ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक-1 पुलिस ने उबर कैब चालक से लूट की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुठभेड़ में दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है. मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गए. उनके कब्जे से लूटी गई स्विफ्ट डिजायर कार, मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल किए गए मोबाइल और 2 अवैध तमंचे बरामद किए गए हैं.
पुलिस टीम ने रोका तो फायरिंग कर भागने लगे लोग
पुलिस के अनुसार सोमवार को थाना ईकोटेक-1 पुलिस यमुना पुस्ता स्थित एएमआर के पीछे चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया. पुलिस का इशारा मिलते ही कार सवार बदमाशों ने वाहन से उतरकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और भागने लगे. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमन शर्मा (22 वर्ष) निवासी मूलतः भिंड (मध्य प्रदेश), वर्तमान निवासी करावल नगर, दिल्ली तथा अभिषेक सिंह (19 वर्ष) निवासी मूलतः भिंड (मध्य प्रदेश), वर्तमान निवासी भौंडसी, गुरुग्राम (हरियाणा) के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्विफ्ट डिजायर कार, लूटा हुआ एक मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन, दो अवैध तमंचे (.315 बोर), दो जिंदा कारतूस और चार खोखा कारतूस बरामद किए हैं.
आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है पुलिस
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने उबर ऐप के जरिए दिल्ली से दनकौर जाने के लिए कैब बुक की थी. यमुना एक्सप्रेसवे पर उन्होंने चालक को तमंचा दिखाकर उसकी कार और मोबाइल फोन लूट लिया था. पीड़ित चालक की शिकायत पर 26 जुलाई को थाना ईकोटेक-1 में मुकदमा दर्ज किया गया था.
पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और गोपनीय सूचना के आधार पर महज 24 घंटे के भीतर आरोपियों का पता लगाकर उन्हें मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. दोनों घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है. पुलिस उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है.
भूपेन्द्र चौधरी