UP: ‘मम्मी मुझे चोर कहते हैं’, दर्द में डूबी 12 साल की बच्ची ने लगाई फांसी

कानपुर के गोविंद नगर इलाके में कक्षा 8 की 12 साल की छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. परिजनों का आरोप है कि पड़ोसियों द्वारा लगातार चोर कहकर बदनाम करने और ताने देने से वह मानसिक रूप से परेशान थी. कुछ दिन पहले उसने खेल-खेल में पड़ोसी के घर से जेवर उठा लिया था, जिसे बाद में वापस कर दिया गया था. पुलिस जांच कर रही है.

Advertisement
12 साल की छात्रा ने की खुदकुशी. (Photo: ITG) 12 साल की छात्रा ने की खुदकुशी. (Photo: ITG)

रंजय सिंह

  • कानपुर ,
  • 08 जून 2026,
  • अपडेटेड 11:44 PM IST

उत्तर प्रदेश के कानपुर के गोविंद नगर क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां कक्षा 8 में पढ़ने वाली 12 साल की बच्ची ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. परिजनों का आरोप है कि बच्ची को पड़ोसियों द्वारा लगातार चोर कहकर ताने दिए जा रहे थे, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गई थी. जानकारी के अनुसार, मृतका दिव्यांशी अपनी मां माधुरी के साथ गोविंद नगर के रतनलाल नगर इलाके में रहती थी. दिव्यांशी कक्षा 8 की छात्रा थी और स्कूल की छुट्टियों के दौरान अक्सर पड़ोस के बच्चों के साथ खेलने जाती थी.

Advertisement

कुछ दिन पहले खेल-खेल में दिव्यांशी पड़ोस के घर में रखे सोने के जेवर को उठा लाई थी. परिजनों के अनुसार, उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि वह जेवर सोने का है. बाद में जब पड़ोसी ने जेवर गायब होने की बात पूछी तो दिव्यांशी ने अपनी मां को इसकी जानकारी दी. इसके बाद मां ने बच्ची को डांटा और तुरंत पड़ोसी का जेवर वापस कर दिया गया. परिजनों का कहना है कि बच्ची ने सभी को यह भी बताया था कि उसे पता नहीं था कि वह जेवर सोने का है और उसने गलती से उठा लिया था.

खेल-खेल में उठा जेवर बना विवाद की वजह

हालांकि इसके बाद भी पड़ोसी उसे लगातार चोर-चोर कहकर बदनाम करते रहे. परिजनों का आरोप है कि जब भी बच्ची घर के बाहर दिखाई देती, उसे ताने दिए जाते और बार-बार अपमानित किया जाता था. इससे वह मानसिक रूप से बहुत परेशान रहने लगी थी. शनिवार को बच्ची ने घर में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. जब उसकी मां काम से लौटकर घर पहुंची तो उसने बच्ची को फंदे पर लटका पाया. इससे पूरे परिवार में कोहराम मच गया.

Advertisement

मां माधुरी ने बताया कि सुबह के समय बच्ची सामान्य थी, लेकिन वह लगातार कह रही थी कि पड़ोसी उसे चोर कहकर परेशान करते हैं और उसे बुरा लगता है. परिवार का कहना है कि उन्हें अंदाजा नहीं था कि बच्ची इतना बड़ा कदम उठा लेगी. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

गोविंद नगर क्षेत्र के एसीपी दिलीप सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है.

नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »