गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक लाख रुपये का इनामी अपराधी जीशान मारा गया. एडीसीपी क्राइम पीयूष सिंह के नेतृत्व में स्वाट टीम और लोनी पुलिस ने चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने की कोशिश की, जिस पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में जीशान को गोली लगी और अस्पताल में उसकी मौत हो गई. जीशान ने अपने साथियों के साथ मिलकर 26 फरवरी 2026 को यूट्यूबर सलीम वास्तविक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया था, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था.
मुखबिर की सूचना पर बिछाया गया जाल
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जीशान अपने साथी के साथ क्षेत्र में दोबारा किसी वारदात को अंजाम देने आने वाला है. इस जानकारी के बाद पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर सर्च ऑपरेशन चलाया. एक संदिग्ध बाइक को आता देख जब पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया, तो बदमाशों ने भागने का प्रयास किया. इसी दौरान उनकी बाइक फिसल गई और उन्होंने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं.
यह भी पढ़ें: यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार, धर्म के खिलाफ बोलने पर बने निशाना?
बरामद हुए हथियार और फरार साथी की तलाश
मुठभेड़ के बाद पुलिस को मौके से एक इटली निर्मित पिस्टल, 14 कारतूस, एक बाइक और सलीम वास्तविक पर हमले में इस्तेमाल किया गया पेपर कटर बरामद हुआ है. पुलिस कमिश्नर जे रविंदर गौड़ के अनुसार, जीशान का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. वर्तमान में मृतक जीशान गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में अस्थाई रूप से रह रहा था.
घायल सलीम वास्तविक का चल रहा है इलाज
बीती 26 फरवरी को अली गार्डन स्थित कार्यालय में हुए हमले के बाद सलीम वास्तविक को पहले दिल्ली के जीटीबी अस्पताल ले जाया गया था. उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अब दिल्ली के साकेत स्थित मैक्स हॉस्पिटल (Max Hospital) में उनका उपचार जारी है. इस मामले में पुलिस ने पहले ही बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया था और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जीशान की पहचान सुनिश्चित की थी.
मयंक गौड़