गाजियाबाद के लोनी इलाके में प्रेम विवाह का एक मामला खूनी वारदात में बदल गया. हिंदू युवक और मुस्लिम युवती के बीच हुए प्रेम विवाह के महज एक साल बाद युवक की हत्या हो गई, जिसमें ससुराल पक्ष पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया गया है. पुलिस ने FIR दर्ज कर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है. घटना से नाराज परिजनों द्वारा इलाके में जाम भी लगाया गया. हालांकि, पुलिस ने समझा बुझाकर जाम खुलवा दिया है.
थाना टीलामोड़ में दर्ज एफआईआर के अनुसार, शिकायतकर्ता अमित कुमार ने बताया कि उनके छोटे भाई नितिन कुमार ने करीब एक साल पहले अलग समुदाय की युवती मुस्कान से प्रेम विवाह किया था. इस रिश्ते को लेकर लड़की पक्ष शुरू से ही नाराज था और इसी वजह से दोनों परिवारों के बीच तनाव बना हुआ था.
समझौते के बहाने बिछाया 'मौत का जाल'
परिजनों के मुताबिक, बीते दिनों नितिन और उसकी पत्नी के बीच कहासुनी हो गई थी, जिसके बाद पत्नी अपने मायके चली गई. 30 मार्च की शाम को ससुराल पक्ष की ओर से फोन कर दोनों के बीच सुलह कराने के लिए नितिन को बंथला क्षेत्र में बुलाया गया.
आरोप है कि बातचीत के बहाने नितिन को गाड़ी में बैठाकर आगे ले जाया गया. रास्ते में शक होने पर जब वे लोग गाड़ी से उतरकर पैदल चलने लगे, तभी पीछे से एक अन्य गाड़ी आकर रुकी. FIR के अनुसार, उस गाड़ी से उतरे चार अज्ञात लोगों के साथ मुस्कान के पिता मेहरुदीन और चाचा आसिफ अली ने नितिन को घेर लिया.
पीट-पीटकर और गला दबाकर हत्या
शिकायत में कहा गया है कि आरोपितों ने नितिन को पकड़कर कहा, ''आज इसका खेल खत्म कर देते हैं.'' इसके बाद उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई. आरोप है कि गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई, जबकि शिकायतकर्ता किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भाग निकला.
वही पुलिस के अनुसार बीती रात में भनेड़ा पुलिया के पास एक युवक के अचेत पड़े होने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल भिजवाया. बाद में जीटीबी अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने मामले में परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया है. एफआईआर में मेहरुदीन और आसिफ अली को नामजद किया गया है, जबकि चार अन्य अज्ञात आरोपी भी शामिल हैं.
परिजनों का गुस्सा
घटना से गुस्साए परिजनों ने लोनी-भोपुरा रोड पर बंथला फ्लाईओवर के पास शव रखकर जाम लगा दिया. परिजनों ने सभी आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की. मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया और कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद जाम खोला गया.
करीब आधे घंटे तक लगे जाम से सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई. शव हटने के बाद करीब एक घंटे में यातायात सामान्य हो सका.
पुलिस का बयान
इस मामले में शालीमार गार्डन एसीपी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.
मयंक गौड़