उत्तर प्रदेश के मैनपुरी सदर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली सोनाली (काल्पनिक नाम) ने अपने पति शिवम गुप्ता और ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का गंभीर मामला दर्ज कराया है. सोनाली की शादी 19 फरवरी 2024 को एटा निवासी शिवम से हुई थी, जो एक प्राइवेट कंपनी में 2.5 लाख रुपये महीने की सैलरी पर कार्यरत है. शादी में ठीक-ठाक दान-दहेज देने के बावजूद शिवम 50 लाख रुपये की और देने की मांग कर रहा था. मांग पूरी न होने पर पीड़िता को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया. जब पीड़िता ने पति के व्यवहार पर शक होने के बाद आगरा स्थित किराए के फ्लैट में कैमरे लगवाए, तो उसे पति की आपत्तिजनक गतिविधियों का पता चला. विरोध करने पर पति ने उसे जान से मारने की धमकी दी.
शिकायत में लिखा गया है- शिवम के संदिग्ध आचरण पर पत्नी ने फ्लैट में हिडन कैमरे लगवाए, जिससे उसके अप्राकृतिक कृत्य (किराये के लड़कों के साथ कुकर्म) का खुलासा हुआ. वीडियो देख सदमे में आई पत्नी ने जब परिजनों को बताने की बात कही, तो पति ने उसे जान से मारने की धमकी दी. पुलिस द्वारा सुनवाई न होने पर पीड़िता ने अब उच्चाधिकारियों से न्याय और रिपोर्ट दर्ज करने की गुहार लगाई है.
लाखों की सैलरी फिर भी दहेज की भूख
पीड़िता के अनुसार, उसके पिता ने शादी में अपनी सामर्थ्य से बढ़कर आभूषण और उपहार दिए थे. पति शिवम गुप्ता एमटेक शिक्षित है और उसकी सैलरी ढाई लाख रुपये महीना है, लेकिन इसके बाद भी उसका लालच कम नहीं हुआ. वह लगातार 50 लाख रुपये कैश लाने का दबाव बना रहा था. जब पीड़िता ने मना किया, तो उसे घर में नरक जैसी स्थिति का सामना करना पड़ा.
कैमरे ने खोला पति की करतूतों का राज
शादी के कुछ समय बाद ही सोनाली को पति की हरकतों पर शक होने लगा. उसने सच्चाई जानने के लिए आगरा के अपने फ्लैट में गुपचुप तरीके से कैमरे लगवा दिए. पीड़िता का दावा है कि कैमरों की रिकॉर्डिंग में उसे पति की कुछ ऐसी आपत्तिजनक गतिविधियों के प्रमाण मिले, जिन्हें देखकर वह दंग रह गई. जब उसने इस बारे में परिवार को बताने की बात कही, तो पति ने उसे खामोश रहने के लिए मौत का डर दिखाया.
न्याय के लिए दर-दर भटक रही पीड़िता
सोनाली का आरोप है कि शुरुआत में जब वह शिकायत लेकर सदर कोतवाली पहुंची, तो पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की. न्याय न मिलता देख उसने जिले के उच्चाधिकारियों के सामने प्रार्थना पत्र देकर अपनी सुरक्षा और दोषियों पर कार्रवाई की गुहार लगाई.
अब अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है.
पुष्पेंद्र सिंह