गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. यहां एक युवक ने कथित तौर पर घर में घुसकर दो बहनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया.
जानकारी के अनुसार, यह वारदात आदर्श नगर स्थित वाल्मीकि चौक इलाके में सोमवार शाम करीब 4:30 बजे हुई. फायरिंग में खुशी (20) और उसकी छोटी बहन निधि (18) गंभीर रूप से घायल हो गईं. दोनों को तुरंत उपचार के लिए दिल्ली के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
खुशी और आरोपी के बीच शादी तय हुई थी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान पुराना बस अड्डा बारादरी निवासी जॉनी के रूप में हुई है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बड़ी बहन खुशी और आरोपी के बीच पहले शादी का रिश्ता तय हुआ था, लेकिन करीब चार महीने पहले यह रिश्ता टूट गया था. इसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है.
आधे घंटे तक गली में घूमता रहा सनकी
स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी घटना से पहले करीब आधे घंटे तक गली में घूमता रहा. इसके बाद वह घर की ऊपरी मंजिल तक पहुंच गया. जब बहनों ने उसके हाथ में हथियार देखा तो दोनों ने खुद को कमरे में बंद कर लिया. आरोप है कि जॉनी ने कमरे का शीशा तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की और फिर दोनों बहनों पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं.
गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं. अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल दोनों बहनों की हालत गंभीर बताई जा रही है और पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
मयंक गौड़