उत्तर प्रदेश के कन्नौज में एक सरकारी आवास के कमरे से पति-पत्नी के शव मिलने से सनसनी फैल गई. दोनों के साथ रह रही करीब डेढ़ से दो साल की बच्ची भी घायल अवस्था में मिली है. महिला के गले पर दुपट्टे या साड़ी से कसने के निशान पाए गए हैं, जबकि पति के चेहरे पर चोट के निशान हैं. बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घटना गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र की है. यहां पुराने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के एक आवास में करीब 32 वर्षीय संजीव कुमार अपनी पत्नी शिखा और दो साल की बेटी के साथ रहते थे. 5 नवंबर की सुबह कमरे में संजीव और शिखा के शव मिले. वहीं, उनकी मासूम बेटी घायल हालत में पड़ी थी.
यह भी पढ़ें: कन्नौज में नहीं जुटी भीड़ तो अखिलेश यादव ने लिया एक्शन! PDA सम्मेलन में कुर्सियां खाली रहने पर संगठन इकाई भंग
सूचना मिलने पर एसपी विनोद कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. डॉग स्क्वायड और फील्ड टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की गहनता से पड़ताल शुरू कर दी है. शुरुआती तौर पर हत्या की आशंका जताई जा रही है.
अंदर से बंद थे घर के दोनों दरवाजे
एसपी विनोद कुमार के मुताबिक, संजीव कुमार अपनी पत्नी शिखा के साथ पुराने सीएचसी के आवास में रहते थे. रात में किसी समय दोनों की मौत हुई है. महिला के गले पर साड़ी या दुपट्टे से कसने के निशान मिले हैं, जबकि संजीव के चेहरे पर चोट के निशान हैं.
पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल घर में किसी बाहरी व्यक्ति के आने-जाने को लेकर है. एसपी ने बताया कि आवास में दो तरफ दरवाजे हैं और दोनों ही अंदर से बंद मिले. एक दरवाजे पर ताला लगा था, जबकि दूसरे की कुंडी अंदर से लगी हुई थी. फिलहाल घर में किसी के प्रवेश करने या बाहर निकलने का रास्ता स्पष्ट नहीं हो पाया है.
घायल बच्ची अस्पताल में भर्ती, जांच में जुटी पुलिस
एसपी ने बताया कि डॉग स्क्वायड और फील्ड टीम पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही हैं. घायल बच्ची की उम्र करीब डेढ़ से दो साल है. वह अभी इतनी छोटी है कि बोल नहीं सकती. फिलहाल उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसका इलाज चल रहा है.
पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. पति-पत्नी की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घर के दोनों दरवाजे अंदर से बंद होने के बावजूद यह घटना कैसे हुई, इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं. जांच पूरी होने के बाद ही घटना की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी.
नीरज श्रीवास्तव