सात समंदर पार से आए, भारतीय संस्कृति पर हारे दिल... आगरा में इटली के कपल ने हिंदू रिवाज से रचाई शादी

आगरा में इटली के प्रेमी जोड़े मैटियो और कैटरीना ने हिंदू रीति-रिवाजों से शादी कर सबका दिल जीत लिया. इटली के लिगुरिया से भारत घूमने आए इस जोड़े ने हरिद्वार में गंगा स्नान और काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन के बाद भारतीय संस्कृति से प्रभावित होकर शादी का फैसला किया.

Advertisement
मैटियो और कैटरीना, जिन्होंने हिंदू रिवाज से रचाई शादी. (Photo: ITG) मैटियो और कैटरीना, जिन्होंने हिंदू रिवाज से रचाई शादी. (Photo: ITG)

अरविंद शर्मा

  • आगरा,
  • 04 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 8:19 AM IST

मोहब्बत की नगरी आगरा में प्यार की निशानी इन दिनों एक ऐसी शादी चर्चा का केंद्र बन गई है, जिसने हर किसी का दिल जीत लिया है. सात समंदर पार इटली से भारत घूमने आए एक प्रेमी जोड़े ने भारतीय संस्कृति से प्रभावित होकर अपनी जिंदगी का नया सफर शुरू किया है, जिसके बारे में जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे.   

Advertisement

इटली के लिगुरिया के रहने वाले मैटियो और कैटरीना लंबे समय से रिलेशनशिप में हैं और इन दिनों भारत की यात्रा पर आए हुए हैं. भारत आने से पहले वे हरिद्वार में गंगा स्नान और काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर चुके हैं. यहां की सनातन संस्कृति और परंपराओं ने उनके मन पर ऐसी छाप छोड़ी कि उन्होंने भारत में ही हमेशा के लिए एक-दूसरे का होने का फैसला कर लिया.  

शादी के मंत्रों को पंडित ने हिंदी में समझाया. (Photo: ITG)

हिंदू रीत-रिवाज से हुई शादी
​वैसे तो इस जोड़े ने कई बार शादी की योजना बनाई थी, लेकिन किसी न किसी वजह से बात टलती रही. आखिरकार इस बार उन्होंने ताजमहल के शहर आगरा को अपनी शादी के लिए चुना.  पंडित प्रवीण दत्त शर्मा ने मंगलवार शाम 7:00 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ इस विदेशी जोड़े का विवाह संपन्न कराया.  

Advertisement

​इस अनोखी शादी की तस्वीरें भी बेहद खास रहीं, जहां दूल्हे राजा मैटियो पारंपरिक धोती-कुर्ते में नजर आए और दुल्हन कैटरीना लाल जोड़े में बेहद खूबसूरत लग रही थीं. अग्नि के सामने सात फेरे लेने के साथ दोनों ने सिंदूरदान और मंगलसूत्र की रस्म शिद्दत के साथ निभाई.  

पंडित ने हर मंत्र का अर्थ हिंदी में समझाया
​इस विवाह की सबसे खास बात यह रही कि पंडित जी ने हर एक मंत्र का अर्थ हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में समझाया, ताकि यह विदेशी जोड़ा भारतीय विवाह परंपराओं की गहराई को करीब से समझ सके. दोनों ने पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ हर रस्म में हिस्सा लिया. 

शादी के बाद मैटियो और कैटरीना ने कहा कि ताजमहल प्यार की सबसे बड़ी निशानी है और ऐसे ऐतिहासिक शहर में हिंदू रीति-रिवाजों से शादी करना उनके जीवन का सबसे खास अनुभव है. फिलहाल आगरा में इस विदेशी जोड़े की यह शादी चर्चा का विषय बनी हुई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »