Uttar Pradesh News: हापुड़ जिले के देहात थाना क्षेत्र में 3 दिन पहले श्मशान घाट से जलती चिता के साथ छेड़छाड़ करने वाले तीन आरोपियों- तांत्रिक अवधेश शर्मा, अमन त्यागी और अयान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. यह घटना लोधीपुर श्मशान घाट की है, जहां एक बीमार छात्र के अंतिम संस्कार के बाद ये आरोपी मोपेड से पहुंचे और तांत्रिक क्रिया के लिए चिता से हड्डियां और अवशेष बटोर ले गए. पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की. पूछताछ में पता चला कि आरोपी अमन अपनी एकतरफा प्रेमिका और उसके परिवार को वश में करने की सनक में तांत्रिक अवधेश शर्मा के चक्कर में पड़ गया था, जिसने उसे अचूक वशीकरण के लिए श्मशान से अवशेष लाने की सलाह दी थी.
प्यार और वशीकरण की खौफनाक सनक
आरोपी अमन त्यागी एक लड़की से एकतरफा प्यार करता था और उसे हर हाल में हासिल करना चाहता था. इसके लिए वह साधु के वेश में रहने वाले तांत्रिक अवधेश शर्मा के पास पहुंचा. तांत्रिक ने उसे झांसा दिया कि यदि वह जलती चिता से मानव खोपड़ी या अवशेष लेकर आएगा, तो वह ऐसी तांत्रिक क्रिया करेगा जिससे लड़की और उसके माता-पिता अमन के कदमों में आ जाएंगे. इसी अंधविश्वास के चलते अमन ने अपने दोस्त और तांत्रिक के साथ मिलकर इस काम को अंजाम दिया.
तांत्रिक के पास मिली 50 संदिग्ध तस्वीरें
हापुड़ देहात पुलिस ने जब आरोपियों के ठिकाने पर छापेमारी की, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारियों के भी होश उड़ गए. पुलिस को तांत्रिक के पास से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री और लगभग 50 अलग-अलग महिलाओं और पुरुषों की तस्वीरें बरामद हुई हैं. इन सभी तस्वीरों पर अलग-अलग तरह की तांत्रिक क्रियाएं की जा रही थीं. पुलिस अब उन सभी 50 लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह गिरोह अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बना चुका है.
बीमार छात्र की चिता के साथ की छेड़छाड़
जिस चिता के साथ यह छेड़छाड़ की गई, वह सोटावाली निवासी एक 16 वर्षीय छात्र शुभांशु की थी. शुभांशु लंबे समय से पेट की बीमारी से जूझ रहा था और मेरठ के अस्पताल में उसकी मौत हो गई थी. रविवार को परिजनों द्वारा अंतिम संस्कार किए जाने के तुरंत बाद आरोपी वहां पहुंच गए थे. हालांकि, इंस्पेक्टर नीरज कुमार ने स्पष्ट किया कि सिर काटकर ले जाने की बात गलत है क्योंकि शव काफी हद तक जल चुका था; आरोपी वहां से राख और कुछ हड्डियां ही बटोर पाए थे.
पुलिस की रडार पर तांत्रिक का पूरा नेटवर्क
पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि तांत्रिक अवधेश शर्मा साधु के वेश में और कितने लोगों को अपने जाल में फंसा चुका है. बरामद हुई तस्वीरों से इस गिरोह के बड़े नेटवर्क का अंदेशा जताया जा रहा है. फिलहाल, तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है और श्मशान घाट के आसपास सुरक्षा को लेकर भी चर्चा की जा रही है.
देवेंद्र कुमार शर्मा