मुंबई की मॉडर्न लाइफ और गांव की परंपरा के बीच उलझी शादी, प्रेग्नेंट पत्नी की हत्या के बाद पति ने भी दे दी जान

गोरखपुर में शादी के सिर्फ पांच महीने बाद एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. मुंबई में पली-बढ़ी निकहत निशा की उसके पति शादाब ने कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी और फिर खुद फांसी लगाकर जान दे दी. पुलिस जांच में रिश्तों में तनाव, बेरोजगारी, पहनावे और सोच के टकराव की बात सामने आई है. निकहत प्रेग्नेंट भी थी.

Advertisement
युवक ने की प्रेग्नेंट पत्नी की हत्या. (Photo: Screengrab) युवक ने की प्रेग्नेंट पत्नी की हत्या. (Photo: Screengrab)

गजेंद्र त्रिपाठी

  • गोरखपुर ,
  • 14 मई 2026,
  • अपडेटेड 11:06 PM IST

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. शादी के सिर्फ पांच महीने बाद एक पति ने अपनी प्रेग्नेंट पत्नी की हत्या कर दी और फिर खुद फांसी लगाकर जान दे दी. पहली नजर में मामला आत्महत्या का लग रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पूरी कहानी बदल गई. अब यह मामला हत्या और आत्महत्या का बन गया है. यह घटना गोरखपुर के बेलघाट थाना क्षेत्र के मुकारीपुर गांव की है. यहां रहने वाले 25 वर्षीय शादाब और उसकी 24 वर्षीय पत्नी निकहत निशा की लाश मंगलवार 12 मई को उनके कमरे में मिली. कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था. परिवार वालों ने काफी देर तक आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और दरवाजा तोड़ा गया.

Advertisement

दरवाजा खुलते ही अंदर का नजारा देखकर हर कोई सन्न रह गया. कमरे में शादाब का शव पंखे से लटका हुआ था, जबकि निकहत बेड पर पड़ी थी. उसके मुंह से झाग निकल रहा था. पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई. शुरुआत में मामला पति-पत्नी के आत्महत्या करने का माना जा रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने कई चौंकाने वाले खुलासे कर दिए. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि निकहत प्रेग्नेंट थी और उसकी मौत जहर से नहीं बल्कि गला दबाने से हुई थी. पुलिस के मुताबिक शादाब ने पहले पत्नी को जहर दिया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद उसने खुद फंदा लगाकर जान दे दी.

प्यार से शुरू हुई कहानी मौत के सन्नाटे में खत्म हुई

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों के रिश्ते में पिछले कुछ समय से तनाव चल रहा था. शादी को सिर्फ पांच महीने हुए थे, लेकिन छोटी-छोटी बातों पर दोनों के बीच विवाद होने लगा था. निकहत मुंबई में पली-बढ़ी थी और उसका रहन-सहन आधुनिक था. वह लोवर और टी-शर्ट पहनती थी और खुलकर जिंदगी जीने की आदी थी. वहीं शादाब गांव के माहौल और पारंपरिक सोच वाला युवक था. उसे पत्नी का पहनावा और रहन-सहन पसंद नहीं था. पुलिस को दोनों के मोबाइल फोन से कई चैट भी मिली हैं. इन चैट्स से पता चला कि निकहत अक्सर शादाब से शिकायत करती थी कि वह उसे कहीं घुमाने नहीं ले जाता और उसके लिए कुछ खरीदारी भी नहीं करता. उसने एक मैसेज में लिखा था कि वह एक घर में बंद रहने वाली लड़की नहीं है.

Advertisement

वहीं शादाब ने जवाब में लिखा था कि उनकी बिरादरी की लड़कियां इस तरह के कपड़े नहीं पहनती हैं. उसने निकहत से लोवर और टी-शर्ट छोड़कर पारंपरिक कपड़े पहनने की बात कही थी. दोनों के बीच इसी बात को लेकर अक्सर बहस होती थी. जांच में यह भी सामने आया कि शादाब बेरोजगार था. वह गांव में ही रहता था और कोई काम नहीं करता था. निकहत को यह बात पसंद नहीं थी. वह उसे काम करने के लिए कहती थी. पुलिस के मुताबिक आर्थिक स्थिति और सोच में अंतर भी दोनों के रिश्ते में तनाव की बड़ी वजह बन गया था.

प्रेग्नेंट पत्नी बेड पर मिली मृत, पति फंदे से लटका मिला

परिवार वालों के मुताबिक शादाब और निकहत की शादी बचपन में ही तय हो गई थी. निकहत रिश्ते में शादाब की बुआ की बेटी थी. दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होती रही और धीरे-धीरे प्यार भी हो गया. निकहत अपने परिवार के साथ मुंबई में रहती थी, जबकि शादाब गोरखपुर में रहता था. परिवार की सहमति से 7 नवंबर 2025 को दोनों का निकाह हुआ था.

निकाह के बाद निकहत मुंबई छोड़कर गोरखपुर आ गई थी. उसके पिता मुंबई में पेंट पॉलिश का काम करते हैं. निकहत बचपन से मुंबई के माहौल में पली-बढ़ी थी. वहीं शादाब गांव के पारंपरिक माहौल में रहने वाला युवक था. शादी के बाद दोनों की जिंदगी में यही फर्क धीरे-धीरे विवाद की वजह बनता चला गया. शादाब की मां नजीबुन निशा ने पुलिस को बताया कि घटना वाली रात दोनों उदास थे और अलग-अलग बैठे हुए थे. पूछने पर उन्होंने कुछ नहीं बताया. बाद में दोनों खाना खाकर अपने कमरे में सोने चले गए. अगले दिन सुबह जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो परिवार वालों को शक हुआ.

Advertisement

निकाह के पांच महीने बाद घर से निकली दो मौतों की खबर

एसपी साउथ दिनेश पुरी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अब साफ हो गया है कि पति ने पहले पत्नी की हत्या की और फिर खुद आत्महत्या कर ली. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. यह घटना सिर्फ एक परिवार की त्रासदी नहीं बल्कि बदलती सोच, रिश्तों में संवाद की कमी और आपसी समझ की कमी की भी एक दर्दनाक कहानी बन गई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement