मेरठ में अस्पताल पर लगे गंभीर आरोप: HIV पॉजिटिव बताकर इलाज के नाम पर बुजुर्ग से वसूले 2 लाख रुपये

मेरठ के कंकरखेड़ा स्थित शीला हॉस्पिटल पर बागपत निवासी मोहम्मद अशरफ को HIV पॉजिटिव बताकर इलाज के नाम पर करीब दो लाख रुपये लेने का आरोप लगा है. परिवार का दावा है कि बाद में दूसरी जगह कराई गई जांच में HIV संक्रमण नहीं मिला. परिजनों ने अस्पताल पर गलत रिपोर्ट दिखाने, धमकी देने और सामाजिक बदनामी कराने का आरोप लगाते हुए SSP और CMO से शिकायत की है.

Advertisement
CMO तक पहुंची शिकायत.(Photo: Usman Chaudhary/ITG) CMO तक पहुंची शिकायत.(Photo: Usman Chaudhary/ITG)

उस्मान चौधरी

  • मेरठ,
  • 27 मई 2026,
  • अपडेटेड 5:57 PM IST

मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित शीला हॉस्पिटल पर बागपत निवासी एक बुजुर्ग को HIV पॉजिटिव बताकर इलाज के नाम पर करीब दो लाख रुपये वसूलने का गंभीर आरोप लगा है. पीड़ित परिवार ने अस्पताल प्रबंधन पर गलत रिपोर्ट दिखाकर डराने, सामाजिक बदनामी कराने और पैसे वापस मांगने पर धमकी देने का आरोप लगाया है. मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और मेरठ के सीएमओ से की गई है. सीएमओ ने पूरे मामले में जांच कर कार्रवाई की बात कही है.

Advertisement

जानकारी के मुताबिक, बागपत निवासी मोहम्मद अशरफ अपनी बहू रूबी के साथ मेरठ के एसपी ऑफिस पहुंचे, जहां उन्होंने पूरे मामले की जानकारी दी. रूबी के अनुसार 19 अप्रैल को उनके ससुर की अचानक तबीयत खराब हो गई थी. इसके बाद उन्हें पहले बड़ौत ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने मेरठ रेफर कर दिया. इसके बाद मोहम्मद अशरफ को कंकरखेड़ा क्षेत्र स्थित शीला हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया.

यह भी पढ़ें: 6 कत्ल, तिहार में उम्रकैद और पैरोल पर निकाह... मेरठ में कड़े पुलिस पहरे के बीच दूल्हा बना वाजिद

जांच के बाद HIV पॉजिटिव बताने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में जांच के दौरान बुजुर्ग की HIV जांच कराई गई और उन्हें HIV पॉजिटिव बताया गया. इसके बाद अस्पताल में उनका इलाज शुरू कर दिया गया, जबकि वहां HIV का कोई इलाज नहीं था. आरोप है कि इलाज के नाम पर लगातार पैसे मांगे गए और करीब दो लाख रुपये ले लिए गए.

Advertisement

करीब तीन दिन बाद परिवार मरीज को लेकर घर लौट आया. इसके बाद दूसरी जगह जांच कराई गई, जहां HIV संक्रमण नहीं पाया गया. परिवार ने एक अन्य जगह भी जांच कराई, वहां भी रिपोर्ट सामान्य आई. परिजनों का कहना है कि बुजुर्ग को केवल सांस की बीमारी थी, लेकिन अस्पताल ने HIV की बीमारी बताकर इलाज किया.

पैसे मांगने पर धमकी देने का आरोप

परिवार का आरोप है कि जब उन्हें दूसरी जांच में रिपोर्ट सामान्य मिली तो उन्होंने अस्पताल से पैसे वापस मांगे. इसके बाद अस्पताल के कर्मचारी उनके घर पहुंचे और उन्हें धमकी दी. परिवार का कहना है कि HIV पॉजिटिव बताए जाने के बाद समाज में उनका बहिष्कार जैसा माहौल बन गया था और लोग मिलने-जुलने से भी डरने लगे थे.

इस मामले में मेरठ के सीएमओ अशोक कटारिया ने बताया कि मोहम्मद अशरफ की ओर से शिकायत पत्र प्राप्त हुआ है. पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »