कानपुर के कैंटोनमेंट इलाके में बुधवार शाम करीब 7:30 बजे दिल्ली-प्रयागराज रेल मार्ग पर एक छोटा एलपीजी सिलेंडर जलने से यात्रियों और रेल प्रशासन में दहशत फैल गई. यह घटना कानपुर सेंट्रल स्टेशन से करीब दो किलोमीटर दूर एक सुनसान हिस्से में हुई. वहां पांच किलो का जलता हुआ सिलेंडर ट्रैक से लगभग सात फीट की दूरी पर मिला.
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, स्थानीय निवासियों ने पुलिस और आरपीएफ के पहुंचने से पहले ही आग पर काबू पा लिया. शुरुआती जांच के अनुसार, महाबोधि एक्सप्रेस से यह सिलेंडर गिरा हो सकता है, जिसमें गैस रिसाव के कारण आग लग गई थी.
ट्रैक के पास मिला सामान और सुराग
घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस को एक अधजला बोरा मिला है. इस बोरे में कुछ बर्तन, एक मोबाइल फोन और प्रतापगढ़ निवासी ओम प्रकाश मिश्रा का आधार कार्ड बरामद हुआ है. डीसीपी (ईस्ट) सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि बरामद फोन के जरिए मिश्रा के बेटे से संपर्क किया गया है. पता चला है कि ओम प्रकाश दिल्ली में सुरक्षा गार्ड हैं और वह अपना सामान और नकदी लेकर घर लौट रहे थे.
साजिश या हादसा? जांच जारी
पुलिस और फॉरेंसिक टीमें इस मामले की गहराई से पड़ताल कर रही हैं. शुरुआती आकलन इसे एक हादसा मान रहा है, जहां सफर के दौरान रिसाव के कारण सिलेंडर में आग लगी और उसे ट्रेन से बाहर फेंक दिया गया. हालांकि, पुलिस शराब के सेवन और किसी संभावित साजिश या लापरवाही के एंगल से भी जांच कर रही है. फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.
सिमर चावला