराया गया.

इसी तरह खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज ने नोएडा सेक्टर-65 स्थित एक खाद्य उत्पाद कंपनी से दूध और पनीर के नमूने एकत्र किए.

कुल मिलाकर अभियान के दौरान 5 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं. विभाग का कहना है कि मिलावट पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

अभियान आगे भी जारी रहेगा, रिपोर्ट के बाद कार्रवाई

खाद्य विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे. मिलावटखोरों पर किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी.

Advertisement

लैब से रिपोर्ट आने के बाद संबंधित डेयरियों और कंपनियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. विभाग ने कहा कि जनता को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है.

अधिकारियों का यह भी कहना है कि आगे भी ऐसे निरीक्षण तेज किए जाएंगे ताकि मिलावट के नेटवर्क पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »