सावन मास की कांवड़ यात्रा शुरू होते ही हरिद्वार से गंगाजल लेकर शिवालयों की ओर जाने वाले कांवड़ियों का सैलाब भी अब उमड़ पड़ा है. इस बार की यात्रा में तरह-तरह की अनोखी कांवड़ सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचती नजर आ रही हैं. ऐसी ही एक अनोखी और भावुक कर देने वाली कांवड़ उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से होकर गुजर रही है, जो पौराणिक कथाओं के श्रवण कुमार की कथा को जीवंत कर रही है.
दरअसल, दिल्ली के शाहदरा निवासी काजल चौधरी अपनी 90 वर्षीय सासू मां चन्द्रिदेवी को कांवड़ में बिठाकर हरिद्वार से दिल्ली तक की यात्रा कर रही हैं. कंधे पर कांवड़ और उसमें बैठी वृद्ध सास, यह दृश्य जो भी देख रहा है, वह भावुक हो रहा है.
बताया जा रहा है कि ये काजल चौधरी की दूसरी कांवड़ यात्रा है. साल 2025 में भी उन्होंने अपनी सास को कांवड़ में बिठाकर हरिद्वार से दिल्ली तक की यात्रा पूरी की थी.
काजल चौधरी पेशे से एक गायिका हैं, जो देहाती रागनी और भजनों के कारण सोशल मीडिया पर काफी प्रसिद्ध हैं. इसी साल उन्होंने अपनी सास को कंधे पर बिठाकर 84 कोस की परिक्रमा भी की थी, जिसके बाद से वह लगातार चर्चा में हैं. इस वर्ष की यात्रा में उनके छोटे पुत्र मनीष चौधरी और परिवार के अन्य लोग भी शामिल हैं.
काजल चौधरी 71 किलो गंगाजल सहित अपनी सास को बिठाकर ये अपनी कावड़ लेकर आ रही है. जिसमें वह संदेश दे रही हैं कि अपने सास ससुर माता-पिता की ऐसी सेवा करो कि जब वह हमारे पास से जाएं तो हमें अपना आशीर्वाद देकर जाएं. सभी को अपने माता-पिता की सेवा करनी चाहिए. यही हमारा कर्म भी है. देखें VIDEO:-
काजल चौधरी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी भावुक अपील की है. उनका कहना है कि उनकी सास चंद्रिदेवी मुख्यमंत्री से मिलना चाहती हैं और उन्हें कुछ भेंट करना चाहती हैं. उन्होंने हाथ जोड़कर कहा, ''मेरी अम्मा की इच्छा है कि वे योगी जी से मिलें. मैं बस इतना चाहती हूं कि उनकी यह इच्छा पूरी हो जाए.''
संदीप सैनी