'HBD Dear Life Partner Ji'...सोशल मीडिया पर अतुल का प्यार, लेकिन दामिनी का दिल स्कूल ड्राइवर के नाम

मेरठ के चर्चित स्नेक मर्डर केस में सोशल मीडिया और वास्तविक जिंदगी के बीच बड़ा विरोधाभास सामने आया है. अतुल पंवार जन्मदिन और शादी की सालगिरह पर पत्नी दामिनी के लिए प्यार भरे पोस्ट करता रहा, जबकि पुलिस का दावा है कि उसी दौरान दामिनी की स्कूल ड्राइवर तुषार से नजदीकियां बढ़ चुकी थीं. जांच में प्रेम संबंध, कथित हत्या की साजिश और 20 लाख रुपये के बीमा को अहम पहलू माना गया है.

Advertisement
अतुल पत्नी दामिनी को लेकर सोशल मीडिया पर कई पोस्ट करता था (Photo: ITG) अतुल पत्नी दामिनी को लेकर सोशल मीडिया पर कई पोस्ट करता था (Photo: ITG)

उस्मान चौधरी

  • मेरठ ,
  • 20 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 2:05 PM IST

2 जून को अतुल ने फेसबुक पर पत्नी दामिनी की तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा था Happy Birthday Dear Life Partner Ji. कुछ ही दिन बाद 27 जून को शादी की सालगिरह पर भी उसने सोशल मीडिया पर पत्नी को बधाई दी और शाम को डिनर पर ले गया. बाहर से यह रिश्ता बिल्कुल सामान्य दिख रहा था, लेकिन पुलिस का दावा है कि उसी दौरान रिश्ते की दूसरी कहानी लिखी जा रही थी. जांच में सामने आया कि स्कूल के ड्राइवर तुषार से दामिनी की नजदीकियां बढ़ चुकी थीं और इसी दौरान अतुल को रास्ते से हटाने की साजिश आकार लेने लगी.

Advertisement

सोशल मीडिया पर प्यार, लेकिन रिश्ते में बढ़ चुकी थी दूरी

मेरठ के हस्तिनापुर स्थित कृष्णा किड्स पब्लिक स्कूल चलाने वाले अतुल पंवार और दामिनी ने वर्ष 2019 में प्रेम विवाह किया था. दोनों ने साथ जीवन बिताने का फैसला किया था. सोशल मीडिया पर भी अतुल अक्सर पत्नी के लिए प्यार जताता था. 2 जून को दामिनी के जन्मदिन पर उसने लिखा Happy Birthday Dear Life Partner Ji. इसके बाद 27 जून को शादी की सालगिरह पर भी उसने पत्नी की फोटो पोस्ट कर Happy Marriage Anniversary Dear लिखा. सोशल मीडिया पर यह रिश्ता सामान्य और खुशहाल दिखाई देता था. लेकिन पुलिस जांच में दावा किया गया कि इसी दौरान दामिनी और स्कूल के ड्राइवर तुषार के बीच प्रेम संबंध विकसित हो चुके थे.

एक फेसबुक पोस्ट भी चर्चा में

Advertisement

जांच के दौरान दामिनी के सोशल मीडिया अकाउंट की भी चर्चा होने लगी. उसके फेसबुक प्रोफाइल पर एक पोस्ट साझा की गई थी, जिसमें लिखा था कि जिसने धोखा दिया, उसे दोबारा मौका मत देना.  हालांकि पुलिस ने इस पोस्ट को हत्या की साजिश से आधिकारिक रूप से नहीं जोड़ा है, लेकिन घटना के बाद यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है.

हाथ पर लिखा था 'अतुल की गुजरी'

बताया जा रहा है कि प्रेम विवाह के समय दामिनी ने अपने हाथ पर अतुल की गुजरी लिखवाकर टैटू भी बनवाया था. उस समय दोनों के रिश्ते की मिसाल दी जाती थी. लेकिन पुलिस का दावा है कि समय के साथ दोनों के रिश्तों में दूरियां बढ़ती चली गईं. आसपास के लोगों के मुताबिक पिछले कुछ महीनों से दोनों के बीच अक्सर तनाव रहता था. पुलिस के मुताबिक तुषार उसी स्कूल में ड्राइवर था, जिसे अतुल और दामिनी मिलकर चलाते थे. स्थानीय लोगों का कहना है कि तुषार का घर पर लगातार आना-जाना था. वह स्कूल वैन से दामिनी को स्कूल भी लेकर जाता था. इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं. पुलिस की तकनीकी जांच में दोनों के बीच लगातार बातचीत होने की बात भी सामने आई है.

Advertisement

सालगिरह के दिन भी रची गई थी कथित साजिश

पुलिस के अनुसार, 27 जून को शादी की सालगिरह पर अतुल ने पत्नी के साथ समय बिताया. लेकिन जांच में आरोप है कि इसी दिन तुषार के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की योजना भी बनाई गई. पुलिस का दावा है कि पहले सड़क हादसे में हत्या की योजना बनाई गई. आरोप है कि एक ड्राइवर को पैसे का लालच देकर अतुल की कार से टक्कर कराई गई, लेकिन हेलमेट पहनने के कारण वह बच गया. इसके बाद कथित तौर पर हत्या का तरीका बदल दिया गया.

फिर पहुंची जांच सांप तक

पुलिस के अनुसार, पहली कोशिश नाकाम होने के बाद नई योजना बनाई गई. जांच में आरोप है कि तुषार ने दो सपेरों के जरिए जहरीला सांप मंगाया. पुलिस को उसके मोबाइल से सांप की तस्वीर भी मिली है. इसी आधार पर पूछताछ आगे बढ़ी. पुलिस का दावा है कि घटना वाली रात अतुल को दूध में नींद की गोलियां दी गईं. गहरी नींद आने के बाद कमरे में सांप छोड़ा गया, जिसने अतुल को डस लिया. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अतुल के नाम करीब 20 लाख रुपये का बीमा था. एसएसपी अविनाश पांडे के अनुसार, जांच में प्रेम संबंध और बीमा राशि दोनों पहलुओं की जांच की गई. पुलिस का दावा है कि इन्हीं तथ्यों के आधार पर पूरे षड्यंत्र का खुलासा हुआ. एसएसपी के मुताबिक शुरुआत में मामला सामान्य सांप के काटने का लग रहा था. लेकिन घटनास्थल पर मिले हालात और सांप के व्यवहार ने पुलिस को संदेह में डाल दिया. इसके बाद मोबाइल कॉल डिटेल, तकनीकी सर्विलांस और पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ी. पुलिस का कहना है कि इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर कथित साजिश का खुलासा हुआ.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »