लखनऊ: होटल की दूसरी मंजिल से फेंकी सीमेंट की भारी बोरी, नीचे गुजर रहे मारुति शोरूम मैनेजर के ऊपर गिरी, मौत

लखनऊ के चिनहट में एक निर्माणाधीन होटल की दूसरी मंजिल से लापरवाही से फेंका गया मलबे का भारी बोरा सर्विस मैनेजर अनूप सिंह के सिर पर जा गिरा, जिससे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी होटल मालिक को हिरासत में ले लिया है, जबकि पीड़ित परिवार ने सख्त कार्रवाई और आर्थिक मदद की मांग की है.

Advertisement
मृतक अनूप कुमार सिंह (Photo- ITG) मृतक अनूप कुमार सिंह (Photo- ITG)

अंकित मिश्रा

  • लखनऊ ,
  • 27 मई 2026,
  • अपडेटेड 9:54 AM IST

लखनऊ के चिनहट इलाके से एक बेहद सनसनीखेज और दर्दनाक मामला सामने आया है. यहां एक निर्माणाधीन होटल की दूसरी मंजिल से नीचे फेंका गया मलबे से भरा बोरा सीधे एक शख्स के सिर पर जा गिरा. इस हादसे में मारुति शोरूम के सर्विस मैनेजर की इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद से मृतक के परिवार में चीख-पुकार मची हुई है. पुलिस ने आरोपी होटल मालिक को हिरासत में ले लिया है. 

Advertisement

मूल रूप से देवरिया के कुंडौली गांव के रहने वाले अनूप कुमार सिंह (36) लखनऊ के आईटी चौराहा स्थित शोरूम में सर्विस मैनेजर थे. वह चिनहट के नौबस्ता कला स्थित वसुंधरा विहार कॉलोनी में अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहते थे. मंगलवार सुबह करीब 8 बजे अनूप हमेशा की तरह अपनी ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकले थे. जैसे ही वह कॉलोनी में स्थित एक होटल के सामने पहुंचे, तभी यह भयानक हादसा हो गया. 

नौबस्ता कला में विशाल तिवारी का एक ओयो होटल है, जहां निर्माण कार्य चल रहा था. वहां रखी कुछ सीमेंट पानी पड़ने की वजह से जम गई थी. होटल मालिक विशाल ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर सुबह सीमेंट के उस जमे हुए हिस्से को टुकड़ों में तोड़ा और मलबे को एक बोरी में भर लिया. इसके बाद बिना नीचे देखे लापरवाही से उस भारी बोरी को दूसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया. 

Advertisement

होटल की दूसरी मंजिल से फेंकी गई मलबे की बोरी सीधे नीचे से गुजर रहे अनूप कुमार सिंह के सिर पर जा गिरी. मलबा इतना भारी था कि अनूप का सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर मौके पर ही बेहोश हो गए. आस-पास के लोगों ने आनन-फानन में उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया, लेकिन गंभीर चोट होने के कारण इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. 

मृतक के भाई श्रेयांश ने बताया कि अनूप ही घर में अकेले कमाने वाले थे. उनके परिवार में पत्नी ऋचा के अलावा दो छोटे बच्चे (दिव्यांश और अयान) हैं, जिनमें से एक बच्चा तो महज 3 महीने का है. यही नहीं, उनके पिता भी कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं. परिवार ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और 50 लाख रुपये की आर्थिक मदद की मांग की है. 

मृतक के भाई का आरोप है कि हादसे के बाद होटल मालिक और उसके लोगों ने जमीन पर फैले खून को साफ कर सबूत मिटाने की कोशिश की. इतना ही नहीं, जब वे लोग थाने पहुंचे तो होटल मालिक के रसूखदार जानने वाले वहां आ गए और पीड़ित परिवार पर समझौते का दबाव बनाने लगे. 

घटना की सूचना मिलते ही चिनहट थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. चिनहट थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी होटल मालिक विशाल तिवारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement