मां की आंखों में दर्द, गोद में बच्चा और एक कदम दूर थी मौत, फिर हुआ चमत्कार

लखनऊ हाईकोर्ट परिसर में एक महिला अपने बच्चे के साथ पांचवीं मंजिल की छत पर चढ़कर कूदने की धमकी देने लगी. करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सीआरपीएफ और पुलिस ने सूझबूझ से दोनों को सुरक्षित नीचे उतार लिया. महिला पारिवारिक विवाद के कारण मानसिक तनाव में थी.

Advertisement
पांचवीं मंजिल से महिला ने किया कूदने का प्रयास  (Photo: Screengrab) पांचवीं मंजिल से महिला ने किया कूदने का प्रयास (Photo: Screengrab)

अंकित मिश्रा

  • लखनऊ ,
  • 10 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 9:07 PM IST

लखनऊ के हाईकोर्ट परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला अपने मासूम बच्चे के साथ पांचवीं मंजिल की छत पर चढ़ गई और कूदने की धमकी देने लगी. इस घटना ने पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया और मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं.

यह घटना शाम करीब 4 बजे की है, जब कोर्ट की कार्यवाही समाप्त हो चुकी थी. इसी दौरान एडवोकेट चैंबर के सी ब्लॉक की छत पर अचानक एक महिला दिखाई दी. महिला अपने छोटे बच्चे को गोद में लेकर खड़ी थी और नीचे कूदने की बात कह रही थी. यह दृश्य देखकर नीचे मौजूद वकीलों, कर्मचारियों और आम लोगों में डर का माहौल बन गया. देखते ही देखते वहां हजारों की भीड़ जमा हो गई और हर कोई छत की ओर देखने लगा.

Advertisement

महिला ने पांचवीं मंजिल से दी कूदने की धमकी 

महिला की पहचान रूपाली के रूप में हुई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह पारिवारिक विवाद के चलते मानसिक तनाव में थी. इसी कारण उसने यह खतरनाक कदम उठाने की कोशिश की. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर तैनात सीआरपीएफ और पुलिस टीम तुरंत सक्रिय हो गई. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नीचे जाल बिछाया गया ताकि किसी भी स्थिति में महिला और बच्चे को बचाया जा सके. वहीं छत पर महिला पुलिस और अन्य जवानों की टीम भेजी गई, जिन्होंने उसे समझाने की कोशिश शुरू की.

जवानों ने सूझबूझ से महिला को नीचे उतारा 

सीआरपीएफ के सुरक्षा अधिकारी आर.के. तिवारी ने बताया कि टीम ने बहुत सावधानी से काम किया. उन्होंने महिला का ध्यान भटकाने की रणनीति अपनाई और धीरे-धीरे उसे शांत करने की कोशिश की. करीब एक घंटे तक चले इस रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आखिरकार जवानों ने सूझबूझ दिखाते हुए महिला और उसके बच्चे को सुरक्षित नीचे उतार लिया. इस घटना के बाद परिसर में मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली. पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और महिला से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे की पूरी वजह सामने आ सके.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement