उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां रामगढ़ थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म करने के आरोपी मस्जिद के मौलाना ज़ाकिर को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. बुधवार तड़के हुई इस मुठभेड़ में आरोपी मौलाना पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं.
मदरसे में पानी लेने गई थी किशोरी
जानकारी के अनुसार, रामगढ़ क्षेत्र की रहने वाली एक 14 वर्षीय किशोरी स्थानीय जन्नती मस्जिद के मदरसे में उर्दू पढ़ने जाती थी. बीते रविवार (7 जून) की दोपहर वह मस्जिद में लगी आरओ मशीन से ठंडा पानी लेने गई थी. आरोप है कि मस्जिद के मौलाना जाकिर हाफिज ने उसे अकेला पाकर जबरन दबोच लिया और मुंह दबाकर अपने कमरे में ले गया, जहां उसने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया.
किशोरी द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी इमाम ने उसके साथ जमकर मारपीट की और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया. पीड़िता के चीखने-पुकारने पर आसपास के लोग और पीड़िता के परिजन मौके पर एकत्र हो गए.
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पीड़िता को थाने ले आई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए. पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी इमाम जाकिर हाफिज के खिलाफ संबंधित धाराओं और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी.
सुबह तड़के हुई मुठभेड़
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी घटना के बाद से ही गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था. बुधवार की सुबह पुलिस की एक टीम क्षेत्र में चेकिंग और आरोपी की तलाश में जुटी थी, तभी अचानक पुलिस का सामना आरोपी इमाम से हो गया.
फिरोजाबाद के अपर पुलिस अधीक्षक रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि पुलिस को देखते ही आरोपी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय उन पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी इमाम के पैर में लगी और वह वहीं गिर पड़ा. पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
सुधीर शर्मा